Home Blog Page 5

गोरखपुर ट्रिपल हत्याकांड में बड़ा खुलासा

0

गोरखपुर ट्रिपल हत्याकांड में बड़ा खुलासा
यूपी के गोरखपुर में ट्रिपल मर्डर केस में बड़ा खुलासा हुआ है, पुलिस की जांच में पता चला है कि नाबालिग ने पैसों के लेन देन में अपने भाई, भाभी और भतीजे की सोते वक्त हत्या की. पुलिस ने मृतक की मासूम बेटी की गवाही पर आरोपी को हिरासत में लेकर आलाकत्‍ल बरामद कर लिया है. वहीं, मृतक के पिता ने बताया कि 5 लाख रुपये के लिए छोटे बेटे ने वारदात को अंजाम दिया है.

दरअसल, यह मामला बांसगांव थानाक्षेत्र के बांसगांव कस्‍बे से सामने आया है, यहां पारिवारिक विवाद में रविवार/सोमवार 21-22 जून की देर रात ढाई बजे के करीब 16 वर्षीय छोटे भाई ने अपने बड़े भाई अमित गुप्‍ता (35 वर्ष), भाभी रंजना गुप्‍ता (28 वर्ष) और उनके मासूम बच्चे रेयांश (3 वर्ष) की धारदार हथियार से हत्या कर दी.

पुलिस ने घटना स्थल का किया निरीक्षण
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गए. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की.

मासूम की गवाही ने आरोपी भेजा सलाखों के पीछे
मृतक की बेटी 7 वर्षीय रूबिका ने बताया कि कमरे में वो मम्‍मी-पापा के साथ सो रही थी. इसी के बाद आरोपी चाचा कमरे में आया. उसने पापा, मम्‍मी और भाई को मार डाला. उसने बताया कि उसने चाचा को मना किया कि वो उसकी मम्‍मी और उसके छोटे भाई को नहीं मारे, लेकिन वो नहीं माना और दोनों का गला काट दिया. इसके पहले उसने पापा को मार डाला. इसके बाद उसने अम्‍मा (दादी) को घटना के बारे में जानकारी दी.

ब्राह्मण समाज बीएसपी में ही सुरक्षित – मायावती

0

ब्राह्मण समाज बीएसपी में ही सुरक्षित – मायावती
बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) ने उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर ब्राह्मण मतदाताओं पर ध्यान केंद्रित कर लिया है। जब विपक्ष की समाजवादी पार्टी पीडीए (पिछड़े , दलित और अल्पसंख्यक) मतदाताओं पर केंद्रित चुनाव अभियान चला रही है और सत्ताधारी एनडीए के दल भी पिछड़ी जातियों पर खास तौर पर ध्यान दे रही है, तब बीएसपी अपने उसी चुनावी फॉर्मूले पर लौट आई है जो उसने सन 2007 के चुनाव में अपनाया था और सरकार बनाने में सफल हुई थी।

बीएसपी प्रमुख मायावती ने एक्स पर एक पोस्ट में उच्च जातियों, और खास तौर पर ब्राह्मण समुदाय को अपनी पार्टी से जोड़ने और उन्हें विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाने की मंशा जाहिर की है। उन्होंने कहा है कि बीएसपी के ब्राह्मणों को प्राथमिकता दिए जाने से समाजवादी पार्टी की नींद उड़ गई है।

साल 2007 में बनी थी बीएसपी की सरकार
मायावती ने पोस्ट में लिखा है कि, ‘बहुजन समाज पार्टी ने उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर जब से अपर कास्ट समाज और उसमें से खासकर ब्राह्मण समाज को बीएसपी में जोड़ने को ध्यान में रखकर, पार्टी का उम्मीदवार बनाना शुरू किया है, तब से सभी विरोधी पार्टियों में और खासकर समाजवादी पार्टी में नींद उड़ा देने वाली बेचैनी देखने को मिल रही है। सन 2007 की तरह आगामी चुनाव में ब्राह्मण समाज के योगदान से बीएसपी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने की स्वाभाविक संभावना प्रतीत होती है।’

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 को वैश्विक उत्सव बनाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने विश्व भर के लोगों का आभार व्यक्त किया

0

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 को वैश्विक उत्सव बनाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने विश्व भर के लोगों का आभार व्यक्त किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 को वैश्विक उत्सव बनाने के लिए विश्व भर के लोगों का आभार व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह देखकर खुशी होती है कि योग सभी क्षेत्रों के लोगों को, विभिन्न देशों के लोगों को, स्वस्थ जीवन और कल्याण की साझा खोज में एकजुट कर रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह दिन आने वाले समय में अधिक लोगों को योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करेगा।

ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की दो दिवसीय बैठक की मेजबानी करेगा भारत

0

ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की दो दिवसीय बैठक की मेजबानी करेगा भारत
भारत आज से नई दिल्ली में ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की दो दिवसीय बैठक की मेजबानी करेगा। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में साइबर सुरक्षा, डिजिटल खतरों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े जोखिमों तथा अन्य गैर-पारंपरिक सुरक्षा चुनौतियों पर चर्चा होगी। प्रतिनिधि आतंकवाद-रोधी सहयोग और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के सुरक्षित उपयोग से जुड़े मुद्दों की भी समीक्षा करेंगे।

बैठक में भारत, ब्राजील, चीन, रूस, दक्षिण अफ्रीका सहित ब्रिक्स के 11 सदस्य देशों के सुरक्षा प्रमुख भाग लेंगे। चीन के विदेश मंत्री वांग यी भी इसमें शामिल होंगे। यह चौथी बार है जब भारत ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है। इस वर्ष भारत की अध्यक्षता का विषय है – “लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास का निर्माण”।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कूनो राष्ट्रीय उद्यान का दौरा किया

0

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कूनो राष्ट्रीय उद्यान का दौरा किया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कल मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान का दौरा किया। उन्‍होंने भारत के प्रमुख पहल चीता पुनर्वास परियोजना की प्रगति की समीक्षा भी की। इस परियोजना का उद्देश्‍य देश में विलुप्‍त हो रही वन्‍य जीवों की प्रजाति को फिर से बढ़ावा देना है। अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति ने उद्यान के चीता प्रबंधन क्षेत्र का दौरा किया, जहां अधिकारियों ने परियोजना की स्थिति के बारे में उन्‍हें जानकारी दी।

देश के पहले चीता पुनर्प्रवेश स्थल कूनो को उसकी उपयुक्त आवासीय परिस्थितियों, पर्याप्त शिकार आधार और अपेक्षाकृत कम मानव हस्तक्षेप के कारण प्रोजेक्ट चीता के तहत विकसित किया गया है। राष्ट्रपति मुर्मु के नवंबर 2025 में अफ्रीकी देश बोत्‍सवाना की अपनी राजकीय यात्रा के दौरान आठ चीतों के प्रतीकात्मक हस्तांतरण किया गया था। इन चीतों को इस वर्ष फरवरी में परियोजना के नवीनतम चरण के तहत कूनो लाया गया था।

सितंबर 2022 में पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा इसकी शुरूआत की गई थी। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण द्वारा लागू किए गए प्रोजेक्ट चीता का उद्देश्य भारत में इस प्रजाति की पुन:स्‍थापित करना और जैव विविधता संरक्षण के प्रयासों को मजबूत करना है। चीतों का पहला जत्था सितंबर 2022 में नामीबिया से आया था, जिसके बाद दूसरा दल फरवरी 2023 में दक्षिण अफ्रीका से आया था। बोत्सवाना द्वारा दान किया गया तीसरा दल फरवरी 2026 में कूनो उद्यान में शामिल किया गया था।

राष्ट्रपति ने म.प्र. में सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन में हुई सामुदायिक भागीदारी को सराहा

0

राष्ट्रपति ने म.प्र. में सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन में हुई सामुदायिक भागीदारी को सराहा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि अन्तर्राष्ट्रीय सिकल सेल दिवस पर इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण चुनौती का सामना करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है। मैं इस आयोजन से जुड़े सभी लोगों की सराहना करती हूं। राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन अंतर्गत मध्यप्रदेश ने जो बहुआयामी उपलब्धियां हासिल की हैं, उसके लिए मैं राज्य सरकार की सराहना करती हूं। राष्ट्रपति मुर्मु शुक्रवार को खण्डवा जिले के ओंकारेश्वर में विश्व सिकल सेल दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। राष्ट्रपति मुर्मु ने दीप प्रज्ज्वलित कर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया। राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राष्ट्रपति का स्वागत किया।

राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि यह संतोष की बात है कि वर्ष 2023 में राष्ट्रीय मिशन का शुभारंभ करते समय जो अनेक बड़े लक्ष्य देश के सामने रखे गए थे, उनमें से स्क्रीनिंग का लक्ष्य समय से पहले ही पूरा हो गया। मुझे बताया गया है कि नवजात शिशुओं से लेकर 40 वर्ष की आयु तक के 7 करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य पूरा हो चुका है। यह कोई छोटी उपलब्धि नहीं है। यह पूरे विश्व में आनुवंशिक रोगों की जाँच-परख की सबसे बड़ी पहलों में से एक है। राष्ट्रपति ने कहा कि इस उपलब्धि में मध्यप्रदेश का महत्वपूर्ण योगदान है। प्रदेश में अब तक सवा करोड़ से भी अधिक लोगों की स्क्रीनिंग हो चुकी है। इनमें से अधिकांश लोगों को जेनेटिक काउंसलिंग कार्ड भी दिये जा चुके हैं।

राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि सिकल सेल से जुड़ी चुनौती को भारत सरकार ने बहुत ही गंभीरता से लिया और पिछले कुछ वर्षों में एक समग्र दृष्टि से सरकार ने जो प्रयास किये हैं, वे अत्यंत सराहनीय हैं। लगभग तीन वर्ष पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्यप्रदेश के शहडोल से राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन को लॉन्च किया था। इस पहल के पीछे न केवल सरकार का गंभीर प्रयास का दृढ़ संकल्प था बल्कि इस चुनौती से जुड़े हर आयाम का समुचित response देने की दूरदर्शी सोच भी थी।

राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि मुझे बताया गया है कि केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और केन्द्रीय जनजातीय मंत्रालय के संयुक्त मॉडल के रूप में देश में पहली बार ऐसा मिशन प्रारंभ किया। इसे केवल स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या के रूप में नहीं देखा गया, इसे जनजातीय स्वास्थ्य का मुद्दा, आनुवंशिकता से जुड़ी जागरूकता और प्रिवेंटिव हेल्थ केयर की चुनौती के साथ ही सामाजिक आचरण में बदलाव के मिशन के रूप में देखा गया। इस मिशन की पृष्ठभूमि में अनेक स्तरों पर किये गये वैज्ञानिक और सामाजिक अध्ययन रहे हैं। ICMR, Tribal Health Research Institutes, AIIMS, NHM, WHO और विभिन्न राज्य सरकारों ने इस विषय के विभिन्न आयामों पर अध्ययन किया हैं।

’15 दिन कर लें इंतजार, चढ़ावा चोरी मामले में कोई बचेगा नहीं -सीएम योगी

0

’15 दिन कर लें इंतजार, चढ़ावा चोरी मामले में कोई बचेगा नहीं -सीएम योगी
राम मंदिर के चढ़ावा चोरी प्रकरण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि लोग 15 दिनों का और इंतजार कर लें। इस मामले में अगर कोई अपराधी है, तो वह कोई भी हो बचेगा नहीं। सात जून को चढ़ावे में चोरी की बात उजागर होने और इसकी जांच के लिए 13 जून को विशेष जांच दल (एसआइटी) गठित होने के बाद मुख्यमंत्री रामनगरी पहुंचे थे।

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को आईना दिखाते हुए उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के अस्तित्व को नकारने वाले, रामभक्तों पर लाठी-गोली चलाने वाले इस समय उपदेश दे रहे हैं। अयोध्या को अपमानित करने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं।सीएम ने कहा कि अयोध्या के बारे में समाचार पत्रों से जो जानकारी मिली, उसके बाद ट्रस्ट के अनुरोध पर एसआइटी जांच बैठाई गई है। एसआइटी दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी, इसमें कोई संदेह नहीं है।

रामभक्तों को आहत करने वाली बयानबाजी ना करें -सीएम योगी
एसआइटी की रिपोर्ट आने तक ऐसी कोई बयानबाजी न हो, जो रामभक्तों की भावनाओं को आहत करती हो। यदि किसी के पास डाक्यूमेंट्री प्रूफ हो तो एसआइटी को उपलब्ध करा दें। सीएम ने रामभक्तों से अपील की कि प्रभु राम ने हमें मर्यादित रहने का आचरण दिया है, इसका पालन हो। हमारे पूर्वजों ने प्रभु के स्थान के लिए मर्यादित रहते हुए पांच सौ वर्षों तक संघर्ष किया है, हम पंद्रह दिनों तक धीरज धरें।

सीएम योगी की सुरक्षा में बड़ी चूक, मुख्यमंत्री हैलीपेड के पास लगी भीषण आग

0

सीएम योगी की सुरक्षा में बड़ी चूक, मुख्यमंत्री हैलीपेड के पास लगी भीषण आग
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या दौरे के दौरान राम कथा पार्क स्थित हेलीपैड के समीप आग लगने की घटना से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। शुक्रवार को दोपहर लगभग 2 बजकर 40 मिनट पर अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर चौधरी चरण सिंह घाट के निकट बने हेलीपैड पर सुरक्षित उतर चुका था और वह सरयू अतिथि गृह के लिए रवाना हो चुके थे। इसी दौरान हेलीपैड के आसपास स्थित सूखी झाड़ियों में अचानक आग फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हेलीकॉप्टर लैंडिंग से पूर्व किए जाने वाले धुआं संकेत (स्मोक सिग्नल) के बाद तेज हवा के कारण चिंगारियां आसपास की सूखी घास और झाड़ियों तक पहुंच गईं, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया। आग हेलीपैड से सटे क्षेत्र में लगभग 15 मीटर तक फैल गई। इस दौरान चर्चा है कि एक पाइप के सहारे आग बुझाने का प्रयास किया गया इसके बाद अग्निशमन विभाग ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

जेट्टी क्रूज लाइन के गार्ड अमित तिवारी ने भी अग्निशमन कर्मियों का सहयोग करते हुए पानी की पाइप और मोटर उपलब्ध कराई, जिससे आग पर शीघ्र नियंत्रण पाने में मदद मिली। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों ने संयुक्त प्रयास से कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर थी आग को फैलने से पहले नियंत्रित कर लिया गया। हालांकि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल के समीप आग लगने की घटना को लेकर सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर प्रश्न उठने लगे हैं।

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का जीवन जल, जंगल और जमीन की रक्षा के संघर्ष की अमर गाथा : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

0

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का जीवन जल, जंगल और जमीन की रक्षा के संघर्ष की अमर गाथा : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के विकासखंड बगीचा के ग्राम डोंडराही में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि यह स्थल अब “बिरसा मुंडा चौक” के नाम से जाना जाएगा। मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन अन्याय, शोषण और अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष के साथ-साथ जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने जनजातीय अस्मिता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन आज भी जनजातीय समाज सहित पूरे देश को अपने अधिकारों, संस्कृति और परंपराओं की रक्षा के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लेकर जनजातीय नायकों के योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का कार्य किया है।

मुख्यमंत्री साय ने क्षेत्र के विकास एवं सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न निर्माण कार्यों हेतु कुल 37 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने बैगाटोली कर्मा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपये, कुदमुरा नांदो टोली में रंगमंच निर्माण हेतु 8 लाख रुपये, कुदमुरा पतराटोली (डिबा टोली) में सांस्कृतिक मंच निर्माण के लिए 7 लाख रुपये तथा केशव घर के समीप स्थित हनुमान मंदिर परिसर में मंच निर्माण के लिए 7 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की।

जनजातीय विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पीएम जनमन योजना और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के 6,661 गांव इस योजना में शामिल हैं, जहां सड़क, पेयजल, आवास, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर पहुंचना जनजातीय समाज के सम्मान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने जशपुर को जनजातीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए कहा कि यहां स्थित अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम देशभर में जनजातीय समाज के उत्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रहा है।

मुख्यमंत्री से छत्तीसगढ़ योग आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने की सौजन्य मुलाकात

0

मुख्यमंत्री से छत्तीसगढ़ योग आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने की सौजन्य मुलाकात
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ योग आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय ने संजय अग्रवाल को छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली परंपरा का अभिन्न अंग है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने प्रदेश में योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को योग से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

मुलाकात के दौरान योग के संवर्धन तथा प्रदेश में योग संबंधी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने से संबंधित विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ योग आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष अग्रवाल के नेतृत्व में प्रदेश में योग के प्रचार-प्रसार, जनजागरूकता तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के प्रयासों को नई गति मिलेगी।