Home Blog Page 77

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पेश की आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट

0

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पेश की आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट
छत्तीसगढ़ का बजट पेश करने के एक दिन पूर्व 23 फरवरी को छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 रिपोर्ट पेश किया। इसमें उन्होंने वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) 11.57% बढ़ने का अनुमान जताया है। उन्होंने जीएसडीपी में 6.31 लाख करोड़ रुपए होने की संभावना जताई है।

उन्होंने बताया कि 2024-25 में 10.50% वृद्धि दर्ज की गई है, जिसमें कृषि में 11.76%, उद्योग में 9.91% और सेवा क्षेत्र में 10.08% की बढ़ोतरी हुई। सरकारी योजनाओं का सकारात्मक असर बताते हुए राज्य में प्रति व्यक्ति आय 2025- 26 में 1,79,244 रुपए होने का अनुमान जताया है, जो 2024-25 के 10.07 प्रतिशत से ज्यादा है।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इस बार के आर्थिक सर्वेक्षण में कृषि क्षेत्र में 12.53%, उद्योग क्षेत्र में 10.26%, सेवा क्षेत्र में 13.15% के साथ स्थिर भावों पर 8.11% वृद्धि का अनुमान जताया है।

भोजशाला मामले में पेश सर्वे रिपोर्ट पर दावे-आपत्तियों के लिए दो सप्ताह का समय

0

भोजशाला मामले में पेश सर्वे रिपोर्ट पर दावे-आपत्तियों के लिए दो सप्ताह का समय
मध्यप्रदेश के धार में स्थित भोजशाला मामले में सोमवार को इंदौर हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। एएसआई के सर्वे रिपोर्ट को लेकर पर कोर्ट ने कहा कि इसकी प्रति सभी पक्षकारों को दी जाए और उस पर दावे-आपत्तियां आमंत्रित की जाएं। कोर्ट ने इसके लिए दो सप्ताह का समय दिया है। अब अगली सुनवाई 16 मार्च को होगी।

सुनवाई जस्टिस विजय कुमार शुक्ला और जस्टिस आलोक अवस्थी के समक्ष हुई। कोर्ट ने सभी याचिकाकर्ताओं और प्रतिवादियों को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की सर्वे रिपोर्ट पर दो सप्ताह में अपनी आपत्तियां, सुझाव पेश करने के निर्देश दिए हैं।

हाईकोर्ट ने दिए निर्देश
एडवोकेट विनय जोशी के अनुसार हाईकोर्ट ने सभी पक्षों को निर्देशित किया कि वे एएसआई की 98 दिन तक चली वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट पर अपनी लिखित आपत्तियां और सुझाव अगली सुनवाई से पहले दाखिल करें।

रिपोर्ट का अध्ययन करेंगे
याचिकाकर्ता आशीष गोयल ने कहा कि 2100 पेज की रिपोर्ट में जिन तथ्यों का उल्लेख किया गया है। वे उत्साहजनक हैं। सर्वे में पुरानी मूर्तियां, श्लोक लिखे शिलालेख मिले हैं, जो साबित करते हैं कि वहां पहले भोजशाला थी, न कि कमाल मौला मस्जिद।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बिफरे ट्रंप, एक साथ कई देशों को दी चेतावनी

0

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बिफरे ट्रंप, एक साथ कई देशों को दी चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीति पर हाल ही में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले ने वैश्विक राजनीति में गजब का तहलका मचा दिया है। इसी बीच अब इस मामले में ट्रंप ने एक साथ कई देशों को बड़ी चेतावनी दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि जो भी देश अमेरिका के टैरिफ के मामले में खेल खेलने की कोशिश करेगा, उसे भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। ट्रंप ने अपने बयान में सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले को बेतुका बताते हुए कहा कि कुछ देश इस फैसले का फायदा उठाने की कोशिश कर सकते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कई देश वर्षों, यहां तक कि दशकों से अमेरिका का आर्थिक रूप से फायदा उठाते रहे हैं। इतना ही नहीं ट्रंप ने साफ शब्दों में यह भी कहा कि अगर कोई देश हाल ही में हुए समझौतों के बावजूद अमेरिका के साथ चालाकी करने की कोशिश करेगा, तो उस पर पहले से तय टैरिफ (आयात शुल्क) से भी ज्यादा टैरिफ लगाया जाएगा।

ऐसे देश के खिलाफ सख्त कदम उठाने की धमकी दी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आगे कहा कि हाल ही में अमेरिका के साथ समझौता करने के बाद अगर कोई देश चालाकी करता है तो ऐसे देशों के खिलाफ और भी कड़े कदम उठाए जा सकते हैं। अपने बयान में उन्होंने साफ किया कि ट्रंप ने उनकी सरकार अमेरिका के आर्थिक हितों की रक्षा के लिए सख्त कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगी।

बता दें कि ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका कई देशों के साथ व्यापार समझौतों और टैरिफ को लेकर बातचीत कर रहा है। माना जा रहा है कि यह संदेश उन देशों के लिए है जो व्यापार नियमों या न्यायिक फैसलों का फायदा उठाकर अमेरिका पर दबाव बनाने की कोशिश कर सकते हैं।

मासिक दुर्गाष्टमी : कल बरसेगी मां दुर्गा की असीम कृपा, नोट कर लें पूजा का सबसे शुभ मुहूर्त और विधि

0

मासिक दुर्गाष्टमी : कल बरसेगी मां दुर्गा की असीम कृपा, नोट कर लें पूजा का सबसे शुभ मुहूर्त और विधि
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, हर महीने के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि शक्ति की उपासना के लिए समर्पित होती है। इस बार 24 फरवरी को फाल्गुन मास की मासिक दुर्गाष्टमी मनाई जाएगी। यह दिन मां दुर्गा के भक्तों के लिए बेहद खास है, क्योंकि माना जाता है कि इस दिन व्रत रखने और श्रद्धा भाव से पूजा करने से मां दुर्गा सभी मनोकामनाएं पूरी करती हैं।

कब से कब तक है अष्टमी तिथि?
हिंदू कैलेंडर के मुताबिक, फाल्गुन शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि की शुरुआत 24 फरवरी को सुबह 7:01 बजे हो रही है, जो अगले दिन 25 फरवरी को सुबह 4:51 बजे समाप्त होगी। उदयातिथि के अनुसार, दुर्गाष्टमी का व्रत 24 फरवरी को ही रखा जाएगा।

पूजा के लिए सबसे श्रेष्ठ समय:
ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 5:23 से 6:12 तक

सर्वार्थ सिद्धि योग: सुबह 7:01 से शुरू (इस समय में की गई पूजा का फल कई गुना बढ़ जाता है)

गोधूलि मुहूर्त: शाम 6:40 से 7:05 तक

कैसे करें मां को प्रसन्न? (Step-by-Step Puja Method)
मां दुर्गा की पूजा बहुत ही सादगी और सच्ची श्रद्धा से की जाती है।

संकल्प और सफाई: सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और मंदिर की सफाई करें। साफ कपड़े पहनकर हाथ में जल लेकर व्रत का संकल्प लें।

स्थापना: एक चौकी पर लाल कपड़ा बिछाकर मां दुर्गा की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें।

श्रृंगार और अर्पण: मां को गंगाजल से स्नान कराएं, सिंदूर लगाएं और लाल फूल चढ़ाएं। यदि संभव हो तो मां को सोलह श्रृंगार की सामग्री जरूर भेंट करें।

पाठ और मंत्र: पूजा के दौरान धूप-दीप जलाएं। मां के शक्तिशाली मंत्रों का जाप करें और दुर्गा चालीसा या दुर्गा सप्तशती का पाठ करें।

भोग: मां को फल, मिठाई या घर में बना हलवा-पूरी अर्पित करें।

आरती: पूजा के अंत में मां की कपूर से आरती उतारें और अपनी गलतियों के लिए क्षमा मांगें।

होलाष्टक और दुर्गाष्टमी का संयोग
विशेष बात यह है कि इस साल 24 फरवरी से ही होलाष्टक की शुरुआत भी हो रही है। होलाष्टक के दौरान भले ही शुभ कार्य (जैसे शादी या गृह प्रवेश) वर्जित होते हैं, लेकिन देवी-देवताओं की पूजा और मंत्रों का जाप करना अत्यंत लाभकारी माना जाता है। ऐसे में दुर्गाष्टमी पर मां की आराधना करने से नकारात्मक ऊर्जा का नाश होता है और घर में सुख-शांति बनी रहती है।

लखनऊ में डबल डेकर बस पलटी, हादसे में 5 लोगों की दर्दनाक मौत

0

लखनऊ में डबल डेकर बस पलटी, हादसे में 5 लोगों की दर्दनाक मौत
लखनऊ में सोमवार (23 फरवरी) को एक डबल डेकर बस पलट गई. इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई और 16 लोग घायल हो गए. बताया जा रहा है कि ड्राइवर को झपकी आ गई जिससे ये बड़ा हादसा हो गया. ये डबल डेकर बस लुधियाना से दरभंगा जा रही थी. गोसाईगंज थाने के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा हो गया. KGMU के ट्रामा सेंटर में घायलों को इलाज के लिए भर्ती किया गया है. गंभीर रूप से घायलों को ग्रीन कॉरिडोर बना कर ट्रामा सेंटर ले जाया गया.

क्रेन से बस को उठाया गया
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. क्रेन से बस को उठा गया और मौके पर एंबुलेंस बुलाई गई. आस पास मौजूद लोग घायलों की मदद के लिए आगे आए. घटनास्थल पर पुलिस की टीम पहुंची.

ड्राइवर ने शराब पी रखी थी- यात्री
एक शख्स ने बताया, “अररिया जाने के लिए मैं सोनीपत से बस में चढ़ा. ड्राइवर ने शराब पी रखी थी. एक शराब की बोतल भी मिली है. मेरी पीठ पर चोट लगी है. पुलिस की टीम घटनास्थल पर तुरंत पहुंच गई. आधे लोगों को हमने हादसे के बाद बस से निकाला.” एक और शख्स ने बताया, “कुछ लोग बचने के लायक नहीं हैं. बस डगमगाने लगी और पांच मिनट के बाद पलट गई.” हादसे में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

हादसे पर पुलिस ने कहा कि इस हादसे में एक महिला, एक पुरुष और तीन बच्चों की दुखद मौत हो गई. घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है. आगे की कार्रवाई के आदेश दे दिए गए हैं.

कुछ लोग क्रिटकल हैं- डिविजनल कमिश्नर
लखनऊ के डिविजनल कमिश्नर विजय विश्वास पंत ने कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता घायलों का इलाज है. हमारी कोशिश है कि जान-माल का नुकसान कम से कम हो. गंभीर रूप से घायल लोगों को रेफर किया गया है. कुल लोग क्रिटकल हैं.

‘कांतारा 2’ के दैव वाले सीन की मिमिक्री कर कानूनी पचड़े में फंसे थे रणवीर सिंह

0

‘कांतारा 2’ के दैव वाले सीन की मिमिक्री कर कानूनी पचड़े में फंसे थे रणवीर सिंह
रणवीर सिंह एक तरफ फिल्म धुरंधर की सक्सेस एंजॉय कर रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ वो फिल्म कांतारा: चैप्टर 1 को लेकर भी विवादों में फंसे हुए हैं. दरअसल, एक इवेंट में रणवीर सिंह ने कांतारा 2 के दैव वाले सीन की मिमिक्री की थी. इसके बाद वो काफी विवादों में आ गए थे. उनके ऊपर एफआईआर भी दर्ज हुई थी. अब रणवीर सिंह ने इस मामले में कर्नाटक हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. रणवीर सिंह ने अपने खिलाफ FIR रद्द करने के लिए कर्नाटक हाई कोर्ट में अर्जी दी है.

रणवीर सिंह सिर्फ तारीफ कर रहे थे
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, रणवीर सिंह के लीगल रिप्रेजेंटेटिव कर्नाटक हाई कोर्ट गए. उन्होंने कहा कि रणवीर का किसी की इंसल्ट करने का कोई इरादा नहीं था. एक्टर सिर्फ ऋषभ शेट्टी की शानदार परफॉर्मेंस की तारीफ कर रहे थे. इसी के साथ उनके फिल्म की कहानी कहने के स्टाइल की तारीफ कर रहे थे.

उन्होंने कहा कि रणवीर ऋषभ शेट्टी की तारीफ कर रहे थे जिसे गलत तरीके से देखा गया. उन्होंने कहा- रणवीर की तारीफ को क्रिमिनल एक्ट के तौर पर देखा गया.

बता दें कि ये घटना 28 नवंबर 2025 की है. जब वो गोवा में हुए 56वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया में ऋषभ शेट्टी के काम की तारीफ कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने कांतारा 2 के दैव वाले सीन की तारीफ भी की थी.

रणवीर सिंह के काम की बात करें तो पिछली बार उन्हें फिल्म धुरंधर में देखा गया था. इस फिल्म को आदित्य धर ने बनाया. फिल्म में आदित्य की एक्टिंग को काफी पसंद किया गया. रणवीर की इस फिल्म ने रिकॉर्ड ब्रेक कमाई की. फिल्म में संजय दत्त, आर माधवन, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन जैसे स्टार्स थे.

अब फिल्म का दूसरा पार्ट भी आने वाला है. दूसरा पार्ट 19 मार्च को रिलीज होगा. फिल्म का क्लैश यश की टॉक्सिक से होने वाला है.

इन 2 टीमों का सेमीफाइनल में पहुंचना कंफर्म

0

इन 2 टीमों का सेमीफाइनल में पहुंचना कंफर्म
2026 टी20 वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल की रेस काफी दिलचस्प हो गई है. दक्षिण अफ्रीका, भारत, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, पाकिस्तान, जिम्बाब्वे, न्यूजीलैंड और श्रीलंका ने सुपर-8 में क्वालीफाई किया है. अब इनमें से चार टीमें सेमीफाइनल में जाएंगी. सुपर-8 में इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका ने जीत के साथ आगाज किया. वहीं श्रीलंका और भारत अपना पहला मैच हार गए हैं. यहां जानिए सेमीफाइनल के लिए अब ताजा समीकरण क्या है.

1- भारत
भारत को अपने सुपर-8 के पहले मैच में 76 रनों से हार का सामना करना पड़ा है. इस बड़ी हार की वजह से उसका नेट रन रेट काफी खराब है. अभी भारत को जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज से भिड़ना है. टीम इंडिया को हर हाल में इन दोनों मैच को जीतना होगा. अब अगर एक भी मैच भारत हारता है तो फिर सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो जाएगा.

2- दक्षिण अफ्रीका
दक्षिण अफ्रीका ने पहला मैच जीतकर सेमीफाइनल के लिए मजबूत दावा ठोका है. अब एक जीत के बाद वो सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगा. दक्षिण अफ्रीका को सुपर-8 में अभी जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलना है. अगर बाकी दोनों मैच दक्षिण अफ्रीकी टीम हार जाती है तो वो बाहर हो जाएगी.

3- पाकिस्तान
पाकिस्तान का सुपर-8 का पहला मैच बारिश में धुल गया था. न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच रद्द होने से पाक टीम को एक अंक मिल गया था. अब पाकिस्तान को श्रीलंका और इंग्लैंड से भिड़ना है. टीम सिर्फ एक जीत के साथ भी सेमीफाइनल की रेस में बनी रहेगी, लेकिन सीधे क्वालीफाई करने के लिए उसे दोनों मैच जीतने होंगे. अगर वो एक मैच जीत पाती है तो फिर नेट रन रेट के आधार पर फैसला होगा.

4- न्यूजीलैंड
न्यूजीलैंड का हाल बिल्कुल पाकिस्तान जैसा है. कीवी टीम को भी पाक के खिलाफ मैच रद्द होने पर एक प्वाइंट मिल गया था. अब न्यूजीलैंड को श्रीलंका और इंग्लैंड से भिड़ना है. ऐसे में उन्हें सीधे सेमीफाइनल में जाने के लिए दोनों मैच जीतने होंगे. वहीं एक मैच जीतने पर नेट रन रेट के आधार पर फैसला होगा.

5- वेस्टइंडीज
वेस्टइंडीज ने अभी सुपर-8 में अपना पहला मैच नहीं खेला है. सुपर-8 में वेस्टइंडीज का पहला मैच जिम्बाब्वे से है, जो सोमवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है.

6- जिम्बाब्वे
जिम्बाब्वे ने भी सुपर-8 में अपना पहला मैच नहीं खेला है. वो सोमवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ मैदान पर है. इस मैच के रिजल्ट के बाद उनकी आगे की तस्वीर साफ होगी.

7- श्रीलंका
श्रीलंका को इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है. सुपर-8 का अपना पहला मैच हारने के बाद अब श्रीलंका को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अपने बाकी दोनों मैच हर हाल में जीतने होंगे. श्रीलंका को पाकिस्तान और न्यूजीलैंड से भिड़ना है.

8- इंग्लैंड
दक्षिण अफ्रीका की तरह इंग्लैंड ने भी जीत के साथ सुपर-8 का आगाज किया. अब सीधे सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए उसे बाकी दोनों मैच जीतने होंगे. अगर वो एक मैच हारता भी है तो नेट रन रेट के आधार पर फैसला होगा. इंग्लैंड बाहर तभी होगा, जब बाकी अपने दोनों मैच हार जाता है.

तेजस फाइटर जेट की उड़ानों पर रोक, भारतीय वायुसेना का एक्शन

0

तेजस फाइटर जेट की उड़ानों पर रोक, भारतीय वायुसेना का एक्शन
भारत का स्वदेशी फाइटर जेट एलसीए तेजस इस महीने की शुरुआत में संदिग्ध ब्रेक फेल होने के बाद एयरबेस पर रनवे से आगे निकल गया, जिससे विमान को भारी नुकसान पहुंचा. हिन्दुस्तान ऐरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने साफ किया है कि LCA तेजस विमान के किसी भी प्रकार के दुर्घटनाग्रस्त होने की कोई घटना नहीं हुई है. HAL का कहना है कि जिस घटना का जिक्र किया जा रहा है वह उड़ान के दौरान नहीं, बल्कि जमीन पर एक मामूली तकनीकी घटना थी.

तेजस बेड़े की जांच के आदेश
भारतीय वायुसेना ने सभी तेजस फाइटर जेट के उड़ान पर फिलहाल रोक लगा दी है. हालिया घटना 7 फरवरी 2026 की है, जब वायुसेना का हल्का लड़ाकू विमान तेजस प्रशिक्षण उड़ान के बाद लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार हो गया. इस दुर्घटना में विमान का पायलट सही सलामत बाहर निकल गया. इस घटना के बाद वायुसेना ने पूरे तेजस बेड़े की जांच के आदेश दिए हैं ताकि तकनीकी खराबी का पता लगाया जा सके.

जांच के बाद ही उड़ान भरेगा तेजस फाइटर जेट
जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती तब तक कोई भी तेजस उड़ान नहीं भरेगा. 17 अक्टूबर 2025 को रक्षा मंत्री ने एचएएल के नासिक परिसर में LCA एमके 1A की तीसरी उत्पादन लाइन का उद्घाटन किया था। एलसीए एमके 1A की वार्षिक उत्पादन क्षमता 24 विमानों तक पहुंच गई है. LCA तेजस के लिए अमेरिकी कंपनी जनरल इलेक्ट्रिक (जीई) भारत के हिन्दुस्तान एयरोनाटिक्स लिमिटेड (एचएएल) को इंजन की सप्लाई कर रही है. अमेरिकन कंपनी जनरल इलेक्ट्रिक व एचएएल के बीच यह समझौता भारत के इस स्वदेशी फाइटर जेट के इंजन को लेकर है.

दुबई एयर शो के दौरान हुआ था क्रैश
इससे पहले मार्च 2024 में जैसलमेर और नवंबर 2025 में दुबई एयर शो के दौरान तेजस फाइटर प्लेन क्रैश हो चुके हैं. दुबई एयर शो 2025 में यह भारतीय लड़ाकू विमान एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में क्रैश हो गया था। इस हादसे के बाद एचएएल ने एक आधिकारिक स्पष्टीकरण पत्र जारी किया था, जिसमें स्पष्ट किया गया था कि यह घटना पूरी तरह से असाधारण परिस्थितियों में हुई एक सिंगल घटना है. विमान के गिरते ही उसमें आग गई और एयरपोर्ट के ऊपर काले धुएं का गुबार देखा गया. एयरफोर्स के अनुसार इस हादसे में हिमाचल प्रदेश के रहने वाले पायलट विंग कमांडर नमांश स्याल की मौत हो गई थी.

जैसलमेर में तेजस फाइटर जेट का इंजन फेल
साल 2024 में राजस्थान के जैसलमेर शहर से दो किलोमीटर दूर तेजस फाइटर जेट क्रैश हुआ था. पोखरण में जारी भारत शक्ति युद्धाभ्यास के दौरान तेजस मार्च 2024 में क्रैश हो गया था और शहर के पास ही जवाहर नगर स्थित भील समाज के हॉस्टल पर जा गिरा. यह हादसा इंजन फेल होने की वजह से हुई थी.

₹50 हजार सैलरी पर रिटायरमेंट में ₹5.5 करोड़! ऐसे बनेगा बड़ा फंड

0

₹50 हजार सैलरी पर रिटायरमेंट में ₹5.5 करोड़! ऐसे बनेगा बड़ा फंड
काम करना जरूरी है, लेकिन भविष्य में आने वाली किसी आपातकालीन परिस्थिति का सामना करने के लिए सेविंग्स का होना भी बहुत जरूरी है. इतनी तैयारी होनी चाहिए कि अगर इमरजेंसी में पैसों की जरूरत पड़ जाए, तो किसी के आगे हाथ नहीं फैलाना पड़े. सरकार की तरफ से दी जाने वाली कई ऐसी सेविंग्स स्कीम्स हैं, जिनके जरिए आप लंबे समय में बड़ा फंड तैयार कर सकते हैं.

सेविंग्स के सफर में PF की लें मदद
PF यानी कि भविष्य निधि भी सेविंग्स के आपके इस सफर का बड़ा सहारा बन सकता है. मिसाल के तौर पर अगर आपकी सैलरी 50000 रुपया प्रति महीना है, तो आप 5.5 करोड़ रुपये तक का फंड जमा कर सकते हैं.

वैसे तो केंद्र सरकार कई तरह की स्कीम चलाती है. इन्हीं में से एक है EPFO. यह खासतौर पर निजी संस्थानों में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए बेहद फायदेमंद है. प्राइवेट कंपनी में काम करने वाला व्यक्ति EPFO ​​द्वारा चलाई जाने वाली PF स्कीम के जरिए 5 करोड़ रुपये से ज्यादा इंवेस्ट कर सकता है.

यहां समझें पूरा कैलकुलेशन
PF एक ऐसी सरकारी स्कीम है, जिसमें आपकी बेसिक सैलरी का 12 परसेंट हर महीने कटता है और उतनी ही रकम कंपनी की तरफ से जमा की जाती है. ऐसे में अगर कोई कर्मचारी 50000 रुपये महीने की सैलरी पर काम करता है, तो वह समय के साथ ब्याज के फायदे से 5 करोड़ रुपये से ज्यादा का फंड जुटा सकता है. फिलहाल पीएफ पर सालाना 8.25 परसेंट की दर से ब्याज मिलता है.

पीएफ अकाउंट में जमा पैसे पर मिलने वाला ब्याज कम्पाउंडिंग के आधार पर बढ़ता जाता है. साधारण ब्याज में आपको सिर्फ आपकी जमा राशि पर ब्याज मिलता है, लेकिन पीएफ में पिछले साल ब्याज और मेन बैलेंस, दोनों को मिलाकर ब्याज मिलता है. इससे इसमें जमा राशि और तेजी से बढ़ती जाती है. ऐसे में कम्पाउंडिंग ब्याज के साथ 50000 की सैलरी पर आपकी रकम हर साल 6 परसेंट की दर से बढ़ रही होती है.

अब अगर आपकी सैलरी हर महीने 50 हज़ार रुपये है, तो सैलरी के 12 परसेंट के हिसाब से आपके PF में कुल 24 हजार रुपये जमा होंगे और अगर आप 22 साल की उम्र में इन्वेस्ट करना शुरू करते हैं, तो 60 साल बाद आपके अकाउंट में कुल 1,36,38,805 रुपये जमा होंगे. वहीं, अगर आप इसमें 8.25 परसेंट की दर से ब्याज जोड़ते हैं, तो यह 4,20,45,241 होगा. अगर आप इन दोनों को जोड़ते हैं, तो 60 साल बाद आपके पास कुल 5,56,84,046 रुपये होंगे. इसका मतलब है कि रिटायरमेंट के बाद आपके पास 5.5 करोड़ रुपये से ज्यादा होंगे.

AI समिट में शर्टलैस प्रदर्शन पर पीएम मोदी का कांग्रेस पर हमला

0

AI समिट में शर्टलैस प्रदर्शन पर पीएम मोदी का कांग्रेस पर हमला
देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में इंडियन यूथ कांग्रेस के शर्टलैस प्रदर्शन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस पर जमकर बरसे. पीएम मोदी ने निशाना साधते हुए कहा, ‘कांग्रेस ने वैश्विक आयोजन को अपनी गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया. देश की जनता जानती हैं कि आप पहले से ही नंगे हैं.’

क्या बोले पीएम मोदी?
पीएम मोदी ने कहा, ‘देश में ही कुछ राजनीतिक दल हैं, जो भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे हैं. अभी आपने देखा कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा AI सम्मेलन हुआ. मेरठ के लोगों से पूछना चाहता हूं कि ये जो AI सम्मेलन हुआ, आपको गर्व हुआ कि नहीं हुआ?…पूरा देश गर्व से भर गया, लेकिन कांग्रेस और इसके इको सिस्टम ने क्या किया. कांग्रेस ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया. समारोह स्थल पर विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतारकर पहुंच गए. मैं कांग्रेस वालों को पूछता हूं कि देश जानता है कि आप पहले से ही नंगे हो, फिर कपड़े उतारने की जरूरत क्यों पड़ी?’

कांग्रेस देश को ही बदमान करने में जुटी – पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘कांग्रेस नेताओं ने जो कुछ किया वो दिखाता है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी वैचारिक रूप से कितनी दरिद्र हो गई है. कोई कल्पना नहीं कर सकता है. हम तो वो लोग हैं, जो गांव में किसी के यहां शादी होती है तो पूरा गांव उसे सफल बनाने में जी जान से जुट जाता है, ताकि मेहमान गांव की अच्छी छवि लेकर जाए, लेकिन कांग्रेस तो अपने ही देश को बदनाम करने में जुटी है.

‘ये लोग मेरी कब्र खोदना चाहते’
उन्होंने निशाना साधते हुए कहा, ‘कांग्रेस के नेताओं को मोदी से नफरत है. ये लोग मेरी कब्र खोदना चाहते हैं. मेरी मां को गाली देने से कोई परहेज नहीं है. उन्हें बीजेपी-एनडीए से विरोध है. आपकी राजनीति में यही करना जरूरी है. हम इसको भी सहन कर लेंगे. कांग्रेस को याद करना चाहिए था कि AI समिट बीजेपी का समारोह नहीं था और न ही बीजेपी का कोई नेता वहां मौजूद था. ये देश का कार्यक्रम था. कांग्रेस ने परसों सारी मर्यादाएं तोड़ दीं, पूरा देश इस कांग्रेस की रीति, नीति पर थू थू कर रहा है. इतनी बड़ी पार्टी के नेता लाजने के बजाए गाजते हैं, देश की बेइज्जती करने वालों का जयकारा कर रहे हैं.’

क्या है पूरा मामला?
इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान शुक्रवार (20 फरवरी) को यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंदर घुसकर प्रोटेस्ट किया और कथित बेरोजगारी, महंगाई और भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की थी. कुछ प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान अपनी शर्ट उताकर इंडिया एआई समिट के डिस्प्ले बोर्ड के सामने खड़े होकर नारेबाजी करते हुए तस्वीरें खिंचवाईं. इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था.