Home Blog Page 12

वीडी सतीशन के नाम केरल के नए सीएम का हुआ ऐलान

0

वीडी सतीशन के नाम केरल के नए सीएम का हुआ ऐलान
केरल के मुख्यमंत्री पद के लिए कांग्रेस द्वारा वी. डी. सतीशन के नाम का ऐलान किए जाने के बाद बृहस्पतिवार को पार्टी नेताओं और नवनिर्वाचित विधायकों ने उन्हें बधाई दी. केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने फेसबुक पर सतीशन की एक तस्वीर साझा की और लिखा, ‘‘केरल के 24वें मुख्यमंत्री वी डी सतीशन को बहुत-बहुत बधाई.’’

सांसद शफी परम्बिल ने भी सतीशन को केरल का मुख्यमंत्री चुने जाने पर बधाई दी.केपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष परम्बिल ने एक फेसबुक पोस्ट में सतीशन को कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की सरकार का नेता बताया और उन्हें शुभकामनाएं दीं.कांग्रेस नेता और विधायक वी टी बलराम ने भी सतीशन को बधाई देते हुए कहा कि यह घोषणा जनता की इच्छा को दर्शाती है.

बलराम ने फेसबुक पर लिखा कि यह एक ऐसी घोषणा थी जिसका केरल इंतजार कर रहा था. उन्होंने इसे उन लोगों की भावनाओं की औपचारिक पुष्टि बताया जिन्होंने पहले ही उन्हें अपना नेता मान लिया था.बलराम ने कहा, ‘‘एक सच्ची लोकतांत्रिक पार्टी जनहित का सम्मान करके ही फैसले लेती है और मौजूदा जनभावनाओं को नजरअंदाज नहीं कर सकती.’’

उन्होंने कहा कि सतीशन एक ऐसे अभूतपूर्व जन समर्थन के बीच पदभार ग्रहण कर रहे हैं, जो किसी राजनीतिक नेता के लिए विरले ही देखा जाता है. बलराम ने कहा कि सतीशन की इस पदोन्नति को केवल कांग्रेस या यूडीएफ के मुख्यमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि केरल की जनता के मुख्यमंत्री के रूप में देखा जाना चाहिए.उन्होंने अपनी पोस्ट का समापन यह कहते हुए किया, ‘‘हम यह कर सकते हैं, क्योंकि यह केरल है.’’

CSK को बड़ा झटका, जेमी ओवरटन बाहर

0

CSK को बड़ा झटका, जेमी ओवरटन बाहर
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने IPL 2026 के बीच चोटिल जेमी ओवरटन (Jamie Overton) के रिप्लेसमेंट का एलान कर दिया है. फ्रेंचाइजी ने डियान फॉरेस्टर (Dian Forrester) को अपना हिस्सा बनाया है. डियान दक्षिण अफ्रीका से आने वाले पेस बॉलिंग ऑलराउंडर हैं. वह अफ्रीका के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट खेलते हैं.

25 साल के डियान को चेन्नई ने 75 लाख रुपये की कीमत में अपने साथ जोड़ा. यह अपडेट आईपीएल की तरफ से दिया गया. एक रिलीज में रिप्लेसमेंट के बारे में बताया गया.

ओवरटन का दमदार प्रदर्शन
ओवरटन सीजन में गेंद और बल्ले से चेन्नई के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए नजर आ रहे थे. उन्होंने सीजन में 13 मैच खेले. इन मैचों की 13 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 23.71 की औसत से 14 विकेट लिए, जिसमें बेस्ट फिगर 4/18 का रहा. इकॉनमी 9.76 की रही. बैटिंग करते हुए ओवरटन ने 8 पारियों में 34 की औसत से 136 रन बनाए, जिसमें हाई स्कोर 43* रनों का रहा.

ओवरटन के रिप्लेसमेंट के लिए आईपीएल की रिलीज
रिलीज में लिखा गया, “डियान फॉरेस्टर को चोटिल जेमी ओवरटन के जगह पर रखा गया है.” रिलीज में आगे बताया गया कि ओवरटन दाहिनी जांघ में चोट के कारण बाकी के सीजन से बाहर हो गए हैं. चेन्नई ने भी ओवरटन की इंजरी को लेकर अपडेट जारी किया था. हालांकि उसमें यह नहीं बताया गया था कि ओवरटन पूरे सीजन से बाहर हुए हैं. अब यह साफ हो चुका है.

देवास पटाखा फैक्ट्री धमाका, 90 प्रतिशत तक झुलसे श्रमिक

0

देवास पटाखा फैक्ट्री धमाका, 90 प्रतिशत तक झुलसे श्रमिक
टोंककला में पटाखा फैक्ट्री में धमाकों के बाद मची चीख-पुकार के दर्दनाक मंजर का सामना करने के बाद जब कम घायल श्रमिक एम्बुलेंस और डायल 112 की मदद से जिला अस्पताल पहुंचे तो अधिकांश बदहवास हालत में थे। इनके साथ एंबुलेंस, डायल-112 वाहनों में अधिक गंभीर घायल, शव भी थे। जैसे ही डॉक्टरों ने जांच करके तीन के मृत होने की पुष्टि की तो उनके साथी फफक पड़े।

एक-दूसरे को संभालते हुए ये कुछ दूर जाकर बैठ गए, स्वास्थ्य कर्मियों को पता चला तो इनके पास पहुंचकर ढांढस बंधाया और जो घायल हैं, उनकी देखभाल की बात कही। बिहार के अररिया जिले के निवासी अंजेश कुमार ने बताया वो एक महीने पहले ही पटाखा फैक्ट्री में काम करने आए हैं। उनके कुछ दोस्त यहां पहले से काम करते थे, उनके माध्यम से यहां पहुंचे थे। एक माह में ही यह हादसा हो गया।

आधे घंटे तक रहा अफरा-तफरी का माहौल
जिला अस्पताल में पहला घायल सुबह 11.25 बजे पहुंचा। इसके पूरे शरीर पर बारूद चिपकी थी हालांकि उसे गंभीर चोट नहीं थी। इसके बाद 11.31 बजे पुलिस वाहन से छह घायल एक साथ लाए गए थे फिर दो-दो मिनट के अंतराल में दो वाहनों से चार घायल लाए गए। 11.41 बजे पहला शव जिला अस्पताल पहुंचा, इसके चार मिनट बाद दूसरा शव लाया गया। 11.52 बजे बड़ी एंबुलेंस से चार घायल व तीसरा शव आया। श्रमिक निक्कू कुमार ने बताया वो पास में ही मशीन पर काम कर रहे थे, अचानक धमाका हो गया, पता ही नहीं चला कैसे क्या हुआ।

मजदूरों की दास्तां… 12 घंटे की ड्यूटी और ठेकेदार का माध्यम
श्रमिक विपिन कुमार ने बताया वो अररिया जिले के पिठौरा निवासी छोटू के माध्यम से फैक्ट्री में काम करने आए थे। यहां 12 घंटे की ड्यूटी करते थे और 15 हजार वेतन मिलता था। जिस समय हादसा हुआ उस समय श्रमिक ही काम कर रहे थे, कंपनी प्रबंधन का कोई भी जिम्मेदार मौजूद नहीं था। धमाके के बाद काफी देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची थी।

राहत कार्य में जुटे 110 से ज्यादा स्वास्थ्य व पुलिसकर्मी
हादसे के बाद मौके पर व घायलों को जिला अस्पताल तक लाने में पुलिस के 50 से अधिक अधिकारी व कर्मचारी लगे रहे। आरएमओ डॉ. अजय पटेल ने बताया जिला अस्पताल में 17 डॉक्टरों सहित 60 से अधिक नर्सिंग ऑफिसर, वार्ड बॉय व अन्य सहायकों ने जिम्मेदारी संभाली। सभी घायलों को त्वरित उपचार दिया गया, जिनकी हालत गंभीर थी उनको रेफर करवाया गया।

कई श्रमिक 90 प्रतिशत से ज्यादा झुलसे
उपचार करने वाले डॉक्टरों ने बताया जिन गंभीर मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है, उनमें से कई 90 प्रतिशत से अधिक झुलस चुके थे। कई घायलों की ऊपरी त्वचा पूरी तरह जल गई थी। रेफर हो रहे कुछ मरीजों से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया ने चर्चा की और उनको ढांढस बंधाया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिल्ली मेट्रो में किया सफर

0

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिल्ली मेट्रो में किया सफर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरूवार को दिल्ली प्रवास के दौरान मेट्रो ट्रेन से सफर कर मितव्ययता का उदाहरण प्रस्तुत किया। उल्लेखनीय है कि देश में बढ़ते ट्रैफिक दबाव, प्रदूषण और वर्तमान वैश्विक संकट के दृष्टिगत भविष्य के लिए ईंधन की बचत और वर्तमान में की जा रही खपत को कम करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने लगातार पब्लिक ट्रांसपोर्ट और मेट्रो के अधिक उपयोग की अपील की है। इसी दिशा में एक सकारात्मक पहल करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिल्ली के शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन से एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन मेट्रो में यात्रा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आम यात्रियों के बीच रहकर सफर किया और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के महत्व को रेखांकित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मेट्रो सफर की सभी नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के साथ ही प्रशासनिक क्षेत्र में काफी चर्चा रही। इसे एक प्रतीकात्मक और प्रभावशाली संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें आम नागरिकों को भी यह प्रेरणा मिलती है कि यदि जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर सकते हैं, तो सभी इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना सकते हैं।

धार भोजशाला विवाद पर कल आएगा इंदौर हाईकोर्ट का फैसला

0

धार भोजशाला विवाद पर कल आएगा इंदौर हाईकोर्ट का फैसला
इंदौर में धार के विवादित भोजशाला और कमाल मौला मस्जिद पर शुक्रवार (15 मई) को फैसला आ सकता है. सुप्रीम कोर्ट के वकील और हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस के सीनियर अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन ने एक्स पर इसकी जानकारी दी है.

दरअसल, छह अप्रैल 2026 से सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर इंदौर हाईकोर्ट में नियमित सुनवाई जारी थी. वहीं दो दिन पहले सभी पक्षों की सुनवाई पूरी हो चुकी है. पांच याचिकाओं और तीन इंटरवेंशन को सुनने के बाद इंदौर हाईकोर्ट डबल बैंच ने फैसला सुरक्षित रखा था.

उच्च न्यायालय की इंदौर पीठ के न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला और न्यायमूर्ति आलोक अवस्थी ने इस मामले से संबंधित पांच याचिकाओं और एक रिट अपील पर छह अप्रैल से नियमित सुनवाई शुरू की. सभी संबद्ध पक्षों की दलीलें सुनने के बाद खंडपीठ ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया.

सभी पक्षों ने पेश कीं दलीलें
यह सुनवाई विवादित स्मारक से जुड़े अलग-अलग धार्मिक विश्वासों, ऐतिहासिक दावों, कानूनी प्रावधानों की जटिलताओं के साथ ही हजारों दस्तावेजों की पृष्ठभूमि में हुई. सुनवाई के दौरान हिंदू, मुस्लिम और जैन समुदायों के याचिकाकर्ताओं ने विस्तृत दलीलें पेश कीं और स्मारक में अपने-अपने समुदाय के लोगों के लिए उपासना का विशेष अधिकार मांगा. यह स्मारक भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा संरक्षित है.

हिंदू पक्ष मंदिर मुस्लिम पक्ष मानता है मस्जिद
बता दें कि धार की भोजशाला को हिंदू समुदाय वाग्देवी (देवी सरस्वती) का मंदिर मानता है, जबकि मुस्लिम पक्ष इस स्मारक को कमाल मौला मस्जिद बताता है. वहीं, जैन समुदाय के एक याचिकाकर्ता ने विवादित परिसर में मध्यकालीन जैन मंदिर और गुरुकुल होने का दावा किया है और कहा है कि लंदन के ब्रिटिश म्यूजियम में रखी जिस मूर्ति को हिंदू समुदाय भोजशाला में स्थापित वाग्देवी की प्रतिमा बता रहा है, वह असल में जैन यक्षिणी अम्बिका की मूर्ति है.

PM मोदी ने ब्रिक्स सम्मेलन में आए विदेश मंत्रियों से की भेंट

0

PM मोदी ने ब्रिक्स सम्मेलन में आए विदेश मंत्रियों से की भेंट
भारत की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने आए सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (14 मई, 2026) को मुलाकात की है. विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक पुष्टि करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम पहले से ही निर्धारित था. पीएम मोदी ने सेवा तीर्थ (प्रधानमंत्री कार्यालय/PMO) में सभी विदेश मंत्रियों के साथ संयुक्त रूप में मुलाकात की. इसके बाद तय कार्यक्रम के मुताबिक, शाम 7 बजे विदेश मंत्री एस. जयशंकर की तरफ से भारत मंडपम में डिनर का आयोजन किया जाएगा.

आबकारी नीति केस से अलग हुईं जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा

0

आबकारी नीति केस से अलग हुईं जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा
आबकारी नीति केस की सुनवाई से दिल्ली हाई कोर्ट की जज जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा ने खुद को अलग कर लिया. इस पर दिल्ली के पूर्व सीएम और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सत्य की जीत हुई. गांधी जी के सत्याग्रह की एक बार फिर जीत हुई. गुरुवार (14 मई) को जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा ने आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, दुर्गेश पाठक, संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज और अन्य के खिलाफ आबकारी नीति मामले के संबंध में उनके विरुद्ध सोशल मीडिया पर अपमानजनक पोस्ट करने के लिए आपराधिक अवमानना ​​की कार्यवाही शुरू की.

जस्टिस शर्मा ने कहा कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कानूनी उपायों का सहारा लेने के बजाय उन्हें बदनाम करने के इरादे से सोशल मीडिया पर एक सुनियोजित अभियान चलाया. उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी आरोपियों को आरोपमुक्त किए जाने के खिलाफ सीबीआई की याचिका पर अब दूसरी पीठ सुनवाई करेगी.

जस्टिस शर्मा ने कहा, ‘‘अरविंद केजरीवाल ने मेरे द्वारा मामले से खुद को अलग करने से इनकार करने के बाद कानूनी उपायों का सहारा लेने के बजाय मेरी प्रतिष्ठा धूमिल करने की कोशिश की. अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की आड़ में अदालत के अधिकार को कम करने के जानबूझकर किए गए प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है.’’

जस्टिस शर्मा ने स्पष्ट किया कि वह स्वयं को इस मामले से अलग नहीं कर रही हैं, बल्कि अवमानना ​​की कार्यवाही शुरू करने के कारण मामले को दूसरी पीठ को स्थानांतरित कर रही हैं. सीबीआई की ओर से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने संस्था की गरिमा बनाए रखने के लिए जस्टिस शर्मा को धन्यवाद दिया.

मुख्यमंत्री ने 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में अंतरित किये 1835 करोड़ रुपये

0

मुख्यमंत्री ने 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में अंतरित किये 1835 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश सरकार के लिये माताओं और बहनों का सम्मान सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना मातृ शक्ति के कल्याण के लिये प्रदेश शासन द्वारा संचालित सबसे बड़ी योजनाओं में से एक है। आज यहाँ पर रक्षाबंधन, भाईदूज और दीवाली सहित सभी त्यौहार एक साथ मनाने का अवसर मिल रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव नरसिंहपुर जिले के ग्राम मुंगवानी में आयोजित मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 36वीं किस्त के राशि अन्तरण और हितलाभ वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेश की 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में 1835 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की। साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 296 करोड़ रुपये लागत के 40 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना महिलाओं को आर्थिक संबल देने के साथ ही उन्हें सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। अब तक योजना में 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि लाड़ली बहनों के खातों में अंतरित की जा चुकी है।

रानी दुर्गावती के पराक्रम के सम्मान में जबलपुर व सिंग्रामपुर में हुईं कैबिनेट बैठकें
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान नरसिंह की यह भूमि रानी दुर्गावती के पराक्रम की साक्षी है। रानी दुर्गावती के सम्मान में प्रदेश सरकार द्वारा जबलपुर और सिंग्रामपुर में कैबिनेट बैठक आयोजित की है। वहीं आदिवासी शहीद भभूत सिंह के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान के सम्मान में भी विशेष कैबिनेट बैठक का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की भागीदारी निरंतर बढ़ रही है। वर्तमान में प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों में से 6 पर महिला सांसद हैं, जबकि 27 महिला विधायक एवं 5 महिला मंत्री कार्यरत हैं।

कम्प्यूटर एवं सुरक्षा के क्षेत्र में महिलाएं आ रहीं हैं आगे
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी योजना के माध्यम से बेटियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि कम्प्यूटर और सुरक्षा के क्षेत्र में भी महिलाएं आगे आ रही है। पुलिस विभाग में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। उन्होंने बताया कि 4 लाख से अधिक महिलाएँ स्वरोजगार से जुड़ी हैं। रेडीमेड कपड़ा उद्योग एवं कारखानों में कार्य करने वाली महिलाओं को 5000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा रही है। साथ ही 34 लाख महिला कृषकों को दुग्ध उत्पादन से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के प्रयास किये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि 25 गाय या भैंस का पालन करने वाले पशुपालकों को सरकार द्वारा 10 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है।

उड़द पर 600 रुपये प्रति क्विंटल बोनस
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नरसिंहपुर जिला गन्ने की खेती के लिए प्रसिद्ध है और यह शक्कर का कटोरा है। इससे यहां के 20 हजार से अधिक परिवारों को रोजगार मिल रहा है। गाडरवारा की तुअर दाल प्रदेश ही नहीं देश में भी अपनी अलग पहचान बनाए हुए है। नरसिंहपुर जिला सोयाबीन और गेहूं के उत्पादन में भी अग्रणी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गेहूं, चना, सरसों, मसूर एवं उड़द की समर्थन मूल्य पर खरीदी सुनिश्चित कर रही है। उड़द पर 600 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस भी दिया जाएगा। मध्यप्रदेश देश का सबसे अधिक गेहूं खरीदी करने वाला राज्य है। किसानों के हित में 23 मई तक खरीदी की जा रही है। आवश्यकता हुई तो आगे भी खरीदी की अवधि बढ़ाई जाएगी।

मध्यप्रदेश में हो रहा तेजी से विकासात्मक बदलाव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से देश बदल रहा है और इसके साथ ही मध्यप्रदेश में भी तेजी से बदलाव हो रहा है। सिकलसेल, कुपोषण से लड़ने में प्रदेश सरकार सफल हो रही है। लाड़ली लक्ष्मी योजना से 53 लाख बेटियों की जिंदगी में बदलाव आ रहा है। प्रदेश की 80 लाख बेटियों को शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति दी जा रही है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना में 55 हजार रुपये की राशि दी जा रही है।

सड़क दुर्घटना में घायलों के उपचार का 1.50 लाख रुपये का खर्च देगी सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री राहत योजना में नरसिंहपुर जिले में बेहतर कार्य हो रहा है। इस योजना में सड़क दुर्घटना में घायलों के उपचार के लिए डेढ़ लाख रुपये तक का सारा खर्च सरकार दे रही है। पहले दुर्घटना के समय घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने के लिए लोग डरते थे, लेकिन अब उन्हें डरने की जरूरत नहीं है, बल्कि मानवीय पहल कर घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्तियों को सरकार द्वारा 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदाय की जा रही है।

जल की एक-एक बूंद बचाने की अपील
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जल गंगा संवर्धन अभियान की चर्चा करते हुए कहा कि जल है, तो जीवन है, जल है तो खेती है और जल है तो समृद्धि है। हमारे धार्मिक अनुष्ठानों में भी जल का विशेष महत्व है। प्रदेश के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण का अभियान चलाया जा रहा है। इसमें आमजन को सहभागी बनना चाहिए। उन्होंने नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव विकासखंड के ग्राम मेख में एक मालगुजार द्वारा 21 एकड़ जमीन तालाब निर्माण के लिए दान किए जाने की सराहना करते हुए कहा कि यह अनुकरणीय उदाहरण है। परिवार को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जायेगा।

जिले की धरोहरों पर केंद्रित कैलेंडर का विमोचन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नरसिंहपुर जिले की ऐतिहासिक धार्मिक एवं पुरातात्विक धरोहरों पर आधारित कलेंडर का विमोचन किया। कैलेंडर में बरमान घाट, मृगनाथ तपोवन आश्रम, दादा दूल्हादेव महाराज, नरसिंह मंदिर, चौगान का किला, बरहेटा की पुरातात्विक धरोहर, गरूण मंदिर, बिनेकी टोला के शैल चित्र, मां राजराजेश्वरी त्रिपुरसुंदरी मंदिर, पीतल नगरी चीचली, गुरू गुफा अमोदा शंकर घाट को शामिल किया गया है।

40 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में 296 करोड़ 34 लाख रुपये की लागत के 40 विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमि-पूजन किया। इसमें 215 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत के 17 कार्यों का भूमि-पूजन एवं 80 करोड़ 68 लाख रुपये लागत के 23 कार्यों का लोकार्पण के कार्य शामिल है।

मुंगवानी में बनेगा कॉलेज, शेढ़ नदी पर बनेगा पुल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विधानसभा क्षेत्र गोटेगांव के ग्राम मुंगवानी में कॉलेज खोलने की घोषणा की। उन्होंने बेलखेड़ी- बरहटा- मुंगवानी मार्ग के शेढ़ नदी पर पुल निर्माण, नरसिंहपुर में इंडोर आउडोर स्टेडियम का उन्नयन के साथ ही हॉकी के लिए एस्ट्रोटर्फ मैदान और ग्राम बुढ़ैना में बांध निर्माण की घोषणा की।

पेट्रोल-डीजल का अनावश्यक उपयोग न करने की अपील
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा की गई अपील अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से ईधन के न्यूनतम उपयोग का आहवान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अब उनके काफिले में गाड़ियों की संख्या 13 से घटाकर कर 8 कर दी गई है। देश के विदेशी मुद्रा भंडार बचाने के लिए एक साल तक सोना न खरीदें। रासायनिक उर्वरकों का उपयोग कम करें, जैविक खाद के उपयोग को बढ़ावा दे और प्राकृतिक खेती को अपनाएं।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता संरक्षण मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि आज का दिन प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिये उत्सव और सम्मान का दिन है। प्रदेश सरकार महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण के लिये लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना और लाड़ली लक्ष्मी योजना जैसी पहल ने प्रदेश की महिलाओं और बेटियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रह्लाद पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान, श्रमिक और मातृशक्ति के कल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना ने प्रदेश की करोड़ों महिलाओं के जीवन में आर्थिक आत्मविश्वास पैदा किया है और महिलाओं को परिवार तथा समाज में नई पहचान मिली है।

सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना जैसी महिलाओं के लिए कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर मध्यप्रदेश ने पूरे देश के सामने एक आदर्श प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण, किसानों के उत्थान और ग्रामीण विकास को केंद्र में रखकर निरंतर कार्य कर रही है।

सांसद चौधरी दर्शन सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसान, युवाओं, महिलाओं और गरीबों के समग्र कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। किसानों को आधुनिक कृषि सुविधाएं, युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर, महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने तथा गरीब परिवारों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

विभिन्न योजनाओं में किया हितलाभ वितरण, प्रतिभाओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई, जिसने आगंतुकों और उपस्थित जनसमूह का विशेष ध्यान आकर्षित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभागों के नवाचारों और प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिले की नवाचारी पहल “अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग” के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को दी जा रही शैक्षणिक सहायता को प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कृषि विभाग द्वारा प्रदर्शित समेकित नरवाई प्रबंधन प्रणाली के मॉडल का अवलोकन कर अधिकारियों से चर्चा की तथा किसानों के हित में इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

प्रदर्शनी में गन्ने के अवशेषों से निर्मित पर्यावरण अनुकूल प्लाईवुड, पारंपरिक पीतल के बर्तन तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार किए गए सजावटी एवं उपयोगी उत्पाद भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इन उत्पादों का अवलोकन कर स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को हितलाभों का वितरण किया। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति-पत्र एवं आर्थिक सहायता प्रदान कर शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक बोर्ड परीक्षाओं की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं टैबलेट प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही वॉलीबॉल एवं क्रिकेट प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रैक सूट भेंट कर प्रोत्साहित किया गया।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्व-सहायता समूह की महिलाओं को सीसीएल राशि सहित विभिन्न हितलाभ वितरित किए गए। राहवीर योजना अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायलों को गोल्डन आवर में अस्पताल पहुंचाने वाले राहगीरों को भी सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कार्यक्रम में 51 लाड़ली बहनों ने कलश यात्रा के माध्यम से अगवानी की। उन्होंने इन बहनों को साड़ी भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित लाड़ली बहनों पर पुष्प-वर्षा कर उनका आत्मीय अभिनंदन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या-पूजन व दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति काकोड़िया, तेंदूखेड़ा विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल, विधायक सिवनी दिनेश राय, पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल, जनप्रतिनिधि, नागरिक और बड़ी संख्या में लाड़ली बहने मौजूद रहीं।

सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई

0

सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन, समर्पण और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने अपने परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास के बल पर सफलता की नई मिसाल प्रस्तुत की है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के विद्यार्थी आने वाले समय में शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, खेल, कला, अनुसंधान और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ तथा देश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।

मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका को भी अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता के पीछे माता-पिता का त्याग, शिक्षकों का मार्गदर्शन और निरंतर प्रेरणा एक मजबूत शक्ति के रूप में कार्य करती है। कठिन परिस्थितियों में भी बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए उनका समर्पण सराहनीय है।

मुख्यमंत्री साय ने सभी विद्यार्थियों से जीवन में निरंतर सीखने, सकारात्मक सोच बनाए रखने और अपने लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता का वास्तविक अर्थ केवल परीक्षा परिणाम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनना भी है।

मुख्यमंत्री साय ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल, सफल और प्रेरणादायी भविष्य की मंगलकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं के बेहतर भविष्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

केंद्र सरकार द्वारा एमएसपी में वृद्धि का निर्णय किसानों के हित में ऐतिहासिक कदम : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

0

केंद्र सरकार द्वारा एमएसपी में वृद्धि का निर्णय किसानों के हित में ऐतिहासिक कदम : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा विपणन वर्ष 2026-27 हेतु 14 खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में वृद्धि के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को लाभकारी बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि धान सहित विभिन्न खरीफ फसलों के एमएसपी में की गई उल्लेखनीय वृद्धि यह स्पष्ट करती है कि केंद्र सरकार किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में धान के एमएसपी में हुई ऐतिहासिक बढ़ोतरी किसानों के सम्मान, आत्मविश्वास और समृद्धि को नई मजबूती प्रदान कर रही है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए देश में सर्वाधिक 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि प्रदेश में रिकॉर्ड धान खरीदी के साथ किसानों का विश्वास सरकार की किसान हितैषी नीतियों पर लगातार बढ़ा है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार किसान कल्याण, कृषि उन्नति और ग्रामीण समृद्धि के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा कृषि क्षेत्र को नई मजबूती देने के लिए केंद्र और राज्य सरकार समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों के हित में लिए गए इस महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी तथा केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया है।