फिल्म ‘पेड्डी’ ने एडवांस बुकिंग में शानदार कमाई की
राम चरण (Ram Charan) और जाह्नवी कपूर (Janhvi Kapoor) की फिल्म पेड्डी (Peddi) इस साल की मच अवेटेड फिल्मों में से एक है और इसमें कोई संदेह नहीं है। इस तेलुगु फिल्म को कई अन्य भाषाओं में रिलीज किया जाएगा।
कितनी रही पेड्डी की एडवांस बुकिंग?
फिल्म 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसकी एडवांस बुकिंग खोल दी गई है। इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, एडवांस बुकिंग के शुरुआती दिनों में राम चरण की फिल्म ने ब्लॉक बुकिंग के बिना 12.66 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। वहीं ब्लॉक बुकिंग के साथ, फिल्म ने 22.11 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। वहीं दुनियाभर में इसका कलेक्शन 35 करोड़ रुपये रहा।
शुरुआती आंकड़े फिल्म लोगों की उत्सुकता को दिखाते हैं जिसका ज्यादातर हिस्सा तेलुगु मार्केट से आया है। साथ ही, गेम चेंजर के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद राम चरण के लिए यह फिल्म एक महत्वपूर्ण रिलीज साबित हो रही है, इसलिए इस पर सबकी नजर है।
सबसे ज्यादा तेलुगु से हुई कमाई
फिल्म उद्योग जगत में इस बात पर भी नजर बनाए हुए है कि क्या पेड्डी अपने मुख्य बाजारों से आगे बढ़कर पैन इंडिया सक्सेस बन पाएगी? Sacnilk के आंकड़ों से पता चला है फिल्म के प्री-रिलीज बिजनेस में तेलुगु वर्जन का दबदबा है। पेड्डी के तेलुगु में 4,757 शो और हिंदी में 2,785 शो दिखाए जा रहे हैं। वहीं तमिल वर्जन के 557 शो हैं, जबकि कन्नड़ वर्जन के 157 शो हैं। फिल्म के मलयालम में भी 150 शो होंगे।
पेड्डी एक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है जिसे बुची बाबू सना ने डायरेक्ट किया है। फिल्म में राम चरण, जाह्नवी कपूर, शिव राजकुमार, जगपति बाबू और दिव्येंदु शर्मा मुख्य भूमिका में हैं। शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में शानदार कारोबार, पेड प्रीमियर शो और विदेशों में बिक्री के दम पर फिल्म पहले दिन ही दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये की कमाई कर सकती है।



