Home Blog Page 83

तीसरे दिन ओ रोमियो का धमाल

0

तीसरे दिन ओ रोमियो का धमाल
शाहिद कपूर की फिल्म ‘ओ रोमियो’ थिएटर में लगी है. फिल्म में तृप्ति डिमरी फीमेल लीड रोल में हैं. फिल्म को फैंस बहुत पसंद कर रहे हैं. फिल्म को क्रिटिक्स ने शानदार रिव्यूज दिए हैं. दूसरे दिन फिल्म की कमाई में ग्रोथ देखने को मिली. आइए अब जानते हैं तीसरे दिन फिल्म को कैसा रिस्पॉन्स मिल रहा है.

ओ रोमियो का तीसरे दिन का कलेक्शन
Sacnilk के मुताबिक, फिल्म ने दो दिनों में 20 करोड़ का आंकड़ा टच कर लिया है. पहले दिन फिल्म ने 8.5 करोड़ कमाए. वहीं दूसरे दिन 12.65 करोड़ का बिजनेस किया. अब तीसरे दिन फिल्म का बिजनेस ऐसा रहा है.

ओ रोमियो की तीसरे दिन की ऑक्यूपेंसी
फिल्म को तीसरे दिन मॉर्निंग शोज में 8.76 परसेंट की ऑक्यूपेंसी मिली है. दोपहर के शो में 25% ऑक्यूपेंसी के साथ फिल्म ने अच्छा कलेक्शन किया. तो वहीं शाम को 23.42% ऑक्यूपेंसी रही. रात के शोज की ऑक्यूपेंसी अभी आना बाकी है.

ओ रोमियो का ट्रेलर जब रिलीज हुआ था तो काफी चर्चा में रहा था. हालांकि, फिल्म अपनी कहानी की वजह से विवादों में भी आ गई थी. फिल्म में शाहिद कपूर हुसैन उस्तरा के रोल में दिखे हैं. ​​हुसैन उस्तारा की बेटी ने मेकर्स पर आरोप लगाए थे. उन्होंने बिना इजाजत के पिता की बायोपिक बनाने और उनकी निगेटिव इमेज दिखाने के लिए केस किया था. हालांकि, हुसैन उस्तरा की बेटी सनोबर केस साबित करने में नाकाम रहीं. केस को खारिज कर दिया गया.

बता दें कि ओ रोमियो को विशाल भारद्वाज ने डायरेक्ट किया है. फिल्म को नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट ने प्रोड्यूस किया है. फिल्म में शाहिद और तृप्ति के अलावा नाना पाटेकर, विक्रांत मैसी, दिशा पाटनी, तमन्ना भाटिया, अविनाश तिवारी और फरिदा जलाल अहम रोल में हैं. फिल्म में फरीदा जलाल ने गालियां भी दी हैं. फरीदा ने इसके बारे में बात भी की थी.

सूर्यकुमार की सेना ने कोलंबो में लगाई पाकिस्तान की ‘लंका’

0

सूर्यकुमार की सेना ने कोलंबो में लगाई पाकिस्तान की ‘लंका’
कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारतीय धुरंधर ने पाकिस्तान को 61 रनों से धो दिया और सुपर-8 का टिकट हासिल किया. ईशान के तूफानी अर्द्धशतक के दम पर भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रन बनाए थे. इसके जवाब में पाकिस्तान 114 रनों पर ऑल-आउट हुई. टीम इंडिया के लिए जसप्रीत बुमराह और हार्दिक ने 2-2 विकेट झटके. भारत ने इस जीत के साथ ही टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपने रिकॉर्ड को 8-1 कर लिया है. यह रनों के लिहाज से पाकिस्तान के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत की सबसे बड़ी जीत है.

फ्राइडे को ‘ओ रोमियो’ का चला जादू, फिकी रही ‘तू या मैं’

0

फ्राइडे को ‘ओ रोमियो’ का चला जादू, फिकी रही ‘तू या मैं’
वैलेंटाइन डे से ठीक पहले का फ्राइडे (13 फरवरी, 2026) काफी दिलचस्प रहा. जहां इस शुक्रवार को कई नई फिल्में सिनेमाघरों में दर्शकों को रिझाती नजर आईं तो कुछ हफ्ते पुरानी फिल्में भी बॉक्स ऑफिस पर कमाई के लिए दौड़ती दिखीं. बता दें कि लेटेस्ट रिलीज़ में, ओ रोमियो ने तू या मैं के मुकाबले बेहतर ओपनिंग की है, जबकि मर्दानी 3 और बॉर्डर 2 की कमाई में काफी गिरावट देखी गई है. चलिए यहां जानते हैं फ्राइडे की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट कैसी है?

तू या मैं ने फ्राइडे को कितना किया कलेक्शन?
शनाया कपूर और आदर्श गौरव स्टारर तू या मैं को रिलीज के पहले दिन दर्शकों से ठंडा रिस्प़ॉन्स मिल है. इसी के साथ इस फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत हुई है. सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक इस नई फिल्म ने रिलीज के पहले दिन 50 लाख रुपये का कलेक्शन किया है. अब देखने वाली बात होगी कि ये फिल्म वीकेंड पर कैसा परफॉर्म कर पाती है.

ओ रोमियो ने शुक्रवार को कितनी कमाई की?
शाहिद कपूर और विशाल भारद्वाज की ‘ओ रोमियो’ को दर्शकों से काफी शानदार रिस्पॉन्स मिला है.. इस फिल्म ने अपने ओपनिंग डे पर काफ़ी बेहतर परफॉर्म किया है. यहां तक कि ये शाहिद कपूर की छठी सबसे बड़ी ओपनर बन गई है. वहीं ये शाहिद कपूर की सात साल बाद सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म भी बन गई है. इन सबके बीच सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक ओ रोमियो ने रिलीज के पहले दिन 8.25 करोड़ का कलेक्शन किया है. वहीं वीकेंड में इस फिल्म की कमाई में और तेजी आने की उम्मीद है.

मर्दानी 3 ने तीसरे फ्राइडे कितनी की कमाई?
रानी मुखर्जी की मर्दानी 3 ने अपने 15-दिन के रन में उतार-चढ़ाव का पैटर्न दिखाया है. इसने पहले दिन 4 करोड़ रुपये से ओपनिंग की, इसके बाद दूसरे दिन 6.25 करोड़ रुपये और तीसरे दिन 7.25 करोड़ रुपये की कमाई की. हालांकि, वीकडेज़ में काफ़ी गिरावट देखी गई, चौथे दिन कलेक्शन घटकर 2.25 करोड़ रुपये और छठे दिन 2.1 करोड़ रुपये रह गया. फ़िल्म ने अपना पहला हफ़्ता 26.3 करोड़ रुपये पर खत्म किया. इसके बाद दूसरे हफ़्ते में फिल्म ने 14.6 करोड़ का कलेक्शन किया. जिसमें -44.49% की गिरावट देखी गई. वहीं सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक रिलीज के 15वें दिन मर्दानी 3 ने 60 लाख कमाए हैं. इसी के साथ मर्दानी 3 की 15 दिनों की नेट कमाई अब 41.50 करोड़ रुपये हो गई है.

बॉर्डर 2 ने चौथे फ्राइडे कितना किया कलेक्शन?
सनी देओल की बॉर्डर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर अपना खूब दबदबा दिखाया है. फ़िल्म ने अपने पहले हफ़्ते में 224.25 करोड़ रुपये जमा किए थे. दूसरे हफ़्ते में, इसकी कमाई 70.15 करोड़ रही और तीसरे हफ़्ते में इसने अपने कलेक्शन में 23.35 करोड़ रुपये और जोड़े. वहीं चौथे फ्राइडे इसे नई रिलीज फिल्मों से टक्कर मिली और इस वॉर ड्रामा की कमाई में गिरावट देखी गई. बता दें कि सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक बॉर्डर 2 ने रिलीज के 22वें दिन यानी चौथे फ्राइडे को 80 लाख रुपये कमाए हैं. इसी के साथ बॉर्डर 2 की 22 दिनों का कुल कलेक्शन अब 318.55 करोड़ रुपये हो गया है.

एनएचएआई के नए नियम 2026, 15 फरवरी से टोल टैक्स में बड़े बदलाव

0

एनएचएआई के नए नियम 2026, 15 फरवरी से टोल टैक्स में बड़े बदलाव
भारत में यात्रा करने के दौरान सड़क सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर सरकार कई नए कदम उठाती रहती है. अब सरकार ने नेशनल एक्सप्रेसवे (नेशनल हाईवे) पर टोल वसूली के नियमों में बड़ा बदलाव किया है. इससे न सिर्फ आम नागरिकों को बल्कि ट्रांसपोर्ट सेक्टर को भी राहत मिलने वाली है. यह बदलाव 15 फरवरी 2026 से लागू होगा और इसके तहत, जिन राष्ट्रीय एक्सप्रेसवे का काम पूरा नहीं हुआ है, उन पर केवल चालू हिस्से के हिसाब से टोल लिया जाएगा, न कि पूरे एक्सप्रेसवे के हिसाब से, साथ ही, यह टोल दर सामान्य राष्ट्रीय राजमार्ग के हिसाब से होगी, जो आमतौर पर कम होती है.

अब तक, जब कोई एक्सप्रेसवे पूरी तरह से तैयार नहीं होता था और कुछ हिस्सों पर काम चल रहा होता था, तो भी यात्रियों से पूरा टोल वसूला जाता था. यह व्यवस्था आमतौर पर यात्रियों को आर्थिक बोझ में डाल देती थी. लोग इसे लेकर कई बार नाराजगी भी जाहिर करते थे, क्योंकि कुछ हिस्सों पर निर्माण कार्य चलने के बावजूद उन्हें पूरा शुल्क चुकाना पड़ता था. अब सरकार ने इसे ध्यान में रखते हुए एक अहम बदलाव किया है, जिसके तहत, केवल उस हिस्से पर टोल लिया जाएगा, जो पूरी तरह से चालू और तैयार है.

पुरानी व्यवस्था में क्या था?
पहले की व्यवस्था में, जब एक्सप्रेसवे का कुछ हिस्सा ही चालू होता था, तो वाहन चालकों से पूरा टोल लिया जाता था. दरअसल, एक्सप्रेसवे की टोल दरें आम राष्ट्रीय राजमार्ग से करीब 25 प्रतिशत ज्यादा होती हैं. इसकी वजह यह है कि एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने से यात्री तेज और बिना रुकावट के सफर का अनुभव करते हैं. यहां ट्रैफिक बाधाएं कम होती हैं, और मार्ग बेहतर होते हैं, जिससे यात्रा में समय की बचत होती है, लेकिन जब एक्सप्रेसवे का कुछ हिस्सा ही तैयार होता था, तब भी यात्रियों से पूरी टोल दर ली जाती थी. यह एक असमान व्यवस्था थी, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त बोझ उठाना पड़ता था.

नए नियमों के तहत क्या होगा?
अब सरकार ने नए नियमों का ऐलान किया है, जिसके अनुसार, अगर कोई एक्सप्रेसवे पूरी तरह से तैयार नहीं है, तो उस पर केवल उस हिस्से के लिए टोल लिया जाएगा, जो चालू है. साथ ही, उस हिस्से पर टोल की दर सामान्य राष्ट्रीय राजमार्ग के हिसाब से होगी, जो कि एक्सप्रेसवे की दर से कम होती है. इसका मतलब है कि अब अगर कोई एक्सप्रेसवे आधे में ही तैयार है, तो यात्रियों को उतनी ही राशि का भुगतान करना होगा, जितनी सुविधा वह हासिल कर रहे हैं. यह कदम खासकर उन यात्रियों के लिए राहत का कारण बनेगा जो रोजाना या नियमित रूप से एक्सप्रेसवे का यूज करते हैं. इससे उनकी यात्रा लागत में कमी आएगी और टोल वसूली में पारदर्शिता आएगी.

कब से लागू होगा यह नियम?
यह बदलाव 15 फरवरी 2026 से प्रभावी होगा. इसके बाद, जहां-जहां एक्सप्रेसवे आंशिक रूप से चालू होंगे, वहां नए नियम लागू होंगे. सरकार का मानना है कि यह कदम यात्रा को अधिक किफायती और सुगम बनाने की दिशा में उठाया गया है. इससे न सिर्फ यात्री फायदे में होंगे, बल्कि ट्रांसपोर्ट सेक्टर में भी सुधार होगा.

PM मोदी ने किया सेवा तीर्थ और कर्तव्य भवन का उद्घाटन

0

PM मोदी ने किया सेवा तीर्थ और कर्तव्य भवन का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 फरवरी 2026 को ऐतिहासिक कदम उठाते हुए नए प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ‘सेवा तीर्थ’ कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया। यह परिसर PMO, नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल सेक्रेटेरिएट (NSCS) और कैबिनेट सेक्रेटेरिएट को एक छत के नीचे लाता है। साथ ही कर्तव्य भवन-1 और 2 का भी लोकार्पण हुआ, जहां फाइनेंस, डिफेंस, हेल्थ, एजुकेशन, एग्रीकल्चर जैसे कई बड़े मंत्रालय स्थित हैं। यह केंद्रीय विस्टा प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जो पुराने साउथ ब्लॉक से PMO को कर्तव्य पथ पर स्थानांतरित करता है।

‘आज हम इतिहास बनते देख रहे हैं’
उद्घाटन विजया एकादशी (विक्रम संवत 2082, फाल्गुन कृष्ण पक्ष) के शुभ दिन पर हुआ, जिसे मोदी ने विकास यात्रा का नया अध्याय बताया। उन्होंने कहा, “आज हम इतिहास बनते देख रहे हैं। साउथ ब्लॉक और नॉर्थ ब्लॉक ब्रिटिश साम्राज्य के प्रतीक थे। इन इमारतों का मकसद भारत को गुलामी की जंजीरों में जकड़े रखना था। आजादी के बाद भी इनसे कई निर्णय लिए गए, लेकिन अब हम गुलामी के प्रतीकों से मुक्ति पा रहे हैं।”

दीवार पर ‘नागरिक देवो भव’
पीएम मोदी ने सेवा तीर्थ परिसर की दीवार पर ‘नागरिक देवो भव’ (नागरिक देवता के समान है) का मंत्र अंकित देखकर जोर दिया कि अब शासन नागरिक-केंद्रित, आधुनिक, कुशल और सुलभ होगा। उन्होंने कहा, “हम सब विकसित भारत के संकल्प के साथ सेवा तीर्थ में प्रवेश कर रहे हैं। हमारे शास्त्रों में विजया एकादशी का महत्व है—इस दिन लिया संकल्प विजय दिलाता है। ईश्वरीय आशीर्वाद से हम लक्ष्य प्राप्त करेंगे।”

रामानंद सागर के बेटे आनंद सागर का हुआ निधन

0

रामानंद सागर के बेटे आनंद सागर का हुआ निधन
टेलीविजन पर पहली बार ‘रामायण’ बनाने वाले रामानंद सागर के बेटे आनंद रामानंद सागर चोपड़ा का निधन हो गया है. आनंद सागर का निधन मुंबई में 13 फरवरी 2026 को हुआ है. इस खबर से बॉलीवुड और टेलीविजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है. आनंद सागर का निधन 84 साल की उम्र में हुआ. उन्होंने पिता के बाद उनकी विरासत को उन्ही की तरह आगे बढ़ाया है.

मुंबई में हुआ अंतिम संस्कार
आनंद सागर का निधन मुंबई में हुआ, ऐसे में उनका अंतिम संस्कार भी मुंबई के परमहंस श्मशान घाट पर शाम 4:30 बजे किया गया. उनके निधन की खबर उनके ही परिवार के द्वारा शेयर की गई है. परिवार की तरफ से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया गया, जिसमें आनंद सागर के फोटो के साथ लिखा था, ‘अत्यंत दुख के साथ हम अपने प्रिय पिता आनंद रामानंद सागर चोपड़ा के निधन की सूचना दे कर रहे हैं.’ इसी के साथ इस पोस्ट में उनके अंतिम संस्कार के बारे में भी जानकारी दी गई.

‘रामायण’ में भी रहा योगदान
आनंद सागर ने पिता के बाद तो उनकी विरासत को संभाला ही, लेकिन इससे पहेल भी वो पिता के साथ लगातार काम में हाथ बटाते रहे थे. आनंद सागर ने 1987 में उनके पिता द्वारा बनाई गई रामायण में बतौर को-प्रोड्यूसर भागीदारी दी थी. पिता के निधन के बाद भी आनंद सागर ने पौराणिक और भक्तिपूर्ण प्रोजेक्ट्स के निर्माण, क्रिएटिव देखरेख और मैनेजमेंट में योगदान दिया था.

पिता की विरासत को यूं संभाला
5 भाई-बहनों में से एक आनंद सागर ही हैं जिन्होंने अपने पिता की विरासत को संभाले रखा. उन्होंने साल ‘रामायण’ के बाद ‘अलिफ लैला’, ‘जय जय बजरंगबली’, ‘जय शिवशंकर ‘ जैसे धार्मिर सीरियल्स को प्रोड्यूस किया. जिनसे उनके पिता की विरासत आगे बढ़ी. इसके अलावा उन्होंने ‘आंखें’, ‘अरमान’ जैसी फिल्में भी बनाई हैं. इसके अलावा आनंद सागर ने लॉकडाउन के समय परिवार के साथ मिलकर दोबारा से ‘रामायण’ का प्रसारण किया, जिससे एक बार फिर रिकॉर्डतोड़ दर्शकों ने इसे पसंद किया.

माघ मेला विवाद पर CM योगी का बड़ा बयान

0

माघ मेला विवाद पर CM योगी का बड़ा बयान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती विवाद पर चुप्पी तोड़ी है. सीएम योगी ने विधानसभा में इस मामले में खुलकर बयान दिया है. माघ मेले में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के साथ हुई घटना पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर व्यक्ति शंकराचार्य नहीं हो सकता है. उन्होंने ये भी कहा कि सभी को मर्यादा का पालन करना चाहिए.

उत्तर प्रदेश विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माघ मेले में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के साथ हुई घटना पर खुलकर बयान दिया है. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, हर व्यक्ति शंकराचार्य नहीं लिख सकता, हर व्यक्ति, हर पीठ के आचार्य के रूप में जाकर जहां-तहां वातावरण खराब नहीं करत सकता है. उन मार्यदाओं का पालन सभी को करना होगा.

योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर साधा निशाना
योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि, “अगर वो (अविमुक्तेश्वरानंद) शंकराचार्य थे तो आप लोगों ने (विपक्ष ने) वाराणसी में क्यों लाठी चार्ज किया था, क्यों एफआईआर दर्ज कराई थी. आप नैतिकता की बात करते हैं.” सीएम योगी ने यह भी कहा कि, “माघ में साढ़े 4 करोड़ श्रद्धालु जहां हो, जहां से श्रद्धालु बाहर निकलते हैं, वहां से आप अंदर जाने की कोशिश कर भगदड़ को जन्म देता है, श्रद्धालुओं के जीवन के साथ खिलवाड़ करता है.”

क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, यह पूरा विवाद उत्तर प्रदेश स्थित प्रयागराज माघ मेले से जुड़ा हुआ है. यहां मौनी अमावस्या के दिन पुलिस ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की पालकी को संगम नोज (स्नान स्थल) तक जाने से रोका और उन्हें पैदल जाने को कहा, जिस पर यह विवाद शुरू हुआ था. आरोप यह भी था कि पुलिस ने शंकराचार्य के समर्थकों के साथ मारपीट की. हालांकि, यहां पर गौर करने वाली बात यह है कि इस मामले को लेकर विपक्षी दलों के नेताओं ने यूपी सरकार और बीजेपी को निशाने पर लिया था. अब इस विवाद पर सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ का बयान सामने आया है.

टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाक मैच के लिए श्रीलंका रवाना हुई टीम इंडिया

0

टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाक मैच के लिए श्रीलंका रवाना हुई टीम इंडिया
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 27वां लीग मैच भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी, रविवार को श्रीलंका के कोलंबो स्थित आर प्रेमदास स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैच के लिए सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया श्रीलंका के लिए रवाना हो चुकी है. बता दें कि टीम इंडिया ने शुरुआती दो लीग मैच भारत में खेले थे.

टीम इंडिया के श्रीलंका रवाना होने का वीडियो सामने आया, जिसमें एक जगह पर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव गुस्से में नजर आए. तो आइए जानते हैं कि सूर्या को एयरपोर्ट पर गुस्सा क्यों आया. इसके अलावा भारत-पाकिस्तान मैच की टाइमिंग पर भी बात करेंगे.
क्यों गुस्साए सूर्यकुमार यादव?

तो वीडियो में देखा जा सकता है कि एक फैन सूर्या का हाथ छू लेता है, जिसके बाद भारतीय कप्तान बड़े गुस्से में उस शख्स को घूरते हुए आगे बढ़ जाते हैं. सूर्या के चेहरे पर गुस्सा साफतौर पर नजर आ रहा था.

किस टाइम होगा भारत-पाकिस्तान का मैच?
बात करें मुकाबले की, तो श्रीलंका में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले की भारतीय समय के अनुसार, शाम 7 बजे से शुरुआत होगी. इससे पहले भी टीम इंडिया के दोनों मुकाबले शाम 7 बजे से ही खेले गए हैं.

2-2 जीत के बाद आमने-सामने भारत-पाकिस्तान
अब तक भारत और पाकिस्तान की टीमें अपने-अपने 2-2 लीग मैच खेल चुकी हैं. दोनों ही टीमों ने जीत हासिल की है. टीम इंडिया ने यूएसए और नामीबिया को हराया, जबकि पाकिस्तान ने अपने दो मैचों में नीदरलैंड्स और यूएसए को शिकस्त दी.

अब दोनों टीमें अपने-अपने तीसरे मैच में एक दूसरे के आमने-सामने होंगी. इस मैच में जीत हासिल करने वाली टीम अपना विजय रथ जारी रखते हुए टूर्नामेंट में जीत की हैट्रिक लगाएगी.

भारत बनाम पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप हेड टू हेड
गौरतलब है कि टी20 वर्ल्ड कप में अब तक भारत और पाकिस्तान के बीच 8 मुकाबले खेले जा चुके हैं. इन मैचों में टीम इंडिया ने बढ़त हासिल करते हुए 7 में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ 1 मैच में जीत मिली है.

चीन-पाकिस्तान की पनडुब्बियों की होगी हंटिंग

0

चीन-पाकिस्तान की पनडुब्बियों की होगी हंटिंग
ट्रेड डील के तुरंत बाद भारत ने अमेरिका से 06 एंटी-सबमरीन P-8I टोही विमान खरीदने की घोषणा कर दी है. रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को भारतीय नौसेना के लिए इन लॉन्ग रेंज मेरीटाइम रिकोनिसेंस एंड सर्विलांस एयरक्राफ्ट को खरीदने की मंजूरी दी.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व वाली रक्षा (अधिग्रहण) खरीद परिषद यानी DAC की हुई अहम बैठक में इन P-8I विमानों को खरीदने (एक्सेप्टेंस ऑफ नेसेसिटी या एओएन) की मंजूरी दी गई. हंटर के नाम से मशहूर इन विमानों को अमेरिका की बोइंग कंपनी बनाती है.

हिंद महासागर में P-8I विमानों का इस्तेमाल कर रही नौसेना
भारतीय नौसेना पिछले एक दशक से इन P-8I विमानों का इस्तेमाल, हिंद महासागर में कर रही है. चीन और पाकिस्तान की पनडुब्बियों पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ हिंद महासागर के विशाल समुद्री-क्षेत्र की निगरानी में ये P-8I विमान अहम भूमिका निभाते हैं. वर्ष 2009 में भारत ने अमेरिका से सीधे करार कर 08 एयरक्राफ्ट को खरीदा था. इसके बाद वर्ष 2019 में चार (04) अतिरिक्त विमानों को खरीदा गया था.

कहां-कहां तैनात हैं P-8I एयरक्राफ्ट?
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, P-8I विमान के अधिग्रहण से नौसेना की लम्बी दूरी की पनडुब्बी रोधी युद्ध क्षमता, समुद्री निगरानी और समुद्री हमले की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी. भारतीय नौसेना ने इन P-8I विमानों को तमिलनाडु के रजाली और गोवा के आईएनएस हंस नेवल बेस पर तैनात कर रखा है. यहां से पूरे अरब सागर और बंगाल की खाड़ी की निगहबानी की जाती है.

बैंक स्टाफ अब नहीं कर पाएंगे मिस-सेलिंग, RBI का ‘मास्टरस्ट्रोक’

0

बैंक स्टाफ अब नहीं कर पाएंगे मिस-सेलिंग, RBI का ‘मास्टरस्ट्रोक’
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने ग्राहकों के हितों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बैंकों की ओर से होने वाली गलत बिक्री (मिस-सेलिंग) पर सख्ती करने के लिए नया मसौदा नियम जारी किया है. बुधवार को जारी यह ड्राफ्ट “आरबीआई (कॉमर्शियल बैंक्स–रिस्पॉन्सिबल बिजनेस कंडक्ट) अमेंडमेंट डायरेक्शन 2026” एक जुलाई 2026 से लागू होगा. इस मसौदे के तहत यदि किसी बैंक द्वारा गलत तरीके से कोई उत्पाद या सेवा बेची जाना साबित होता है, तो बैंक को ग्राहक को पूरी राशि वापस करनी होगी और हुए नुकसान की भरपाई भी करनी पड़ेगी.

क्या है नया नियम?
नए नियमों के मुताबिक, बैंक और अन्य वित्तीय संस्थान किसी भी वित्तीय उत्पाद या सेवा का विज्ञापन, मार्केटिंग या बिक्री करते समय पारदर्शिता और जिम्मेदारी बरतेंगे. ग्राहकों से संपर्क करने से पहले उनकी स्पष्ट सहमति लेना अनिवार्य होगा और संपर्क केवल कार्यालय समय के दौरान ही किया जा सकेगा. आरबीआई ने यह भी कहा है कि बैंकों की आंतरिक नीतियां ऐसी नहीं होनी चाहिए जो कर्मचारियों या डायरेक्ट सेलिंग एजेंट्स (DSA) को किसी भी तरह से गलत बिक्री के लिए प्रोत्साहित करें. यानी प्रोत्साहन (इंसेंटिव) ढांचा ऐसा नहीं होना चाहिए जो केवल बिक्री बढ़ाने पर केंद्रित हो, भले ही वह ग्राहक के हित में न हो.

केंद्रीय बैंक ने विशेष रूप से तीसरे पक्ष (थर्ड-पार्टी) के उत्पादों और सेवाओं की बिक्री को लेकर भी सख्त रुख अपनाया है. मसौदे में कहा गया है कि ऐसे उत्पादों की मार्केटिंग या बिक्री में लगे कर्मचारियों को संबंधित तीसरे पक्ष से सीधे या परोक्ष रूप से कोई प्रोत्साहन नहीं मिलना चाहिए. इसके अलावा, किसी बैंक को अपने उत्पाद के साथ किसी तीसरे पक्ष के उत्पाद को जबरन जोड़ने (टाई-इन सेल) की अनुमति नहीं होगी. ग्राहक को अलग-अलग कंपनियों के विकल्पों में से स्वतंत्र रूप से चयन करने का अधिकार दिया जाएगा

क्यों आरबीआई ने जारी किया मसौदा?
आरबीआई ने यह भी प्रस्तावित किया है कि बैंकों के डिजिटल प्लेटफॉर्म और ऐप्स में किसी भी तरह के ‘डार्क पैटर्न’ का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए. डार्क पैटर्न वे डिजाइन या तकनीकें होती हैं जो ग्राहकों को भ्रमित कर अनजाने में किसी उत्पाद या सेवा के लिए सहमति देने पर मजबूर कर सकती हैं. मसौदे में ऐसे करीब एक दर्जन उदाहरणों का उल्लेख किया गया है, जिनसे बचने के निर्देश दिए गए हैं.

दरअसल, हाल के वर्षों में बैंकों और वित्तीय संस्थानों द्वारा बीमा, निवेश योजनाएं या अन्य उत्पाद गलत तरीके से बेचने की शिकायतें बढ़ी थीं. इसी को देखते हुए आरबीआई के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने गलत बिक्री पर लगाम लगाने के लिए नए नियम लाने की घोषणा की थी. उसी के तहत यह मसौदा जारी किया गया है. आरबीआई ने इस ड्राफ्ट पर आम लोगों और संबंधित पक्षों से चार मार्च तक सुझाव और आपत्तियां मांगी हैं.