Home Blog Page 73

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी कृषि एवं विकास योजनाओं की सौगात

0

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी कृषि एवं विकास योजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगोरिया केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि प्रकृति के साथ आनंद में झूमने का पर्व है। पर्व में महिला और पुरुष समान रूप से कदम से कदम मिलाकर नृत्य करते हैं और पारंपरिक वेशभूषा में लोक संस्कृति की अद्भुत छटा बिखेरते हैं। ताड़ी जैसे पारंपरिक पेय का आनंद भी इस उत्सव का हिस्सा है। जनजातीय संस्कृति की अपनी विशिष्ट पहचान और महत्व है। इसी परंपरा को संरक्षित करने के लिये राज्य सरकार ने इस पर्व को राजकीय पर्व का दर्जा देकर इसकी गरिमा को और बढ़ाया गया है। यह बातें मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बड़वानी जिले के जुलवानिया में भगोरिया उत्सव में कही।

बड़वानी के जुलवानिया में भगोरिया हाट में उस समय उल्लास और उमंग का अनूठा दृश्य देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री डॉ. यादव जनजातीय बंधुओं के भगोरिया उत्सव में शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के आगमन से पूरा हाट परिसर उत्साह, रंग और पारंपरिक उल्लास से सराबोर हो गया। जनजातीय संस्कृति की जीवंत छटा से सजे इस पारंपरिक पर्व में मांदल की गूंजती थाप, पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित नर्तक-नर्तकियों की मनमोहक प्रस्तुतियां तथा गुलाल से रंगीन वातावरण ने भगोरिया को और भी आकर्षक बना दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनजातीय कलाकारों के साथ मांदल की थाप पर कदम मिलाकर उनकी कला और परंपराओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि निमाड़ क्षेत्र अपनी सांस्कृतिक समृद्धि, उत्सवधर्मिता और जीवन के प्रति आनंदमयी दृष्टिकोण के लिए प्रसिद्ध है। यहां प्रत्येक मौसम के अनुरूप त्यौहारों की परंपरा रही है, जिससे जीवन में उल्लास और सामूहिकता बनी रहे। पूर्वजों द्वारा स्थापित यह आनंदमयी परंपरा आज भी जीवंत है। सदियों से भगोरिया पर्व इस क्षेत्र में हर्ष, उमंग और लोक जीवन की ऊर्जा का प्रतीक बना हुआ है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि निमाड़ का क्षेत्र, मां नर्मदा के आशीर्वाद से समृद्ध है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जल प्रबंधन एवं सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से सूखे खेतों तक पानी पहुंचा है और फसलें लहलहा रही हैं। यहां विविध प्रकार की फसलें, फल और सब्जियों का उत्पादन हो रहा है। प्राकृतिक खेती को भी किसान उत्साहपूर्वक अपना रहे हैं, जिसके कारण बड़वानी जिले के फल एवं सब्जियों की मांग देश-विदेश में बनी हुई है। अब लक्ष्य है कि फसल को खेत से कारखाने तक पहुंचाया जाए और फूड प्रोसेसिंग के माध्यम से किसानों के जीवन में व्यापक परिवर्तन लाया जाए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगोरिया के आनंद और बड़वानी की उन्नत कृषि को सम्मान देने के उद्देश्य से कृषि कैबिनेट का आयोजन किया गया, जिसमें किसान कल्याण वर्ष की पहली कैबिनेट में 27,500 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के निर्णय लिए गए। किसानों के हित में भावांतर भुगतान योजना में सोयाबीन पर 1,500 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की गई। लाड़ली बहनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिये 1,500 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जा रही है। किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को आर्थिक संबल प्रदान कर समान अवसर सुनिश्चित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कैबिनेट के साथ पहली बार भीलट देव के दर्शन कर मन आनंदित हुआ। निमाड़ महान संत सिंगाजी, दादा धूनिवाले जैसी विभूतियों की पावन भूमि है, जिन्होंने समरसता और सद्भाव का संदेश दिया। आपसी द्वेष और मतभेद भुलाकर प्रेम और भाईचारे के साथ होली का त्यौहार मनाने का संदेश देते हुए अग्रिम शुभकामनाएं दी गईं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बड़वानी जिले में उद्यानिकी फसलों का रकबा अधिक है। इसके विस्तार के लिये कोल्ड स्टोरेज, फूड प्रोसेसिंग इकाइयों के साथ आधुनिक सब्जी मंडी की स्थापना की जाएगी। जनजातीय बहुल क्षेत्रों के लिए पानसेमल एवं वरला माइक्रो सिंचाई उद्वहन परियोजनाओं को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इन परियोजनाओं से हजारों हैक्टेयर भूमि को स्थायी सिंचाई सुविधा मिलेगी और जनजातीय किसानों को सीधा लाभ होगा। खेतिया कृषि उपज मंडी को आदर्श मंडी के रूप में विकसित किया जाएगा। प्राकृतिक खेती के विस्तार के लिये 25 किसानों को अन्य राज्यों में प्रशिक्षण देकर मास्टर ट्रेनर के रूप में तैयार किया जाएगा। बीज उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 50 एकड़ क्षेत्र में आदर्श बीज उत्पादन केंद्र स्थापित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पलसूद बायपास एवं ओझर बायपास का निर्माण कराया जाएगा, जिससे यातायात सुगम होगा और क्षेत्रीय आवागमन को नई सुविधा मिलेगी। साथ ही एबी रोड से भंवरगढ़ स्थित खाज्या नायक स्मारक तक पहुँच मार्ग का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध हो सके। साथ ही दीवानी से जोगवाड़ा पहुँच मार्ग तक 5 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण भी कराया जाएगा। इन सभी कार्यों से क्षेत्र के विकास, व्यापारिक गतिविधियों और आमजन की सुविधा में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थिति ने भगोरिया हाट के उल्लास को और भी विशेष बना दिया, जहां परंपरा और आधुनिकता का सुंदर संगम नजर आया। जुलवानिया भगोरिया हाट में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अन्तर सिंह आर्य, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, जिले के प्रभारी मंत्री एवं कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गौतम टेटवाल, सांसद गजेन्द्र पटेल, राज्यसभा सदस्य सुमेर सिंह सोलंकी, विधायक पानसेमल श्याम बरडे अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

अमेरिका-इजरायल के हमले में खामेनेई समेत ईरान की टॉप लीडरशिप खत्म

0

अमेरिका-इजरायल के हमले में खामेनेई समेत ईरान की टॉप लीडरशिप खत्म
अमेरिका-इजरायल की ओर से ईरान पर किए गए ताबड़तोड़ हमलों में शनिवार (28 फरवरी) को उनके सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई. यही नहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की दूसरी और तीसरी लीडरशिप के भी खात्मे का दावा किया है. ट्रंप ने कहा कि यूएस-इजरायल के हवाई हमले में वह लोग भी मारे गए हैं, जिनको उनका संभावित उत्तराधिकारी के तौर पर देखा जा रहा था. जिससे अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि ईरान की अगुवाई अब कौन करेगा.

‘दूसरे-तीसरे लेवल की लीडरशिप खत्म’
अमेरिकी चैनल एबीसी से बातचीत के दौरान रविवार (1 मार्च) को ट्रंप ने कहा, ‘अमेरिका-इजरायल का ईरान पर किए गए हमले की सफलता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सत्ता संभालने वाले ज्यादातर उम्मीदवार मारे जा चुके हैं, दूसरे और तीसरे लेवल की लीडरशिप वाले भी खत्म हो चुके हैं.’ प्रमुख उम्मीदवारों के बाहर हो जाने के बाद, अब यह स्पष्ट नहीं है कि अगला नेता कौन बनेगा.

खामनेई परिवार के चार सदस्यों की मौत
खामेनेई के परिवार के चार सदस्यों की मौत का दावा किया जा रहा है, जिसमें उनकी एक बेटी और पोता भी शामिल बताए जा रहे हैं. पेंटागन ने इस ऑपरेशन को ‘एपिक फ्यूरी’ नाम दिया है और बताया है कि तीन अमेरिकी सैनिक मारे गए और पांच गंभीर रूप से घायल हुए.

अस्थायी परिषद संभाल रही सत्ता
ईरान के संविधान के मुताबिक, राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन, न्यायपालिका प्रमुख और संरक्षक परिषद के वरिष्ठ धर्मगुरु अयातुल्ला अलीरेजा अराफी वाली अस्थायी परिषद अंतरिम रूप से सर्वोच्च नेता को मिली शक्तियां संभालेगी. अराफी को अंतरिम नेता माना जा रहा है. हालांकि अब तक उन्होंने सार्वजनिक तौर पर कोई भाषण नहीं दिया है. ईरान का संविधान उन राजनीतिक गुटों पर प्रतिबंध लगाता है जो इस्लामी गणराज्य या सर्वोच्च नेता की संस्था को स्वीकार नहीं करते हैं, जिससे कोई औपचारिक विपक्ष नहीं बचता जो कोई विकल्प प्रस्तुत कर सके.

बता दें कि रजा पहलवी ने ईरान में प्रदर्शनकारियों के बीच प्रमुख चेहरे के तौर पर ध्यान खींचा है, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से उनको अभी तक कोई सार्वजनिक समर्थन मिलता हुआ नजर नहीं आया है.

उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी का BJP में होगा विलय

0

उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी का BJP में होगा विलय
राज्यसभा चुनाव से पहले RLM प्रमुख और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा दिल्ली पहुंचे. उनको दिल्ली बुलाया गया था. बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात हो सकती है. राज्यसभा उम्मीदवारी पर चर्चा हो सकती है. सूत्रों की मानें तो राष्ट्रीय लोक मोर्चा के बीजेपी में विलय पर भी चर्चा संभव है. हालांकि मर्जर की बात को लेकर राष्ट्रीय लोक मोर्चा और बीजेपी की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. फिलहाल सबकी नजर इस संभावित मुलाकात और उसके बाद आने वाले आधिकारिक बयान पर टिकी हुई है. दरअसल बिहार में राज्यसभा की पांच सीटें खाली हो रही हैं जिसमें उपेंद्र कुशवाहा की भी 1 सीट है.

उपेंद्र कुशवाहा से हुआ था वादा!
बिहार विधानसभा चुनाव में कुशवाहा की पार्टी चार सीटें जीती. उसी समय इस बात पर भी चर्चा हुई थी कि उनको राज्यसभा और विधान परिषद की भी एक सीट भी दी जाएगी. हालांकि इसका कोई औपचारिक ऐलान तब नहीं किया गया था.

कुशावाहा के बेटे दीपक बिहार में हैं मंत्री
कुशवाहा ने अपने बेटे दीपक प्रकाश को बिहार सरकार में मंत्री बनाया है जो किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं. अब तक उनको विधान परिषद में नहीं भेजा गया है.

राज्यसभा चुनाव के लिए 5 मार्च नामांकन की लास्ट डेट
अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या कुशवाहा को NDA राज्यसभा भेजेगी या BJP शर्त रखेगी की अपनी पार्टी का विलय कर दें और राज्यसभा की एक सीट ले लें और बेटे के लिए विधान परिषद की भी एक सीट ले लें. बता दें राज्यसभा चुनाव को लेकर नामांकन की अंतिम तिथि 5 मार्च है.

राज्यसभा के लिए सीटों का गणित क्या है?
बता दें कि 243 सदस्यों वाली बिहार विधानसभा में एक उम्मीदवार को जीतने के लिए 41 विधायकों का समर्थन चाहिए. अभी एनडीए के पास कुल 202 विधायक हैं. इसके आधार पर, एनडीए आसानी से चार सीटें जीत सकती है. चार सीटें जीतने के बाद भी उसके पास कुछ वोट बचे हैं, लेकिन अगर मुकाबला होता है, तो पांचवीं सीट जीतने के लिए उसे अन्य विधायकों की जरूरत पड़ेगी. विपक्षी खेमे में राष्ट्रीय जनता दल की अगुवाई वाला महागठबंधन है. महागठबंधन के पास कुल 35 विधायक हैं. इसे एक सीट पर जीत दर्ज करने के लिए अन्य विधायकों की जरूरत पड़ेगी.

ईरानी हमले के बीच 9 मार्च तक बंद रहेगा BAPS हिंदू मंदिर

0

ईरानी हमले के बीच 9 मार्च तक बंद रहेगा BAPS हिंदू मंदिर
मिडिल ईस्ट में जंग की स्थिति को देखते हुए अबू धाबी स्थित बीएपीएस मंदिर सोमवार से 9 मार्च तक विजिटर्स के लिए बंद रहेगा. बीएपीएस हिंदू मंदिर ने बयान जारी कर कहा, ‘मौजूदा स्थिति और राष्ट्रीय सुरक्षा को देखते हुए एहतियात के तौर पर अबू धाबी स्थित बीएपीएस हिंदू मंदिर सोमवार, 9 मार्च तक विजिटर्स के लिए बंद रहेगा. इस दौरान स्वामी सभी की शांति, सुरक्षा और कल्याण के लिए मंदिर में प्रार्थना करते रहेंगे.’

खाड़ी देशों में US सैन्य अड्डों को निशाना बना रहा ईरान
ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण अबू धाबी और दुबई हवाई अड्डों पर हमले हुए हैं. खामेनेई की मौत के बाद ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहा है. लगातार होते हमले से गल्फ देशों ने अपने एयर स्पेस को बंद कर दिया है. यूएई, सऊदी अरब सहित अरब दोशों ने ईरान की ओर से किए जा रहे हमले पर जवाबी कार्रवाई करने की बात कही है.

यूएई पर मिसाइल दाग रहा ईरान
संयुक्त अरब अमीरात की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार ईरानी सैन्य हमलों में मामूली रूप से घायल हुए 58 लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल हैं. अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार (1 मार्च 2026) को कहा कि उसे भारतीय नागरिक के घायल होने की जानकारी है और वह अस्पताल अधिकारियों के संपर्क में है. यूएई के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ईरान द्वारा हमले की शुरुआत से लेकर अब तक उसकी सेना ने 165 बैलिस्टिक मिसाइलों, दो क्रूज मिसाइलों और 541 ड्रोन के हमलों को झेला है.

पहले PM मोदी ने दो साल पहले किया था उद्घाटन
अबू धाबी में स्थित बीएपीएस हिंदू मंदिर 27 एकड़ (11 हेक्टेयर) जमीन पर बना है. साल 2018 में पीएम मोदी की यूएई दौरे के दौरान इसके निर्माण की घोषणा की गई थी. इसके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 फरवरी, 2024 को बीएपीएस हिंदू मंदिर का उद्घाटन किया था.

चिराग पासवान ने की शराबबंदी कानून की समीक्षा की मांग

0

चिराग पासवान ने की शराबबंदी कानून की समीक्षा की मांग
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बिहार में लागू एक दशक पुराने शराबबंदी कानून की समीक्षा की जरूरत पर जोर दिया है. उन्होंने कहा कि इसके क्रियान्वयन को प्रभावी बनाने के लिए खामियों की पहचान कर उन्हें दूर किया जाना चाहिए. रविवार को पटना में मीडिया से बातचीत में चिराग पासवान ने कहा कि यह आकलन किया जाना चाहिए कि जिस उद्देश्य से कानून लागू किया गया था, क्या वह पूरा हो रहा है या नहीं.

उन्होंने कहा, “यह समीक्षा जरूरी है कि जिन उद्देश्यों के साथ कानून बनाया गया था, वे पूरे हो रहे हैं या नहीं. यदि नहीं, तो कमियों की पहचान कर उन्हें दूर किया जाना चाहिए.” पासवान ने स्पष्ट किया कि समीक्षा की बात को शराबबंदी हटाने की वकालत के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए.

किसी भी योजना की समीक्षा की जरूरत- चिराग पासवान
उन्होंने कहा, “जब हम समीक्षा की बात करते हैं तो अक्सर यह गलतफहमी हो जाती है कि हम शराबबंदी समाप्त करने की बात कर रहे हैं. मेरा मानना है कि किसी भी योजना को समय के साथ बेहतर बनाने के लिए उसकी निरंतर समीक्षा आवश्यक है.” लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पासवान ने कहा कि वह शराब सेवन पर नियंत्रण के प्रयासों का पूरा समर्थन करते हैं क्योंकि नशे की लत परिवार और समाज दोनों के लिए घातक है.

शराब के सेवन पर रोक सामाजिक दृष्टि से उचित- चिराग
उन्होंने याद दिलाया कि जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जनता दल यूनाइटेड (जदयू) सरकार ने शराबबंदी लागू की थी, तब उनकी पार्टी ने विपक्ष में रहते हुए भी इस कदम का समर्थन किया था. उन्होंने कहा, “शराब के सेवन और निर्माण पर रोक लगाने का विचार सामाजिक दृष्टि से उचित है. हालांकि, पासवान ने जहरीली शराब के सेवन से समय-समय पर होने वाली मौतों और राज्य में शराब की कथित ‘होम डिलीवरी’ के आरोपों का उल्लेख किया.

कहीं न कहीं जहरीली शराब का निर्माण अब भी हो रहा- चिराग
उन्होंने कहा, “अक्सर जहरीली शराब से मौतों की खबरें आती रहती हैं. यदि ऐसी घटनाएं अब भी हो रही हैं, तो इसका मतलब है कि कहीं न कहीं जहरीली शराब का निर्माण हो रहा है.” पासवान ने कहा कि इन परिस्थितियों को देखते हुए कानून के क्रियान्वयन तंत्र की व्यापक समीक्षा आवश्यक है ताकि खामियों को दूर कर इसके उद्देश्य को सुनिश्चित किया जा सके.

उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान लोजपा (रामविलास) के विधायक माधव आनंद ने भी शराबबंदी नीति की समीक्षा की मांग की थी. हालांकि, जद(यू) नेताओं ने कानून पर पुनर्विचार की संभावना से इनकार किया है, जबकि भाजपा की ओर से इस मुद्दे पर अब तक मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं.

बारिश में धुला टी20 वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल तो कैसे होगा विजेता का फैसला

0

बारिश में धुला टी20 वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल तो कैसे होगा विजेता का फैसला
2026 टी20 वर्ल्ड कप की चारों टीम सामने आ चुकी हैं. भारत, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड सेमीफाइनल में जाने वाली चार टीम हैं. पहला सेमीफाइनल 4 मार्च को कोलकाता में न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाएगा. वहीं 5 मार्च को होने वाले दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड की टीम आमने-सामने होंगी, जो मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा.

प्रकृति पर किसी का बस नहीं, ऐसे में सेमीफाइनल मैचों के दौरान बारिश आ जाती है या फिर किसी अन्य कारण से मुकाबला रद्द हो जाता है, तो फाइनल में जाने वाली टीम का फैसला कैसे होगा. यहां जान लीजिए बारिश को लेकर ICC का नियम.

सेमीफाइनल में बारिश आई, तो क्या है नियम?
मान लीजिए 5 मार्च को बारिश के कारण भारत और इंग्लैंड का सेमीफाइनल मैच नहीं हो जाता है. ऐसे में रिजर्व डे का नियम लागू हो जाएगा. बता दें कि सेमीफाइनल और फाइनल मैचों के लिए रिजर्व डे रखे गए हैं. इसका मतलब 5 मार्च को भारत-इंग्लैंड मुकाबला नहीं हो पाया तो उसे 6 मार्च को करवाया जाएगा.

वहीं रिजर्व डे भी बारिश में धुल जाता है, तो फाइनल में जाने वाली टीम का फैसला कैसे होगा. रिजर्व डे पर भी कोई खेल नहीं हो पाया तो सुपर-8 में ऊंची पोजीशन पर रहने वाली टीम को फाइनल में एंट्री मिलेगी. इसका मतलब दोनों सेमीफाइनल मैचों में रिजर्व डे के दिन भी खेल नहीं हो पाया तो दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड फाइनल में पहुंच जाएंगे.

सेमीफाइनल का शेड्यूल?
2026 टी20 वर्ल्ड कप में भारत का सेमीफाइनल मैच 5 मार्च को होगा, जिसमें उसे इंग्लैंड से भिड़ना होगा. यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा.

उससे पहले 4 मार्च को पहला सेमीफाइनल मैच होगा, जिसमें दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगे. ये मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा.

पूर्व विधायक राव राजकुमार यादव के स्वास्थ्य की मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जानकारी प्राप्त की

0

पूर्व विधायक राव राजकुमार यादव के स्वास्थ्य की मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जानकारी प्राप्त की
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जवाहरलाल नेहरू कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र ईदगाह हिल्स पहुंचकर चंदेरी के पूर्व विधायक चंदेरी राव राजकुमार सिंह यादव के स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूर्व विधायक यादव के परिजन से अस्पताल में भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने राव राजकुमार सिंह जी का इलाज कर रहे डाक्टर से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कैंसर अस्पताल में उपचाररत अन्य रोगियों की कुशलक्षेम भी पूछी तथा सभी के स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण के नव पदस्थ सदस्य राजीव श्रीवास्तव ने की सौजन्य भेंट

0

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण के नव पदस्थ सदस्य राजीव श्रीवास्तव ने की सौजन्य भेंट
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण के नव पदस्थ सदस्य राजीव श्रीवास्तव ने कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर राजीव श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री को राज्य पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण की वर्तमान गतिविधियों, कार्यप्रणाली तथा भविष्य की कार्ययोजना के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने प्राधिकरण द्वारा पारदर्शिता और उत्तरदायित्व को सुदृढ़ करते हुए आमजन का विश्वास बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों से भी अवगत कराया।

होली सद्भाव, अपनत्व और गिले-शिकवे भुलाने का पर्व है : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

0

होली सद्भाव, अपनत्व और गिले-शिकवे भुलाने का पर्व है : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
इस दौरान रायपुर प्रेस क्लब के सदस्यों ने मुख्यमंत्री श्री साय का अनूठे अंदाज में मिर्ची की माला पहनाकर तथा त्रिशूलनुमा पिचकारी भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब के होली विशेषांक ‘सेंसलेस टाइम्स’ का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री साय ने बजाया नगाड़ा, रंगों के उल्लास में झूमे पत्रकार
होली मिलन समारोह में उमंग का तब अनोखा वातावरण देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वयं नगाड़ा बजाकर उत्सव का जोश दोगुना कर दिया। मुख्यमंत्री के नगाड़ा बजाते ही समारोह में उपस्थित पत्रकारों और अतिथियों ने तालियों से उत्साह व्यक्त किया और पूरे परिसर में आनंद की लहर दौड़ गई। पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की धुन पर मुख्यमंत्री भी पत्रकार साथियों के साथ फाग गीतों और होली के उल्लास में सहभागी बने। कार्यक्रम में संगीत, संस्कृति और आपसी भाईचारे का सुंदर संगम देखने को मिला।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, मुख्यमंत्री के सलाहकार आर कृष्णा दास, राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी सहित अन्य पत्रकारगण, जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

वन्य-जीव संरक्षण और संवर्धन हमारी प्राथमिकता : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

0

वन्य-जीव संरक्षण और संवर्धन हमारी प्राथमिकता : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में घड़ियाल और कछुओं का संरक्षण एवं संवर्धन किया जा रहा है। विलुप्त होते जीवों के संरक्षण के संकल्प के साथ मध्यप्रदेश सरकार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर प्रगति हो रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर शुरू हुआ चीता प्रोजेक्ट निरंतर सफलता की ओर आगे बढ़ रहा है। इससे प्रदेश में चीतों की संख्या बढ़कर 48 हो गयी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कूनो नेशनल पार्क स्थित कूनो नदी में घड़ियाल और कछुओं को रिलीज करने के बाद यह बात कही। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस वर्ष मध्यप्रदेश आने वाले सैलानियों की संख्या में भी वृद्धि हुई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कूनो नेशनल पार्क स्थित कूनो नदी में 53 घड़ियाल और 25 कछुए नदी में रिलीज किये। गेवेलियस गेंगेटिक्स नाम के छोड़े गये 53 घड़ियाल में से 28 नर एवं 25 मादा शामिल हैं। इसी प्रकार 25 कछुए थ्री स्ट्रिप्ड रूफ टर्टल प्रजाति के हैं, जिनका वैज्ञानिक नाम वाटागुरु डोगोका है।

इस अवसर पर वरिष्ठ विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, पूर्व वन मंत्री रामनिवास रावत, सहरिया विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष तुरसनपाल बरिया, उपाध्यक्ष सीताराम आदिवासी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गुड्डीबाई आदिवासी, विधायक बृजराज सिंह चौहान, प्रमुख सचिव वन संदीप यादव, कमिश्नर सुरेश कुमार, डीआईजी सचिन अतुलकर, कलेक्टर अर्पित वर्मा, संचालक राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य, डीएफओ हरीश बघेल, कूनो डीएफओ आर. थिरुकुराल और जन-प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य देवरी मुरैना की ओर से स्मृति-चिन्ह भेंट किये गये।