Home Blog Page 37

वैशाख अमावस्या को क्यों कहा जाता है ‘सतुवाई अमावस्या

0

वैशाख अमावस्या को क्यों कहा जाता है ‘सतुवाई अमावस्या
वैशाख महीने की अमावस्या का बहुत बड़ा धार्मिक महत्व है। इस दिन को कई क्षेत्रों में सतुवाई अमावस्या के नाम से भी जाना जाता है। इस तिथि पर स्नान, दान और पितृ तर्पण का विधान तो है ही, लेकिन इस दिन सत्तू का विशेष उपयोग इसे दूसरी अमावस्याओं से अलग बनाता है।

क्यों पड़ा सतुवाई अमावस्या नाम?
वैशाख अमावस्या को सतुवाई अमावस्या कहने के पीछे की मुख्य वजह इस दिन सत्तू का दान और सेवन है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, वैशाख के महीने में गर्मी अपने चरम पर होती है। सत्तू की प्रकृति शीतल मानी गई है, जो शरीर को ठंडक देती है। ऐसे में इस दिन सत्तू खाने और दान करने की परंपरा बनाई गई, ताकि लोगों को इसके लाभ मिल सके।

महत्व
पौराणिक कथाओं के अनुसार, वैशाख अमावस्या के दिन ही त्रेता युग का आरंभ हुआ था। इस दिन पितरों की आत्मा की शांति के लिए जल से भरा घड़ा, सत्तू, गुड़ और मौसमी फलों का दान करना अक्षय पुण्य प्रदान करता है। कहा जाता है कि इस दिन किया गया दान सीधे पितरों तक पहुंचता है और उनकी आत्मा तृप्त होती है। वहीं, इस दिन भगवान विष्णु के अवतारों की पूजा के साथ-साथ सत्तू का भोग लगाया जाता है। सत्तू को दरिद्र का भोजन भी कहा जाता है, इसलिए इसे दान करने से अहंकार का नाश होता है और जीवन में सुख-शांति आती है।

पौराणिक कथा
प्राचीन काल में धर्मवर्ण नाम के एक ब्राह्मण थे। उन्होंने अपना सारा जीवन वेदों के अध्ययन और परोपकार में लगा दिया था। एक बार वे एक ऐसे स्थान पर पहुंचे जहां उनके पितृ कष्ट में थे। पितरों ने धर्मवर्ण को बताया कि उनकी मुक्ति तभी संभव है, जब वह वैशाख अमावस्या के दिन विधि-विधान से दान और तर्पण करें। पितरों की आज्ञा पाकर धर्मवर्ण ने वैशाख अमावस्या के दिन व्रत रखा और भीषण गर्मी में प्यासे लोगों के लिए जल के घड़े भरवाए। साथ ही, उन्होंने सत्तू, गुड़ और फल का दान किया। इस दान के प्रभाव से उनके पितरों को मुक्ति मिल गई। तभी से इस दिन सत्तू के दान और सेवन की परंपरा शुरू हुई।

कैसे मनाएं सतुवाई अमावस्या?
सुबह पवित्र नदी में स्नान करें और सूर्य देव को जल अर्पित करें।
जल से भरे मिट्टी के घड़े के ऊपर सत्तू रखकर किसी ब्राह्मण या जरूरतमंद को दान करें।
पितरों के नाम से सत्तू और तिल का तर्पण करने से पितृ दोष से मुक्ति मिलती है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नर्मदापुरम-टिमरनी स्टेट हाईवे का उन्नयन और पुनर्निर्माण किया

0

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नर्मदापुरम-टिमरनी स्टेट हाईवे का उन्नयन और पुनर्निर्माण किया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आज का दिन भारत के लोकतंत्र के इतिहास का बड़ा दिन है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 21वीं शताब्दी के सबसे बड़े निर्णय नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर लोकसभा में चर्चा की शुरुआत हुई है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम बहनों के राजनीतिक और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। नारी केवल सृष्टि की जननी ही नहीं, बल्कि राष्ट्र की उन्नति की वास्तविक सूत्रधार है। जब हम विकसित भारत की कल्पना करते हैं, तो उसकी नींव में आधी आबादी के सामर्थ्य, संघर्ष और सफलता की कहानियां स्पष्ट दिखाई देती हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम इसी सामर्थ्य को संवैधानिक मान्यता देने और लोकतांत्रिक संस्थाओं में महिलाओं के लिए नेतृत्व के नए द्वार खोलने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। प्रधानमंत्री मोदी देशवासियों के सामाजिक-आर्थिक उन्नयन के साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर भी समान रूप से ध्यान दे रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 972 करोड़ से अधिक लागत के 72 किलोमीटर लंबे नर्मदापुरम-टिमरनी स्टेट हाईवे-67 का उन्नयन एवं पुनर्निर्माण कार्य के भूमि-पूजन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को नर्मदापुरम जिले के सिवनी-मालवा में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री और नर्मदापुरम के प्रभारी राकेश सिंह विशेष रूप से उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में पहले से ही स्थानीय निकाय और नगरीय निकाय चुनावों में 50 प्रतिशत पद बहनों के लिए आरक्षित हैं। राज्य सरकार बहनों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है, राज्य सरकार जो कहती है, उसे पूरा करती है। प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों को अब तक 55 हजार करोड़ रूपए से अधिक राशि दी जा चुकी है। लाड़ली बहना योजना की शुरुआत से लेकर अब तक प्रति बहन 40 हजार 500 रुपए से अधिक राशि बहनों के बैंक खातों में आई है। बहनें चिंता न करें, योजना की राशि बढ़कर 1500 रुपए करने के साथ आगे भी जो संभव होगा वह किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है। प्रदेश में पहली बार शासकीय स्कूलों के बच्चों को “माता यशोदा योजना” के अंतर्गत नि:शुल्क दूध के पैकेट बांटे जाएंगे। हमारे बच्चे मानसिक और शारीरिक रूप से तंदुरुस्त बनेंगे। प्रदेश में दूध उत्पादन बढ़ाने और गौपालन को प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए “डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना” की शुरू की है। इससे हमारे भाई-बहनों को आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी। राज्य सरकार ने कठिन समय में सड़क पर घायलों की मदद के लिए राहवीर योजना शुरू की है, जिसमें घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले को 25 हजार रुपए की राशि प्रोत्साहन स्वरूप देने की व्यवस्था है। मुश्किल वक्त में गरीब-जरूरतमंदों की मदद के लिए एयर एम्बुलेंस भी संचालित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कृषि, पर्यटन, उद्योग, वन्य जीव और जनजातीय क्षेत्रों को समेटे नर्मदापुरम जिला विविधता से परिपूर्ण है। पचमढ़ी में राजा भभूत सिंह के नाम पर कैबिनेट बैठक आयोजित की गई थी। नर्मदापुरम में नर्मदा लोक भी बन रहा है। नर्मदापुरम में उद्योग और कृषि के विकास के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सड़कें विकास का आधार हैं, इस तथ्य को दृष्टिगत रख नर्मदापुरम जिले में अनेक सड़क परियोजनाओं का कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि सिवनी मालवा को लगभग 1000 करोड़ से अधिक लागत के विकास कार्यों की सौगात मिल रही है। इसमें 972 करोड़ से अधिक लागत के 72 किलोमीटर लंबे नर्मदापुरम-टिमरनी स्टेट हाईवे-67 का उन्नयन एवं पुनर्निर्माण कार्य का भूमि-पूजन शामिल है। यह केवल सड़क नहीं है, इससे सीधे इंदौर-उज्जैन तक पहुंचना आसान हो जाएगा। इस स्टेट हाईवे के माध्यम से सिवनी-मालवा नए दौर में प्रवेश करेगा और कनेक्टिविटी का लाभ पूरे क्षेत्र को मिलेगा। सिवनी-मालवा में इस सड़क के साथ विकास का सूर्योदय हुआ है। स्टेट हाईवे के साथ सिवनी-मालवा को 106 करोड़ 30 लाख लागत के 96 विकास कार्यों की सौगात मिली है। जिसमें 48 करोड़ 61 लाख की लागत के 45 विकास कार्यों का लोकार्पण और 57 करोड़ 69 लाख की लागत के 51 विकास कार्यों का भूमि-पूजन संपन्न हुआ है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की प्रमुख घोषणाएं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नर्मदा नदी आंवली घाट के हथनापुर गांव में सिंचाई परियोजना के विकसित करने की घोषणा की। इस परियोजना का लाभ क्षेत्र के 40 गांवों के 10 हजार से अधिक किसानों को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने नगर पालिका सिवनी-मालवा में सड़क, सीवेज, बिजली-पानी की मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए विशेष निधि से राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिवनी-मालवा-शिवपुर बावरी मुख्य मार्ग की मंजूरी, पीपलपुरा पुल निर्माण और बनापुरा के शासकीय स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही शिवपुर और डोलपुर में सांदीपनि विद्यालय के लिए सर्वे कराने और एक विद्यालय की मंजूरी देने की घोषणा की।

कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री एवं नर्मदापुरम जिले के प्रभारी राकेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के प्रत्येक जिले में विकास की अनेक सौगातें दी हैं। सिवनी-मालवा कृषि से समृद्ध क्षेत्र है। पिछले दो साल में ही 984 करोड़ की लागत की सड़कों की सौगात सिवनी-मालवा को मिली है। राज्य सरकार ने नर्मदापुरम जिले में ऐतिहासिक रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव की है, जिसमें अभूतपूर्व निवेश प्राप्त हुआ। लोक निर्माण विभाग गुणवत्तापूर्ण सड़कों का निर्माण कर रहा है। उन्होंने विभाग के लोकपथ ऐप की जानकारी दी।

विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में सिवनी-मालवा को लगातार विकास कार्यों की सौगातें मिल रही हैं। इस क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाने और सिंचाई सुविधाओं के विकास से किसानों को लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की पहल के परिणामस्वरूप इंडियन ऑयल द्वारा डोलरिया में नया प्लांट स्थापित किया जा रहा है। इससे नर्मदापुरम के युवाओं को रोजगार मिलेगा। विधायक वर्मा ने आंवली घाट पर श्रद्धालुओं के लिए सुविधा के विकास कार्य और सिवनी-मालवा शहर का सीवेज नदी में मिलने से रोकने के लिए योजना तैयार करने का अनुरोध किया।

कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीताशरण शर्मा, विधायक विजयपाल सिंह, विधायक ठाकुर दास नागवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष मती राधा पटेल, जिलाध्यक्ष सु प्रीति शुक्ला तथा बड़ी संख्या में स्थानीयजन उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का सिवनी मालवा में हुआ भव्य स्वागत – रोड-शो में उमड़ा जनसैलाब
नगर वासियों ने पुष्प वर्षा कर किया मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहर के प्रसिद्ध दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर पहुंचकर भगवान राम एवं भगवान बजरंगबली का विधि विधान से पूजन कर हनुमान मंदिर से ही रोड-शो का शुभारंभ किया। रोड-शो के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव क्षेत्र की जनता का अभिवादन किया। नगरवासियों ने पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

रोड शो हरदा नाके स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर से प्रारंभ हुआ एवं वन विभाग ऑफिस के सामने, गोवर्धन मंदिर चौक, कल्लू चौक, रेवा परिसर के सामने, नर्मदा मंदिर चौक, गांधी चौक, जय स्तंभ चौक, नगर पालिका कार्यालय के सामने, मस्जिद के सामने, कंदेली नदी पुल से होते हुए रोड शो का पुराना बस स्टैंड पर समापन हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों ने नगर आगमन पर फल, मिठाई, काजू किशमिश, लड्डू से तुलादान किया। रोड-शो के दौरान भारी संख्या में नगरवासी अपने मुख्यमंत्री को देखने के लिए आतुर रहे। रोड-शो में पेंशनर संघ, महिला स्व सहायता समूह, राठौर समाज, पंचायत सचिव उप सचिव संघ, सफाई कामगार संघ तथा समस्त पार्षद और प्राइवेट स्कूल संघ, वंशकार समाज, निषाद समाज सहित समस्त व्यापारी संघ ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव, ज्ञान की पुण्यभूमि ओंकारेश्वर में सांस्कृतिक महाकुंभ एकात्म पर्व का शुक्रवार को करेंगे शुभारंभ

0

मुख्यमंत्री डॉ. यादव, ज्ञान की पुण्यभूमि ओंकारेश्वर में सांस्कृतिक महाकुंभ एकात्म पर्व का शुक्रवार को करेंगे शुभारंभ
भारतीय संस्कृति के पुनरुद्धारक और अद्वैत वेदांत के प्रखर प्रणेता आदि गुरु शंकराचार्य की दीक्षा स्थली ओंकारेश्वर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कल, 17 अप्रैल शुक्रवार से पाँच दिवसीय ‘एकात्म पर्व’ का मंगलमय शुभारंभ करेंगे। मांधाता पर्वत की कंदराओं में रचे-बसे ‘एकात्म धाम’ में आयोजित यह महोत्सव दार्शनिक चिंतन, सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनूठा संगम होगा। वैशाख शुक्ल पंचमी के पावन अवसर पर आयोजित इस अनुष्ठान में देश-विदेश के शीर्ष संत, मनीषी और विद्वान सम्मिलित होकर एकात्मता के वैश्विक संदेश को रेखांकित करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव अद्वैत लोक एवं अक्षर ब्रह्म प्रदर्शनी का लोकार्पण करेंगे साथ ही वैदिक अनुष्ठान में भी सम्मिलित होंगे। इस अवसर पर द्वारका पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती के पावन सान्निध्य तथा विवेकानंद केंद्र की उपाध्यक्ष पद्म निवेदिता भिड़े, स्वामी शारदानंद सरस्वती की गरिमामय उपस्थिति रहेगी।

एकात्म पर्व के महत्वपूर्ण वैचारिक सत्र ‘अद्वैतामृतम् – विमर्श सभा’ के अंतर्गत अद्वैत दर्शन की समकालीन प्रासंगिकता पर गहन संवाद होगा। विशेष रूप से प्रथम दिन ‘अद्वैत एवं Gen-Z’ जैसे आधुनिक विषय पर युवा दृष्टिकोण प्रस्तुत किया जाएगा। आगामी दिनों में अद्वैत दर्शन का कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), पर्यावरण संरक्षण, वैश्विक शांति और सिख संप्रदाय के ‘एक ओंकार’ के साथ अंतर्संबंधों पर विद्वतापूर्ण चर्चा होगी। यह बौद्धिक मंथन आधुनिक समाज और नई पीढ़ी को अद्वैत की शाश्वत अवधारणा से जोड़ने का एक अभिनव प्रयास है।

सांस्कृतिक संध्या ‘रसो वै सः’ के अंतर्गत प्रतिदिन देश के प्रतिष्ठित कलाकार अपनी कला की प्रस्तुति देंगे। महोत्सव के प्रथम दिवस जयतीर्थ मेवुंडी का शास्त्रीय गायन और शुभदा वराडकर की ओड़िसी प्रस्तुति ‘एकम्’ आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसी क्रम में आगामी दिनों में भरतनाट्यम, कर्नाटक संगीत और निर्गुण वाणी के माध्यम से अद्वैत के भावों को अभिव्यक्त किया जाएगा। महोत्सव का एक अत्यंत महत्वपूर्ण पक्ष 21 अप्रैल को आयोजित होने वाला दीक्षा समारोह है, जिसमें देश-विदेश के 700 से अधिक युवा ‘शंकरदूत’ के रूप में संकल्प लेंगे।

मध्य प्रदेश शासन ‘ओंकारेश्वर’ में ‘एकात्म धाम’के माध्यम से आचार्य शंकर के दर्शन को वैश्विक फलक पर स्थापित कर रहा है। यहाँ स्थापित 108 फीट ऊँची ‘एकात्मता की मूर्ति’ (Statue of Oneness) और निर्माणाधीन ‘अद्वैत लोक’ संग्रहालय न केवल पर्यटन बल्कि आध्यात्मिक जिज्ञासा के वैश्विक केंद्र के रूप में उभर रहे हैं। कल से प्रारंभ हो रहा यह पर्व समस्त राष्ट्र को सांस्कृतिक और वैचारिक सूत्र में पिरोने की दिशा में एक महती कदम सिद्ध होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया प्रदेश में जनगणना 2027 की प्रक्रिया का ऑनलाईन आरंभ

0

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया प्रदेश में जनगणना 2027 की प्रक्रिया का ऑनलाईन आरंभ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 16 अप्रैल से प्रदेश में जनगणना का शुभारंभ हो रहा है। यह सिर्फ आंकड़ों की प्रक्रिया नहीं बल्कि हमारे राष्ट्र के भविष्य को सही दिशा देने का महत्वपूर्ण कदम है। जनगणना देश की रीढ़ है, यह विकास की नींव है। इस बार की जनगणना डिजिटल और आधुनिक तकनीक के साथ हो रही है। प्रदेशवासियों को इसमें पूर्ण निष्ठा और सत्यता के साथ भाग लेना चाहिये। यह जनगणना हमारे बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए है।

प्रदेश में 16 से 30 अप्रैल तक ऑनलाईन स्व-गणना का कार्य होगा। एक से 30 मई तक मकान सूचीकरण होगा। यह प्रक्रिया डिजिटल रूप से होगी। मुख्यमंत्री डॉ . यादव ने प्रदेश में जनगणना 2027 की प्रक्रिया के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री निवास के समत्व भवन में आयोजित कार्यक्रम में यह विचार व्यक्त किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्व-गणना पोर्टल se.census.gov.in पर प्रारंभिक पंजीकरण कर प्रदेश में स्व-गणना प्रक्रिया का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों की प्रक्रिया नहीं बल्कि राष्ट्र के भविष्य को सही दिशा देने का महत्वपूर्ण कदम है। इससे हम जान सकेंगे कि विकास की धारा समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सुगमता से पहुंच रही है या नहीं। यह जनगणना हमारी अगली पीढ़ी के उज्जवल भविष्य के लिए है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि जनगणना में वह सही, सटीक और पूर्ण जानकारी दे। जनगणना में लगे कर्मचारी-अधिकारी राष्ट्र निर्माण का पवित्र कार्य कर रहे हैं। उनका परिश्रम और सटीकता से किया गया कार्य देश के भविष्य को मजबूत बनाएगा। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन, कलेक्टर भोपाल प्रियंक मिश्रा, आयुक्त भोपाल नगर निगम मती संस्कृति जैन, जनगणना संचालनालय के डिप्टी रजिस्टार जनरल डॉ. विजय कुमार सहित जिला प्रशासन और जनगणना संचालनालय के अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कचहरी चौक स्थित एसबीआई के नये भवन का किया शुभारंभ, आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं से मिलेगा लाभ

0

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कचहरी चौक स्थित एसबीआई के नये भवन का किया शुभारंभ, आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं से मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के कचहरी चौक स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की कचहरी शाखा के नवीन एवं अत्याधुनिक परिसर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक प्रभाष कुमार सुबुद्धि, उप महाप्रबंधक रमेश सिन्हा, प्रबंधक अनिल यादव सहित बैंक के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह अत्यंत हर्ष और सौभाग्य का विषय है कि पिछले 50 वर्षों से संचालित एसबीआई की कचहरी शाखा अब नए आधुनिक भवन में स्थानांतरित होकर ग्राहकों को और बेहतर सेवाएं प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि इस नए परिसर में उपभोक्ताओं को अत्याधुनिक बैंकिंग सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उनके कार्य और अधिक सहज और त्वरित होंगे।

मुख्यमंत्री साय ने बैंकिंग व्यवस्था को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि भारतीय स्टेट बैंक अपने दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन कर रहा है और आगे भी ग्राहकों की सेवा में इसी तरह अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर शाखा के अधिकारियों और ग्राहकों को शुभारंभ की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि एसबीआई की कचहरी शाखा ने हाल ही में अपनी सेवाओं के 50 वर्ष पूर्ण किए हैं। ग्राहकों को बेहतर, सुविधाजनक और उन्नत बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शाखा को पंडरी रोड स्थित आक्सीजोन क्षेत्र में नए परिसर में स्थानांतरित किया गया है, जहां आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर बैंकिंग अनुभव सुनिश्चित किया जाएगा।

युवा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में निभाएं सक्रिय भागीदारी – मुख्यमंत्री

0

युवा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में निभाएं सक्रिय भागीदारी – मुख्यमंत्री
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने सभी नवनियुक्त अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक सुधार किए गए हैं, जिनका सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन में शुचिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘सुशासन एवं अभिसरण विभाग’ का गठन किया गया है तथा मंत्रालय के कार्यों को ई-प्रणाली से जोड़ा गया है, जिससे भ्रष्टाचार के रास्तों को प्रभावी रूप से बंद किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पूर्व में हुए पीएससी घोटाले की जांच सीबीआई को सौंपकर सरकार ने यह संदेश दिया है कि पारदर्शिता और न्याय सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके साथ ही भर्ती परीक्षाओं में अनुचित साधनों की रोकथाम के लिए कड़े कानूनी प्रावधान किए गए हैं, जिससे परीक्षाओं की विश्वसनीयता और अधिक मजबूत होगी।

उन्होंने आगे कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं को सरल और सुलभ बनाने के लिए ‘छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल’ के गठन तथा एक निश्चित ‘परीक्षा कैलेंडर’ लागू करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की नई औद्योगिक नीति के माध्यम से निजी क्षेत्र में स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। उद्योगों को प्रोत्साहन देकर रोजगार सृजन को गति दी जा रही है, ताकि सरकारी नौकरियों के साथ-साथ निजी क्षेत्र भी युवाओं के लिए सशक्त विकल्प बन सके।

मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त कर्मचारियों से निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि वे विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने इस भर्ती प्रक्रिया को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुशासन के सिद्धांतों पर आधारित रही है। उन्होंने कहा कि योग्य और प्रतिभाशाली युवाओं को उनका अधिकार दिलाने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक पहल है। मंत्री वर्मा ने बताया कि पदस्थापना प्रक्रिया में भी पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए काउंसलिंग प्रणाली अपनाई गई। यह व्यवस्था सुशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए यह नई पीढ़ी छत्तीसगढ़ को प्रगति और समृद्धि के नए आयामों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। हाल ही में लैब टेक्नीशियन और अब प्रयोगशाला परिचारकों की नियुक्तियाँ इस दिशा में सरकार की सक्रियता का स्पष्ट प्रमाण हैं।

कार्यक्रम में उच्च शिक्षा सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त डॉ. संतोष देवांगन सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

देश और राज्य के भविष्य की दिशा तय करने का आधार है जनगणना : मुख्यमंत्री साय

0

देश और राज्य के भविष्य की दिशा तय करने का आधार है जनगणना : मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में जनगणना 2027 के तहत ऑनलाइन स्व-गणना कर जनगणना अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर नागरिकों को इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भारत में विश्व का सबसे बड़ा जनगणना अभियान संचालित हो रहा है और छत्तीसगढ़ में भी आज से ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि नागरिक 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार से संबंधित जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार जनगणना को आधुनिक और डिजिटल स्वरूप दिया गया है, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुलभ हो सके।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश और राज्य के भविष्य की दिशा तय करने का आधार है। इन आंकड़ों के आधार पर सरकार आने वाले वर्षों की योजनाएं तैयार करती है, ताकि विकास का लाभ हर वर्ग तक प्रभावी रूप से पहुंच सके। मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 मई 2026 से जनगणना का पहला चरण शुरू होगा, जिसमें मकान सूचीकरण और गणना का कार्य किया जाएगा। 30 मई तक प्रगणक घर-घर जाकर आवासीय और गैर-आवासीय भवनों, उनकी स्थिति, उपयोग तथा बुनियादी सुविधाओं जैसे पेयजल, शौचालय, बिजली, रसोई गैस, इंटरनेट और संचार व्यवस्था से संबंधित जानकारी एकत्र करेंगे।

उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह करते हुए कहा कि जब भी प्रगणक घर आएं, तो उन्हें सही, स्पष्ट और पूर्ण जानकारी दें, क्योंकि प्रत्येक जानकारी राज्य के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान दी गई सभी व्यक्तिगत जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय एवं नीतिगत उद्देश्यों के लिए ही किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है और “विकसित छत्तीसगढ़ 2047” के संकल्प को साकार करने में जनगणना की महत्वपूर्ण भूमिका है। सही आंकड़े ही बेहतर योजना और प्रभावी विकास की नींव रखते हैं। उन्होंने प्रदेश के सभी नागरिकों से इस महाअभियान को जनभागीदारी का उत्सव बनाने और सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

इस दौरान अपर मुख्य सचिव तथा जनगणना के नोडल मनोज कुमार पिंगुआ, कलेक्टर रायपुर डॉ. गौरव कुमार सिंह, संचालक जनगणना कार्तिकेय गोयल सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

IPL में 100 विकेट लेने वाले पांचवें गेंदबाज बने अर्शदीप सिंह

0

IPL में 100 विकेट लेने वाले पांचवें गेंदबाज बने अर्शदीप सिंह
अर्शदीप सिंह ने इंडियन प्रीमियर लीग के दिग्गज गेंदबाजों में जगह बना ली है. अर्शदीप ने अपने IPL करियर में 100 विकेट पूरे कर लिए हैं. उन्होंने गुरुवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में रायन रिकल्टन का विकेट लेकर यह मुकाम हासिल किया. वो आईपीएल के इतिहास में ऐसे पांचवें बाएं हाथ के गेंदबाज हैं, जिन्होंने विकेटों का शतक पूरा किया है.

अर्शदीप ने अपने आईपीएल करियर के 87वें मैच में विकेटों का शतक पूरा किया है. इंडियन प्रीमियर लीग में 100 या उससे अधिक विकेट लेने वाले बाएं हाथ के गेंदबाजों की बात करें तो इस लिस्ट में ट्रेंट बोल्ट सबसे ऊपर हैं, जिन्होंने 144 विकेट लिए हैं. इस सूची में उनके बाद जयदेव उनादकट, आशीष नेहरा और जहीर खान भी ऐसा कर चुके हैं. यह पिछली 11 आईपीएल पारियों में पहली बार है, जब अर्शदीप ने पावरप्ले में कोई विकेट लिया है.

IPL में 100 विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज(बाएं हाथ)
144 विकेट – ट्रेंट बोल्ट
114 विकेट – जयदेव उनादकट
106 विकेट – आशीष नेहरा
102 विकेट – जहीर खान
101 विकेट+ – अर्शदीप सिंह
किसके खिलाफ कितने विकेट
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अर्शदीप सिंह के आंकड़े सबसे बेहतर रहे हैं, जिसके खिलाफ उन्होंने 18 विकेट लिए हैं. वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ उनका गेंदबाजी औसत 18.80 का है, इस टीम के विरुद्ध उन्होंने 10 विकेट चटकाए हैं. दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस ही ऐसी 2 टीम हैं, जिनके खिलाफ अब तक अर्शदीप ने 10 विकेट का आंकड़ा नहीं छुआ है.

अर्शदीप के कुल करियर पर नजर डालें तो अब तक 87 मैचों में उनके नाम 101 विकेट हैं. तीन बार किसी एक पारी में 4 विकेट ले चुके हैं, लेकिन कभी फाइफर लेने का मुकाम हासिल नहीं किया है. यहां देखिए अर्शदीप ने किस टीम के खिलाफ कितने विकेट लिए हैं.

18 विकेट – बनाम राजस्थान रॉयल्स
17 विकेट – बनाम सनराइजर्स हैदराबाद
12 विकेट+ – बनाम मुंबई इंडियंस
11 विकेट – बनाम चेन्नई सुपर किंग्स
11 विकेट – बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स
11 विकेट – बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू
10 विकेट – लखनऊ सुपर जायंट्स
6 विकेट – बनाम दिल्ली कैपिटल्स
5 विकेट – बनाम गुजरात टाइटंस

अब हम पूरी तरह तैयार, ईरान ने डील नहीं की तो उड़ा देंगे पावर प्लांट – अमेरिकी रक्षा मंत्री

0

अब हम पूरी तरह तैयार, ईरान ने डील नहीं की तो उड़ा देंगे पावर प्लांट – अमेरिकी रक्षा मंत्री
मिडिल ईस्ट संकट के बीच अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने गुरुवार (16 अप्रैल 2026) को ईरान के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर को उड़ाने की धमकी दी है. उनका ये बयान ऐसे समय में आया है जब ईरान और अमरिका के बीच सीजफायर है और स्थाई शांति के लिए दूसरे दौर की वार्ता होनी है. उन्होंने धमकी देते हुए कहा, ‘हमारी नजर आप पर है और यदि आपके नेता शांति समझौते पर राजी नहीं होते हैं तो फिर से ईरान पर हमला करेंगे.’

अमेरिकी नौसेना की नाकाबंदी कब तक रहेगी?
ट्रंप प्रशासन कभी शांति समझौते के करीब होने का आश्वासन देता है तो कभी ईरान के नेतृत्व को समझौते का पालन न करने पर धमकी देता है. ऐसा इसलिए क्योंकि युद्ध के आर्थिक नुकसान के कारण राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर घरेलू दबाव लगातार बढ़ रहा है. पीट हेगसेथ ने उम्मीद जताई है कि ईरान के नेता समझदारी से निर्णय लेंगे. उन्होंने कहा, ‘ईरान के पोर्ट अमेरिकी नौसेना की नाकाबंदी जब जारी रहेगी जब तक हमें लगेगा की ऐसा करना जरूरी है.’

अमेरिकी रक्षा मंत्री ने ईरान को बताया समुद्री लुटेरा

पीट हेगसेथ ने कहा, ‘इस समय अमेरिकी सेना पूरी तरह तैयार है. अगर ईरान के साथ कोई डील नहीं हुई तो हम दोबारा लड़ाई शुरू कर देंगे. ईरान ये कहता है कि वो स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर कंट्रोल करता है. वे इस रास्ते से गुजरने वाले जहाजों को धमकी देते हैं. यह कंट्रोल नहीं, समुद्री डकैती है. अमेरिकी खुफिया एजेंसियां ईरान की हर हरकत पर नजर रखे हुए है.’

चीन ने की होर्मुज खोलने की अपील
चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने ईरान से होर्मुज स्ट्रेट के जरिए सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने को कहा है. तेहरान के अमेरिका के साथ युद्ध के दौरान इस अहम समुद्री मार्ग पर दबाव बढ़ाने के बीच बीजिंग की ओर यह पहली ऐसी अपील है. वांग यी ने बुधवार को अपने ईरानी समकक्ष अब्बास अराघची से फोन पर बातचीत के दौरान अंतरराष्ट्रीय नौवहन की स्वतंत्रता और सुरक्षा की गारंटी मांगी.

ईरान-अमेरका के बीच फिर से होगी वार्ता
पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के नेतृत्व में पाकिस्तान का एक मध्यस्थता प्रतिनिधिमंडल बुधवार को तेहरान पहुंचा, जहां उसने इस्लामाबाद में अमेरिका-ईरान के बीच दूसरे दौर की वार्ता के लिए नए शांति प्रस्तावों पर चर्चा की. ईरान का करीबी सहयोगी और उसके तेल का सबसे बड़ा आयातक चीन भी अमेरिकी नाकेबंदी से बढ़ते ऊर्जा संकट को लेकर चिंतित है. अमेरिकी नाकेबंदी के कारण ईरान के बंदरगाहों से तेल और गैस ले जाने वाले जहाजों की आवाजाही प्रभावित हो रही है.

इजरायल-लेबनान के बीच 10 दिनों का युद्धविराम, राष्ट्रपति ट्रंप ने किया एलान

0

इजरायल-लेबनान के बीच 10 दिनों का युद्धविराम, राष्ट्रपति ट्रंप ने किया एलान
पश्चिम एशिया में जारी शांति प्रयासों को थोड़ा और बल मिला है, क्योंकि इजरायली मीडिया ने सेना के हवाले से जानकारी दी कि गुरुवार से दक्षिणी लेबनान में संघर्ष विराम लागू हो गया है।यह युद्ध विराम 10 दिनों के लिए लागू है। हालांकि, हिजबुल्ला की तरफ से ऐसा कोई आश्वासन नहीं दिया गया है।

इससे पहले संघर्ष विराम के मुद्दे पर लेबनान के राष्ट्रपति जोसफ औन ने इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू से सीधी बात करने के इनकार कर दिया था। दोनों देशों के बीच 34 साल बात सीधी वार्ता को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने भी अपने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट जारी की थी।

इजरायल-लेबनान के बीच युद्धविराम
एपी के अनुसार, इजरायल और लेबनान के बीच 34 साल बाद शीर्ष स्तर की शांति वार्ता शुरू होने से पहले ही खत्म हो गई। इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू गुरुवार को लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन से बातचीत करनेवाले थे। हालांकि राष्ट्रपति औन ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से फोन पर बातचीत में साफ किया कि जब तक हिजबुल्ला से संघर्ष विराम नहीं होता, तब तक किसी तरह की बातचीत नहीं होगी।

लेबनान के एक अधिकारी ने बताया कि रूबियो ने भी औन से कहा कि वह स्थिति को समझ रहे हैं। गौरतलब है कि अमेरिकी ने सार्वजनिक रूप से लेबनान में युद्धविराम को एक पूर्व शर्त के रूप में अपना समर्थन नहीं दिया है, और इजरायली सरकार ने संभावित बैठक को हिजबुल्ला को निरस्त्र करने पर केंद्रित शांति वार्ता के रूप में प्रस्तुत किया है।इससे पहले, इस हफ्ते वॉशिशगटन में दोनों पक्षों के बीच राजदूत स्तर की बातचीत हुई थी। हालांकि, हिजबुल्ला ने इसका विरोध किया था।

इजरायल ने साफ किया है कि वह फिलहाल ईरान समर्थित हिजबुल्ला के खिलाफ चल रहे युद्ध को खत्म करने के पक्ष में नहीं है। इस संघर्ष में अब तक 2,196 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और 12 लाख से अधिक लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए हैं। उधर, इजरायली सेना ने लेबनान की लिटानी नदी पर स्थित उस आखिरी पुल को भी ध्वस्त कर दिया, जो दक्षिणी लेबनान को देश से जोड़ता था। दावा किया कि हिजबुल्ला के 70 आतंकी ठिकानों को एक मिनट के अंदर ध्वस्त कर दिया गया।हिजबुल्ला ने 24 घंटे में 39 सैन्य ठिकानों पर हमले का दावा किया।

चीन ने भी ईरान से की अपील
चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची से होर्मुज जलमार्ग में आवागमन फिर से शुरू करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस अहम समुद्री रास्ते का खुला रखना सभी देशों के हित में है। हालांकि, वांग यी ने कहा कि एक तरफ होर्मुज में ईरान की संप्रभुता और सुरक्षा का सम्मान किया जाना चाहिए, लेकिन दूसरी तरफ इस रास्ते से जहाजों के सुरक्षित और स्वतंत्र आवागमन की भी गारंटी जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि चीन संघर्ष विराम बनाए रखने और बातचीत फिर से शुरू करने का समर्थन करता है।