Home Blog

फांसी के फंदे पर लटके युवक की समय रहते बचाई जान

0

फांसी के फंदे पर लटके युवक की समय रहते बचाई जान
भोपाल, मध्यप्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा ने एक बार फिर अपनी तत्परता, संवेदनशीलता एवं मानव जीवन की रक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए फांसी के फंदे पर लटके एक युवक की समय रहते जान बचाई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई एवं समय पर उपलब्ध कराई गई चिकित्सकीय सहायता से युवक का जीवन सुरक्षित हो सका।

11 जुलाई को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112, भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि अमरपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत निवासी सोनू श्रीवास्तव ने अपने घर के अंदर फांसी लगा ली है तथा दरवाजा नहीं खोल रहे हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल संबंधित क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

मौके पर पहुँचकर डायल-112 स्टाफ आरक्षक अनूप सिंह गुर्जर एवं उनकी टीम ने स्थिति का तत्काल आकलन किया। युवक के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। समय की गंभीरता को देखते हुए डायल-112 जवानों ने बिना विलंब दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहाँ युवक फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला।

डायल-112 टीम ने अदम्य साहस, सूझबूझ एवं त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए तत्काल युवक को फंदे से नीचे उतारा, प्राथमिक सहायता प्रदान की तथा एफआरव्ही वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बरही पहुँचाया, जहाँ तत्काल उपचार प्रारंभ किया गया। समय पर पुलिस की कार्रवाई एवं चिकित्सकीय सहायता मिलने से युवक की जान बच गई। डायल-112 जवानों की त्वरित, साहसिक एवं संवेदनशील कार्यवाही से एक व्यक्ति का जीवन सुरक्षित बचाया जा सका।
डायल-112 हीरोज श्रृंखला के अंतर्गत यह घटना दर्शाती है कि मध्यप्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा आपात परिस्थितियों में न केवल त्वरित सहायता प्रदान करती है, बल्कि संवेदनशील मामलों में मानवीय दृष्टिकोण के साथ जीवन की रक्षा हेतु सदैव सजग, संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है।

आषाढ़ अमावस्या के दिन करें उपाय, पितृ दोष होंगे दूर और पूर्वज होंगे प्रसन्न

0

आषाढ़ अमावस्या के दिन करें उपाय, पितृ दोष होंगे दूर और पूर्वज होंगे प्रसन्न
हिंदू धर्म में किसी भी अमावस्या को बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है और पूरे साल में 12 अमावस्या तिथियां पड़ती हैं। सभी तिथियों में से आषाढ़ अमावस्या को विशेष माना जाता है।

इस अमावस्या तिथि को पूर्वजों के निमित्त तर्पण करने के लिए भी अत्यंत शुभ माना जाता है और यदि किसी व्यक्ति के घर में पितृ दोष है तो यह दिन ऐसे दोष दूर करने के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है।

इंग्लैंड को रौंदकर भारतीय महिला टीम ने बदला 142 साल का इतिहास

0

इंग्लैंड को रौंदकर भारतीय महिला टीम ने बदला 142 साल का इतिहास
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को लॉर्ड्स में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में बुरी तरह से हराया। इसी के साथ टीम इंडिया ने ऐसा कारनामा किया, जो 142 सालों में कभी नहीं हुआ था। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत ने इंग्लिश टीम को उन्हीं के घर में धूल चटाया। मेजबान टीम अपने घर में ही भारतीय गेंदबाजों के सामने बेबस नजर आई।

भारतीय महिला टीम ने इसी जीत के साथ दौरे को कुछ अच्छी यादों के साथ समाप्त किया। इससे पहले टीम इंडिया को इसी मैदान पर महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। उस हार के साथ भारत का टी20 विश्व कप का अभियान समाप्त हो गया था। अब कौर की कप्तानी वाली टीम ने मुकाबला जीतकर इतिहास रच दिया है।

भारतीय टीम ने जीत के साथ रचा इतिहास
लॉर्ड्स में पहला पुरुष टेस्ट मैच होने और 150 मैचों के बाद भारतीय महिला टीम ने पहले मैच में 142 सालों में खेल के सभी पहलुओं पर अपना दददबा बनाया है। यही नहीं महिला क्रिकेट के इतिहास में इंग्लैंड की टीम अपने घर पर अब तक कोई भी टेस्ट मैच नहीं जीत सकी है। टेस्ट क्रिकेट में भारतीय महिला टीम का दबदबा साफ दिखता है। भारत के खिलाफ इंग्लैंड की टीम ने 1995 में आखिरी बार कोई टेस्ट मैच जीता था। यानी इंग्लिश टीम 31 साल से भारत के खिलाफ कोई टेस्ट मैच नहीं जीत सकी है।

भारत और इंग्लैंड महिला के बीच अब तक कुल 16 टेस्ट मैच खेले गए हैं, जिसमें भारत ने 4 मैच जीते हैं, जबकि इंग्लैंड की टीम मात्र एक मुकाबला जीत सकी है। इस दौरान 11 मुकाबलों का कोई नतीजा नहीं निकला है।
भारत की एकतरफा जीत

क्रांति गौड़ के 7 विकेट और यास्तिका भाटिया के शतक के दम पर टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 270 रनों से पटखनी दी। इसी के साथ भारत ने अपने महिला टेस्ट इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। टीम इंडिया ने टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी जीत 2023 में इंग्लैंड के खिलाफ डीवाई पाटिल स्टेडियम में दर्ज की थी। उस मुकाबले में भारत ने 347 रनों से जीत हासिल की थी, जो महिला टेस्ट इतिहास की भी सबसे बड़ी जीत है।

बुद्धिमत्ता के बलबूते विश्व में पहचान बना सकते हैं युवा: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

0

बुद्धिमत्ता के बलबूते विश्व में पहचान बना सकते हैं युवा: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हमारे युवा अपनी योग्यता और बुद्धिमत्ता के बलबूते प्रदेश और देश ही नहीं पूरे विश्व में पहचान बना सकते हैं। जिस तरह एक सामान्य परिवार से आए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज सम्पूर्ण संसार में राष्ट्र का सम्मान बढ़ाने का कार्य किया है, यह एक अनोखा उदाहरण है जो विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन सकता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कोरोना काल में वैक्सीन के माध्यम से भारतवासियों ही नहीं अन्य राष्ट्रों के नागरिकों का जीवन बचाने का कार्य भी किया गया। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर व्यवस्था का लाभ करोड़ों नागरिकों को दिलवाया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को रवींद्र भवन, भोपाल के हंसध्वनि सभागार में नवप्रयाग सांस्कृतिक एवं सामाजिक विकास समिति, भोपाल द्वारा दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की प्रतिभाओं के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान के निर्देशक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह, डॉ. मिनी मेहरा, कार्यक्रम के संयोजक श्रीमती आरती अनेजा उपस्थित रही।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी सम्मनित हो रहे विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभाओं को बधाई देते हुए कहा कि भिन्न-भिन्न क्षेत्र की प्रतिभाएं परिश्रम की पराकाष्ठा, अपने संस्कार अपनी युक्ति और बुद्धि से, समय का सदुपयोग करते हुए राष्ट्र निर्माण के महासंकल्प को पूरा करने का प्रयास करती हैं। ये प्रतिभाएं सम्मानित होकर स्वयं का नया परिचय भी प्राप्त करती हैं। भोपाल की सु चांदनी विश्वकर्मा ने कक्षा 12वीं में प्रावीण सूची में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नेता जी सुभाष चन्द्र बोस द्वारा देश को स्वतंत्रता मिलने के पूर्व भारतीय सिविल सेवा की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद भी राष्ट्र के स्वाभिमान के लिए नौकरी करने के स्थान पर स्वतंत्रता प्राप्ति के उद्देश्य से प्राणोत्सर्ग करना बेहतर समझा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नवप्रयास समिति का यह कार्यक्रम सराहनीय है।

विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व और प्रेरणा से शिक्षा के साथ-साथ हर क्षेत्र में इस क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थी निकल रहे हैं। लगातार तीन वर्ष से यह सम्मान प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। पहले वर्ष 350 दूसरे वर्ष 480 और इस वर्ष 591 प्रतिभाओं का सम्मान किया जा रहा है। 10वीं और 12 वीं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक और ग्रेजुएट और पोस्टग्रजुएट में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की प्रतिभाओं का सम्मान किया जा रहा है। यह सम्मान खेल, कला, साहित्य और शिक्षा क्षेत्र में भागीदारी कर विशिष्ट उपलब्धि प्राप्त करने वाली प्रतिभा दिया जाता है। इस वर्ष डॉ. वीणा सिन्हा, प्रीति खरे, ब्रजेश राजपूत और संजय मेहता को साहित्य सृजन, पत्रकारिता और अभिनय के क्षेत्र में सम्मानित किया गया है। खेल क्षेत्र से वाटर स्पोर्ट्स में आस्था मीणा सहित अन्य प्रतिभाओं सृष्टि गुप्ता, श्रेया मिश्रा, शिवान सिंह सिसौदिया को भी सम्मानित किया गया। शैलेंद्र निगम ने कार्यक्रम का संचालन किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक बहनों के खातों में अंतरित किये 1835 करोड़ रुपए

0

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक बहनों के खातों में अंतरित किये 1835 करोड़ रुपए
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि महिलाएं परिवार की रीढ़ और इज्जत होती हैं। सनातन संस्कृति में महिलाओं को देवी के रूप में पूजा जाता है। महिलाओं के अधिकार और सशक्तिकरण के लिये प्रदेश सरकार हर संभव प्रयास कर रही है, जो निरंतर जारी रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बहनों को सशक्त बनाना अपनी पहली प्राथमिकता मानते हैं। वे चाहते हैं कि ग्राम पंचायत से लेकर संसद तक महिलाएं प्रमुख भूमिका में रहें। महिला कल्याण और सशक्तिकरण की यही नीति मध्यप्रदेश सरकार की भी है। प्रदेश की लाड़ली बहना योजना महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में क्रांतिकारी साबित हो रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को भिंड जिले के लहार में लाड़ली बहना योजना के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक लाड़ली बहनों को लाड़ली बहना योजना की 38वीं किश्त के रूप में 1835 करोड़ रुपए से अधिक की प्रोत्साहन राशि अंतरित कर संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भिंड जिले को 322 करोड़ लागत के 56 विकास कार्यों की सौगात दी। इसमें 4 सांदीपनि विद्यालयों के नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण भी शामिल है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लहार में विद्यार्थियों के लिए महाविद्यालय स्तर पर पीजी कक्षाओं की सुविधा में वृद्धि करने की घोषणा भी की।

बहनों, बेटियों के विकास के साथ सभी नागरिकों के कल्याण के हो रहे कार्य
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कामकाजी महिलाओं की समृद्धि, सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार सभी आवश्यक प्रयास कर रही है। बहनों और बेटियों के साथ युवाओं, किसानों और गरीबों के कल्याण के प्रयास किए जा रहे हैं। युवाओं को इतना सक्षम बनाया जाएगा कि वे नौकरी पाने में नहीं, बल्कि नौकरी प्रदान करने में सक्षम बनें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कतिपय लोग महिला कल्याण कार्यक्रमों का विरोध करते हैं। ऐसे लोगों ने स्वयं तो कभी भी लाड़ली बहना जैसी कारगर योजना प्रारंभ नहीं की, अब वे निंदा के अलावा कुछ नहीं करते। यह सर्वविदित है कि लाड़ली बहना योजना में बहनों को दी जा रही राशि परिवार में खुशियां लाने का माध्यम बनी हैं। हमारी बहनें लक्ष्मी, सरस्वती और जगदम्बा का स्वरूप हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत का मान-सम्मान बढ़ रहा है। देश का इतिहास बदल रहा है। अब महिला आरक्षण की पहल से इतिहास का नया अध्याय प्रारंभ होगा। कतिपय लोगों ने महिला आरक्षण के प्रावधान में बाधा बनने का कार्य किया है, लेकिन अंतत: बहनों को सशक्त बनाने के प्रयास सफलता प्राप्त करेंगे।

राज्य में सुगम परिवहन सेवा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शीघ्र ही राज्य में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा भी प्रारंभ की जा रही है। कई वर्ष से हमारी बहनों और बेटियों के साथ सभी नागरिकों को ऐसी सेवा की आवश्यकता थी। राज्य शासन द्वारा इस दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।

ग्वालियर और चंबल अंचल के विकास में नए आयाम
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भिंड जिले में विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। भिण्ड का जवान सीमा की रक्षा करता है और किसान खेती से अपनी पहचान बनाता है। इस अंचल का संबंध महाभारत से जोड़ा जाता है। लहार नामकरण यहां लाक्षागृह के होने से हुआ, ऐसी मान्यता है। इस अंचल पर हनुमान जी की भी विशेष कृपा है। भिंड जिले के साहसी जवान भारतीय सेना में बड़ी संख्या में शामिल हैं। भिंड के बीहड़ कभी दस्यु समस्या के कारण जाने जाते थे, अब यह क्षेत्र विकास की ओर अग्रसर है। शिवपुरी जिले में हाल ही में सैन्य क्षेत्र में उपयोगी लंबी दूरी तक तेज मार करने वाली अत्याधुनिक मिसाइल की इकाई प्रारंभ करने की पहल हुई है। चंबल, ग्वालियर क्षेत्र में समग्र प्रगति के प्रयास हो रहे हैं। यहां विकास को नए आयाम मिलेंगे।

सांदीपनि विद्यालयों से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ मिल रहे हैं संस्कार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भिंड जिले के जिन विकास कार्यों की शुरूआत हो रही है, उनमें 4 सांदीपनि विद्यालों की सौगात भी शामिल है। इतिहास गवाह है कि भगवान कृष्ण और सुदामा की मैत्री का उदाहरण सांदीपनि आश्रम था, अत: राज्य शासन ने सांदीपनि विद्यालय का नाम देकर विद्यार्थियों को समानता के महत्व से भी अवगत करवाया है। सर्वसुविधा युक्त सांदीपनि विद्यालय शिक्षा के साथ संस्कार देने का कार्य भी कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दंदरौआ सरकार धाम में की पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भिण्ड जिले के प्रवास के दौरान मेहगांव तहसील स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल दंदरौआ सरकार धाम पहुंचकर दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दंदरौआ सरकार धाम की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे आस्था के केंद्र समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। मुख्यमंत्री ने मंदिर के महंत 1008 रामदास जी महाराज से भेंट भी की एवं मंदिर परिसर का भ्रमण किया।

श्रीमद्भागवत कथा समाज को संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का सशक्त माध्यम : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

0

श्रीमद्भागवत कथा समाज को संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का सशक्त माध्यम : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने व्यास पीठ पर विराजमान देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज द्वारा वाचन की जा रही श्रीमद्भागवत कथा का श्रद्धापूर्वक श्रवण किया तथा श्रीमद्भागवत जी का विधि-विधान एवं भक्तिभाव के साथ आरती-वंदन किया।

मुख्यमंत्री साय ने व्यास पीठ पर विराजमान कथा व्यास देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए आशीर्वाद ग्रहण किया। उन्होंने श्रीमद्भागवत कथा के अंतर्गत भगवद्नाम के महत्व पर आधारित प्रसंग का एकाग्र भाव से श्रवण किया तथा कहा कि आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति के संरक्षण में ऐसी धार्मिक कथाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध प्रदेश है। यह प्रभु राम का ननिहाल तथा माता कौशल्या का मायका है। भगवान श्रीराम ने अपने वनवास का अधिकांश समय छत्तीसगढ़ की पावन धरती पर व्यतीत किया, जिसके कारण राज्य की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान और अधिक गौरवशाली बनती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवरीनारायण माता शबरी की तपोभूमि है, जहां प्रभु श्रीराम और माता शबरी के दिव्य मिलन की स्मृतियां आज भी श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करती हैं। उन्होंने कहा कि राजिम स्थित पवित्र त्रिवेणी संगम पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला राजिम कुंभ देश के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल है। इस भव्य आयोजन में देशभर से साधु-संतों, श्रद्धालुओं और धर्माचार्यों का आगमन होता है, जिससे छत्तीसगढ़ की आध्यात्मिक परंपरा और सांस्कृतिक वैभव को नई पहचान मिलती है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए विभिन्न धार्मिक योजनाओं का प्रभावी संचालन कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रभु रामलला दर्शन योजना के माध्यम से छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं को अयोध्याधाम के दर्शन कराए जा रहे हैं। अब तक लगभग 50 हजार से अधिक श्रद्धालु भगवान श्रीरामलला के दर्शन का पुण्य लाभ प्राप्त कर चुके हैं। इसी प्रकार मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेश के बुजुर्ग देश के विभिन्न प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठों के संरक्षण, संवर्धन और समग्र विकास के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सामाजिक समरसता, धार्मिक स्वतंत्रता और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में धर्म स्वातंत्र्य कानून लागू किया गया है। इस कानून में देश के विभिन्न राज्यों की तुलना में अधिक कठोर प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन सख्त प्रावधानों से अवैध धर्मांतरण की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गौ माता के संरक्षण और संवर्धन के लिए राज्य सरकार द्वारा गौधाम योजना लागू की गई है। इस योजना के अंतर्गत गौधामों में गौवंश के लिए चारा, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण भारतीय संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था दोनों के लिए महत्वपूर्ण है तथा राज्य सरकार इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा जैसे आध्यात्मिक आयोजन समाज में नैतिक मूल्यों, सद्भाव, सेवा, करुणा और लोककल्याण की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और मंगल की कामना करते हुए सभी से भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों के संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीवलोचन महाराज, पवन साय, नंदन जैन, योगेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भक्तजन उपस्थित थे।

छत्तीसगढ़ में जनजातीय विकास को मिल रही अभूतपूर्व गति : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

0

छत्तीसगढ़ में जनजातीय विकास को मिल रही अभूतपूर्व गति : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास के जनदर्शन हॉल में आयोजित भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के छत्तीसगढ़ राज्य बोर्ड के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और छत्तीसगढ़ में जनजातीय विकास को अभूतपूर्व गति मिली है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संघ का नवगठित राज्य बोर्ड आदिवासी समाज के उत्थान, उनके अधिकारों की रक्षा तथा सामाजिक विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।कार्यक्रम में भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के अध्यक्ष प्रकाश कुमार उइके, श्रीमती कौशल्या साय, राजेश मालवीय, कुंवर जितेंद्र नरसिंह राणा सहित संघ के सदस्यगण एवं विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ जनजातीय बहुल राज्य है, जहां विशेष पिछड़ी जनजातियों सहित अनेक जनजातीय समुदाय अपनी समृद्ध परंपराओं, संस्कृति और जीवन मूल्यों के साथ निवास करते हैं। ऐसे राज्य में भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के छत्तीसगढ़ राज्य बोर्ड का गठन अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि संघ का इतिहास गौरवपूर्ण रहा है और यह संस्था लंबे समय से देशभर में आदिवासी समाज के कल्याण एवं उत्थान के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय आदिम जाति सेवक संघ की ऐतिहासिक भूमिका का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद इसके प्रथम अध्यक्ष रहे, जबकि पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई ने भी इस प्रतिष्ठित संस्था का नेतृत्व किया। उन्होंने नवनियुक्त राज्य बोर्ड के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए देश के विभिन्न राज्यों से आए संघ के पदाधिकारियों का छत्तीसगढ़ की पावन धरती पर आत्मीय स्वागत किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। आज बस्तर क्षेत्र विकास के नए युग में प्रवेश कर चुका है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, संचार और अन्य मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। पर्यटन के क्षेत्र में भी बस्तर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है। यहां की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और परंपराओं को जानने-समझने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं तथा स्थानीय होमस्टे में ठहरकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बना रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत चार दशकों में बस्तर के अनेक क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से वंचित रहे और लगभग 400 गांवों का विधिवत सर्वेक्षण तक नहीं हो पाया था। वर्तमान सरकार ने इन गांवों का सर्वे कर विकास कार्यों को गति दी है। उन्होंने बताया कि नियद नेल्लानार योजना के अंतर्गत 500 से अधिक गांवों तक सड़क, पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई गई हैं। इन क्षेत्रों में लोगों के राशन कार्ड बनाए जा रहे हैं, नई उचित मूल्य की दुकानों का संचालन प्रारंभ हुआ है तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी तेजी से लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर योजना के अंतर्गत घर-घर जाकर स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है, ताकि दूरस्थ अंचलों में रहने वाले लोगों को समय पर उपचार और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इसके साथ ही बस्तर मुन्ने कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है, जिसका अर्थ है ‘अग्रणी बस्तर’। इस पहल के माध्यम से सुदूर वनांचलों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंचाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और जीवन मूल्यों का संरक्षण करते हुए उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आजीविका और आर्थिक अवसरों से जोड़ना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय आदिम जाति सेवक संघ का छत्तीसगढ़ राज्य बोर्ड समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ते हुए जनजातीय विकास के प्रयासों को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगा।

अमेरिकी हमलों से दहला ईरान, बंदर अब्बास और सिरिक में जोरदार धमाके

0

अमेरिकी हमलों से दहला ईरान, बंदर अब्बास और सिरिक में जोरदार धमाके
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के बलों ने पिछले एक घंटे के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले कमर्शियल जहाजों पर गोलीबारी की है। इस घटना के बाद इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग पर तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है, सीएनएन ने अमेरिकी सेना के हवाले से इसकी पुष्टि की है।

रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी विमानों ने ईरान की एक क्रूज मिसाइल और एक वन-वे अटैक ड्रोन को सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर हवा में ही मार गिराया। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब इस रणनीतिक जलमार्ग को लेकर वाशिंगटन और तेहरान के बीच तनातनी बढ़ गई है और दोनों देश समुद्री यातायात पर हो रहे हमलों के लिए एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।

अमेरिकी सेना का नया हमला
जलडमरूमध्य की स्थिति और नियंत्रण को लेकर अमेरिका और ईरान दोनों ने परस्पर विरोधी बयान जारी किए हैं, जो इस बढ़ते तनाव के केंद्र में है। इस बीच, ईरान के सरकारी टेलीविजन ने दक्षिणी ईरान के बंदर अब्बास, सिरिक, केश्म और जास्क के पास कई विस्फोटों की सूचना दी है।

दूसरी ओर, अमेरिकी सेना ने पुष्टि की है कि उसने ईरान के खिलाफ हमलों की एक नई लहर शुरू कर दी है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बयान जारी कर कहा कि इन हमलों का मुख्य उद्देश्य होर्मुज जलडमरूमध्य में नागरिक और वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाने की तेहरान की सैन्य क्षमता को और अधिक कमजोर करना है।

ओमान ने ईरानी राजदूत को तलब किया
अपने क्षेत्र में ड्रोन हमलों की सूचना मिलने के बाद, ओमान ने कड़ा रुख अपनाते हुए ईरान के राजदूत को तलब किया और औपचारिक रूप से अपना विरोध दर्ज कराया। ओमान का यह दुर्लभ कूटनीतिक कदम मस्कट में ईरान के विदेश मंत्री के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन और सुरक्षा को लेकर हुई बातचीत के महज कुछ ही घंटों बाद उठाया गया।

ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि शनिवार को मस्कट में हुई वार्ता मुख्य रूप से होर्मुज के जरिए नौवहन के प्रबंधन पर केंद्रित थी। हालांकि, ईरान का दावा है कि ओमान पर अमेरिका के भारी दबाव के कारण किसी भी समझौते पर सहमति नहीं बन सकी। तेहरान ने स्पष्ट किया कि इन चर्चाओं का उद्देश्य इस प्रमुख जलमार्ग के माध्यम से होने वाली आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए मैकेनिज्म खोजना था।
ईरान ने अमेरिका पर मढ़े गंभीर आरोप

ईरान ने अपने क्षेत्र पर अमेरिका द्वारा किए गए हालिया हमलों की कड़ी निंदा की है। ईरान का कहना है कि अमेरिकी हमलों ने महीनों से चल रहे कूटनीतिक प्रयासों को व्यर्थ कर दिया है।

उत्तर प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 182 PCS अधिकारियों के तबादले

0

उत्तर प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 182 PCS अधिकारियों के तबादले
प्रदेश सरकार ने रविवार देर रात 182 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इसमें ज्यादातर उपजिलाधिकारी पद पर कार्यरत हैं। जिन अधिकारियों के तबादले हुए हैं उनमें पुष्पेंद्र पटेल को उपजिलाधिकारी अंबेडकरनगर के पद पर तैनाती दी गई है।

कुमार संजय को रामपुर से अब उप जिलाधिकारी जालौन, ध्रुव शुक्ला को उपजिलाधिकारी मैनपुरी से उपजिलाधिकारी गाजीपुर, अभय कुमार सिंह को उपजिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर से विशेष कार्याधिकारी राजस्व परिषद लखनऊ के पद पर भेजा गया है।

इंदौर में 15.70 लाख की एमडी ड्रग्स जब्त, आगर मालवा का तस्कर गिरफ्तार

0

इंदौर में 15.70 लाख की एमडी ड्रग्स जब्त, आगर मालवा का तस्कर गिरफ्तार
इंदौर पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगर मालवा निवासी दानिश कुरैशी को लाखों रुपये की एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है।

कनाड़िया थाना प्रभारी सहर्ष यादव ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने पहले साजिद कुरैशी निवासी इल्यास कॉलोनी और इसराइल पटेल निवासी न्यू हिना पैलेस कॉलोनी को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से 5.60 ग्राम एमडी ड्रग्स और कार (MP 09 ZG 3434) बरामद की गई थी।

दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि यह मादक पदार्थ आगर मालवा निवासी दानिश कुरैशी से लाया गया था। इसके बाद पुलिस ने दानिश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 42.18 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की।