Home Blog Page 35

सीएम ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर 70 करोड़ महिलाओं से विश्वासघात का लगाया आरोप

0

सीएम ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर 70 करोड़ महिलाओं से विश्वासघात का लगाया आरोप
भारतीय जनता पार्टी ने महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस और INDI गठबंधन पर जोरदार हमला बोला है। प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले को लेकर कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए महिला विरोधी बताया है।

सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लाया गया ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक हमारी माताओं-बहनों के लिए लोकसभा एवं विधानसभाओं में 33% आरक्षण का मार्ग प्रशस्त करने वाला था। लेकिन, परिवारवादी राजनीति और वोट बैंक को साधने के लिए कांग्रेस ने देश की 70 करोड़ महिलाओं के साथ विश्वासघात किया है।

देश की आधी आबादी को नेतृत्व के अधिकार से वंचित करने के उद्देश्य से महिला आरक्षण की राह में बाधा डालने का जो ‘महापाप’ कांग्रेस और इंडी गठबंधन ने किया है, उसका परिणाम उन्हें अवश्य भुगतना पड़ेगा।

छत्तीसगढ़ सहित देश की समस्त नारीशक्ति आने वाले समय में कांग्रेस को करारा जवाब देगी। महिला विरोधी कांग्रेस और इंडी गठबंधन को देश की जनता अब और बर्दाश्त नहीं करेगी।

फिर पाकिस्तान पहुंचे अमेरिकी विमान, इस्लामाबाद में हलचल तेज

0

फिर पाकिस्तान पहुंचे अमेरिकी विमान, इस्लामाबाद में हलचल तेज
अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता को लेकर दूसरे दौर की बातचीत को लेकर तैयारियां तेज हो गई है. हाल ही में अमेरिका सैन्य विमान पाकिस्तान पहुंचे हैं. यह विमान रावलपिंडी नूरखान एयरबेस पर लैंड किए हैं. इनकी संख्या चार बताई जा रही है. इन विमानों में अमेरिकी प्रतिनिधियों की सुरक्षा से जुड़ी तैयारियां है. इधर, इस्लामाबाद पुलिस ने भी सोशल मीडिया पर रूट चेंज को लेकर एजवाइजरी जारी की है.

इससे पहले दोनों देशों के बीच पहले दौर की बातचीत पाकिस्तान के इस्लामाबाद में हुई थी. उस समय ईरान और अमेरिका ने पाकिस्तान की भूमिका की तारीफ भी की थी. हालांकि, 21 घंटे चली पहली बातचीत बेनतीजा रही थी.

जेडी वेंस गाड़ी और अन्य सुरक्षा उपकरण लेकर पहुंचे यूएस विमान
जानकारी के मुताबिक, नूरखान पर उतरे अमेरिकी सैन्य विमान में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की गाड़ियां समेत अन्य सुरक्षा उपकरण शामिल हैं. इसके अलावा उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले 22 अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के ऑफिसर 4 विमान के साथ रावलपिंडी के नूरखान एयरबेस पर लैंड कर चुके हैं.

इस्लामाबाद पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की
इधर, इस्लामाबाद पुलिस ने नया ट्रैफिक प्लान लागू किया है. यह जानकारी एक्स पर एक पोस्ट में साझा की गई है. इसमें बताया गया कि इस्लामाबाद में विदेशी डेलीगेशन के आने की वजह से रेड जोन और एक्सटेंडेड रेड जोन सभी तरह के ट्रैफिक के लिए पूरी तरह बंद रहेंगे. लोगों को सलाह दी जाती है कि वे अन्य रास्तों का इस्तेमाल करें. ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर काम करें. ताकि ट्रैफिक आसानी से चले. सुरक्षा बनी रहे.

पाकिस्तान ने ईरान को बातचीत के लिए मनाने की कोशिश की
उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री सीनेटर मोहम्मद इशाक डार ने रविवार को दोपहर ईरान के विदेश मंत्री महामहिम अब्बास अराघची से बात भी की. डार ने इस बात पर जोर दिया कि इस क्षेत्र और उससे बाहर शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए, मौजूदा मुद्दों को जल्द से जल्द हल करने हेतु निरंतर बातचीत और जुड़ाव बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है. दोनों नेता आपस में लगातार संपर्क में रहने पर सहमत हुए. साथ ही उन्होंने आज बाद में ईरान के राष्ट्रपति और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के बीच फोन पर बातचीत होने पर भी सहमति जताई.

ईरान को पूरी तरफ से खत्म करने की ट्रंप की धमकी
एक तरफ अमेरिका डेलीगेशन पाकिस्तान पहुंच रहा है, उधर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को फिर से ईरान को पूरी तरह से खत्म करने की धमकी दी है. ट्रंप ने कहा कि ईरान पर अब और नरमी नहीं दिखाई जाएगी. वह आसानी से और जल्द ही झुक जाएंगे. अब समय आ गया है कि ईरान किलिंग मशीन का अंत हो.

अक्षय तृतीया पर खुले गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट

0

अक्षय तृतीया पर खुले गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट
अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 की शुरुआत हो चुकी है। जैसे ही गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुले, वैसे ही देशभर से आए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

हिमालय की गोद में बसे ये पवित्र धाम सिर्फ तीर्थ स्थल नहीं हैं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र हैं। हर साल लाखों श्रद्धालु इस यात्रा का इंतजार करते हैं और जैसे ही कपाट खुलते हैं, भक्ति का एक अलग ही माहौल बन जाता है।

कब खुलेंगे बाकी धामों के कपाट
चारधाम यात्रा 2026 की शुरुआत तो गंगोत्री और यमुनोत्री से हो गई है, लेकिन अभी दो और बड़े धामों के कपाट खुलना बाकी हैं। 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। इसके अगले दिन यानी 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के द्वार भी खुल जाएंगे। इन दोनों धामों के खुलने के बाद चारधाम यात्रा पूरी तरह से शुरू हो जाएगी और श्रद्धालु एक साथ चारों धामों के दर्शन कर सकेंगे।

चारधाम यात्रा का धार्मिक महत्व
चारधाम यात्रा को हिंदू धर्म की सबसे पवित्र यात्राओं में से एक माना जाता है। इस यात्रा को करने से व्यक्ति के सभी पाप समाप्त हो जाते हैं और उसे मोक्ष की प्राप्ति होती है। यही कारण है कि लोग हर साल कठिन रास्तों के बावजूद इस यात्रा को पूरा करने का संकल्प लेते हैं। यह यात्रा सिर्फ धार्मिक नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक शांति भी देती है। हिमालय की ठंडी हवाएं, पवित्र नदियां और मंदिरों की घंटियां एक अलग ही ऊर्जा का अनुभव कराती हैं।

गंगोत्री धाम का महत्व
गंगोत्री धाम को मां गंगा का उद्गम स्थल माना जाता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार, राजा भगीरथ की तपस्या से प्रसन्न होकर मां गंगा स्वर्ग से पृथ्वी पर अवतरित हुई थीं। यहां दर्शन करने से व्यक्ति के जीवन में पवित्रता आती है और उसके पाप धुल जाते हैं। गंगोत्री धाम का शांत वातावरण और बहती गंगा हर श्रद्धालु को भावुक कर देती है।

यमुनोत्री धाम का महत्व
यमुनोत्री धाम मां यमुना का उद्गम स्थल है और इसका भी विशेष धार्मिक महत्व है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, यहां पूजा करने से अकाल मृत्यु का डर खत्म हो जाता है और व्यक्ति को लंबी आयु का आशीर्वाद मिलता है। यमुनोत्री की यात्रा सिर्फ धार्मिक नहीं, बल्कि प्राकृतिक सुंदरता का भी अद्भुत अनुभव देती है। यहां के पहाड़ और झरने मन को शांति देते हैं।

रिंकू और रॉय ने जिताई हारी हुई बाजी, खुल गया कोलकाता की जीत का खाता

0

रिंकू और रॉय ने जिताई हारी हुई बाजी, खुल गया कोलकाता की जीत का खाता
कोलकाता नाइट राइडर्स ने आखिरकार IPL 2026 की पहली जीत दर्ज कर ली है. उसने ईडन गार्डन्स पर राजस्थान रॉयल्स को 4 विकेट से हरा दिया है. रिंकू सिंह और अनुकूल रॉय की नाबाद 76 रनों की साझेदारी ने KKR की जीत का खाता खोला. राजस्थान रॉयल्स के लिए यह जीती हुई बाजी हारने के बराबर रहा, क्योंकि RR के गेंदबाजों ने 100 के स्कोर से पहले ही केकेआर के 6 विकेट गिरा दिए थे. उसके बाद रिंकू और अनुकूल ने जो खेल दिखाया उसके आगे राजस्थान के गेंदबाज पानी भरते नजर आए.

ईडन गार्डन्स पर खेले गए इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 155 रन बनाए थे. जवाब में कोलकाता ने 85 के स्कोर पर 6 विकेट गंवा दिए थे. मगर रिंकू सिंह और अनुकूल रॉय के दमदार और सूझबूझ भरे खेल ने कोलकाता को अंतिम ओवर में रोमांचक जीत दिलाई.

हारी हुई बाजी जीती KKR, खुल गया जीत का खाता
156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने आई कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत बहुत खराब रही. 5 रन के स्कोर तक दो विकेट गिर चुके थे. कैमरून ग्रीन स्टंप आउट हो गए, जिन्होंने 27 रन बनाए और कप्तान अजिंक्य रहाणे तो खाता तक नहीं खोल पाए. देखते ही देखते कोलकाता ने 85 के स्कोर तक आते-आते 6 विकेट खो दिए थे. उस समय केकेआर के जीतने का प्रतिशत केवल 16 था.

जीत के चांस जब 16 प्रतिशत थे तब रिंकू सिंह और अनुकूल रॉय ने जिम्मेदारी ली. दोनों ने सूझबूझ भरे अंदाज में पारी को आगे बढ़ाया. एक छोर पर अनुकूल डटे रहे, दूसरी ओर रिंकू सिंह बड़े शॉट लगाने का काम करते रहे. रिंकू ने 34 गेंद में 53 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली, वहीं अनुकूल 29 रन बनाकर नाबाद लौटे.

2 ओवर में बनाने थे 21 रन
18वें ओवर तक मैच फंसा हुआ नजर आ रहा था. कोलकाता को अंतिम 2 ओवर में जीत के लिए 21 रन बनाने थे, लेकिन रिंकू सिंह ने ठान लिया था कि वो KKR को सीजन की सबसे पहली जीत दिला कर रहेंगे. 19वें ओवर में अनुकूल ने जोफ्रा आर्चर को जबरदस्त छक्का जड़ दिया. इस ओवर में 12 रन आए , जिसके बाद अंतिम ओवर में कोलकाता को 9 रन बनाने थे. इससे पहले 18वें ओवर में कसी हुई गेंदबाजी करने वाले बृजेश शर्मा अंतिम ओवर में 9 रन डिफेंड नहीं कर पाए.

‘धुंरधर 2’ ने ‘पुष्पा 2’ को पछाड़ा

0

‘धुंरधर 2’ ने ‘पुष्पा 2’ को पछाड़ा
रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास ही रच दिया है. फिल्म की रिलीज को 32 दिन का वक्त हो चुका है और इसकी कमाई अभी भी जारी है. आदित्य धर की इस फिल्म ने रिकॉर्ड तोड़ कमाई के बाद अब एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया है. इसने अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म ‘पुष्पा 2’ को पछाड़ दिया है. इसी के साथ ही अब ये इंडिया की तीसरी हाईएस्ट ग्रॉसिंग फिल्म बन चुकी है, जिसका दुनियाभर में डंका बजा है.

सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, ‘धुरंधर 2’ का दुनियाभर में डंका अभी भी बज रहा है. फिल्म 1742 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस 32 दिनों में ही कर चुकी है. इसने अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा 2’ को पीछे छोड़ दिया, जिसका लाइफ टाइम कलेक्शन 1742 करोड़ है. सैकनिल्क के अनुसार, ‘धुरंधर 2’ का 31 दिनों में वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1,749.01 करोड़ हो गया था. फिल्म ने ओवरसीज में 419.70 करोड़ और इंडिया नेट कलेक्शन 1,110.47 करोड़ रहा. जबकि अभी 32वें दिन की कमाई भी जारी है.

‘बाहुबली 2’ और ‘दंगल’ को टक्कर दे पाएगी ‘धुरंधर 2’?
इसके साथ ही ‘धुरंधर 2’ के ‘पुष्पा 2’ की कमाई को पीछे छोड़ते ही अब ये इंडियन सिनेमा की तीसरी हाईएस्ट ग्रॉसिंग इंडियन फिल्म बन चुकी है. इसके बाद अब लोगों की नजर ‘बाहुबली 2’ और ‘दंगल’ पर टिक गई है. सैकनिल्क के अनुसार, राजामौली की फिल्म ने 1788 करोड़ का बिजनेस किया था और आमिर की स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म का टोटल कलेक्शन 2070 करोड़ रहा.

‘धुरंधर 2’ के नाम दर्ज ये 6 रिकॉर्ड्स
गौरतलब है कि सैकनिल्क के अनुसार, आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर 2’ के नाम 6 बड़े रिकॉर्ड्स दर्ज हैं. इसमें इंडिया में 1000 करोड़ का कलेक्शन करने समेत कई रिकॉर्ड शामिल है.

– इंडिया में सिंगल भाषा में 1000 करोड़ नेट कलेक्शन करने वाली पहली फिल्म
– बिना चाइना रिलीज के हाईएस्ट ग्रॉसिंग इंडियन फिल्म ऑल टाइम
– भारत का सबसे बड़ा ग्लोबल फिल्म ब्रांड बन चुकी है धुरंधर
– एकमात्र इंडियन फिल्म सीरीज, जिसके दो टाइटल 1000 करोड़ क्लब में शामिल हैं.
– बिना चाइना रिलीज के ओवरसीज की हाईएस्ट ग्रॉसिंग इंडियन फिल्म
– पहली इंडियन सीरीज धुरंधर और धुरंधर 2, जिसने 3000 करोड़ के क्लब में मारी एंट्री

ट्रंप ने ईरान को दी धमकी, इस्लामाबाद में आखिरी दांव

0

ट्रंप ने ईरान को दी धमकी, इस्लामाबाद में आखिरी दांव
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और कूटनीतिक गतिरोध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर अपने चिर-परिचित अंदाज में ईरान को सख्त चेतावनी दी है. रविवार को एक ही बयान में ट्रंप के दो अलग-अलग तेवर देखने को मिले. एक तरफ उन्होंने ईरान के बुनियादी ढांचे को पूरी तरह नष्ट करने की धमकी दी, तो दूसरी तरफ पाकिस्तान में होने वाली दूसरे दौर की बातचीत के लिए ‘उचित और तर्कसंगत’ समझौते का प्रस्ताव भी रखा.

सीजफायर के उल्लंघन पर भड़के ट्रंप
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर अपनी बात रखते हुए ट्रंप ने ईरान पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने लिखा, “ईरान ने कल स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) में गोलियां चलाने का फैसला किया, यह हमारे संघर्षविराम समझौते का पूर्ण उल्लंघन है! उनमें से कई गोलियां एक फ्रांसीसी जहाज और ब्रिटेन के एक मालवाहक जहाज पर दागी गईं. यह अच्छा नहीं था, है ना?”

इस्लामाबाद में होगी अहम वार्ता
धमकियों के बीच ट्रंप ने कूटनीति का रास्ता खुला रखने का संकेत भी दिया. उन्होंने बताया कि उनके प्रतिनिधि सोमवार (20 अप्रैल) शाम बातचीत के लिए पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पहुंच रहे हैं. ट्रंप ने लिखा कि वे वहां एक समझौते के लिए बातचीत करेंगे, जिसे उन्होंने “बहुत ही उचित और तर्कसंगत डील” करार दिया.

ब्लॉकेड और आर्थिक नुकसान का जिक्र
ट्रंप ने ईरान द्वारा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद करने की घोषणा पर तंज कसते हुए कहा कि अमेरिका की नाकेबंदी (Blockade) ने इसे पहले ही बंद कर दिया है. ट्रंप के अनुसार, ईरान कह रहा है कि वे रास्ता बंद कर रहे हैं, जो अजीब है क्योंकि हमारे ‘ब्लॉकेड’ ने इसे पहले ही बंद कर रखा है. वे अनजाने में हमारी मदद ही कर रहे हैं. इस रास्ते के बंद होने से ईरान को रोजाना $50 करोड़ का नुकसान हो रहा है, जबकि अमेरिका को कोई नुकसान नहीं है. बल्कि कई जहाज अब तेल भरने के लिए अमेरिका के टेक्सस, लुइसियाना और अलास्का जा रहे हैं.

‘नो मोर मिस्टर नाइस गाय’
ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ईरान इस समझौते को स्वीकार नहीं करता है, तो अंजाम बहुत बुरा होगा. उन्होंने लिखा, “मुझे उम्मीद है कि वे इसे स्वीकार कर लेंगे, क्योंकि अगर उन्होंने ऐसा नहीं किया, तो संयुक्त राज्य अमेरिका ईरान के हर एक पावर प्लांट और हर एक पुल को उड़ा देगा. अब कोई शराफत नहीं !” ट्रंप ने आगे बेहद आक्रामक लहजे में कहा कि पिछले 47 वर्षों में अन्य राष्ट्रपतियों ने जो नहीं किया, वह उसे पूरा करना अपना सम्मान समझेंगे. उन्होंने साफ कहा, “ईरान की किलिंग मशीन को खत्म करने का समय आ गया है!”

तनाव और अस्थिर संघर्षविराम
अमेरिका-ईरान के बीच यह सीधा संघर्ष 28 फरवरी को तेहरान पर अमेरिकी और इजरायली हवाई हमलों के साथ शुरू हुआ था. पिछले से पिछले हफ्ते एक अस्थिर सीजफायर हुआ था, जिससे पहले ट्रंप ने पूरी ईरानी सभ्यता को खत्म करने की धमकी दी थी. पाकिस्तान की मध्यस्थता में हुए दो सप्ताह के संघर्षविराम के तहत ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जहाजों को गुजरने देने पर सहमत हुआ था. हालांकि, पिछले सप्ताहांत इस्लामाबाद में हुई पहले दौर की बातचीत बेनतीजा रही. वर्तमान में स्थिति यह है कि अमेरिका ने अपनी नाकेबंदी जारी रखी है, जबकि ईरान ने अमेरिका पर “विश्वासघात” का आरोप लगाते हुए शनिवार को फिर से प्रतिबंध लागू कर दिए हैं. अब सबकी नजरें सोमवार को इस्लामाबाद में होने वाली दूसरे दौर की बातचीत पर टिकी हैं.

‘एमपी ई-सेवा’ से डिजिटल गवर्नेंस को मिला सशक्त आधार: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

0

‘एमपी ई-सेवा’ से डिजिटल गवर्नेंस को मिला सशक्त आधार: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि ‘एमपी ई-सेवा पोर्टल और मोबाइल ऐप’ के माध्यम से प्रदेश में डिजिटल गवर्नेंस को सशक्त आधार मिला है। इससे नागरिक सेवाएँ अब अधिक सरल, सुगम और सुलभ हुई हैं। डिजिटल तकनीक आज सुशासन की आधारशिला बन चुकी है और प्रदेश इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ते हुए देश में नई पहचान स्थापित कर रहा है। अब प्रदेशवासियों को विभिन्न विभागों की सेवाओं के लिए अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर जाने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि एक ही मंच पर सभी सुविधाएँ सहज, त्वरित और पारदर्शी रूप में उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस पहल से सेवा वितरण प्रणाली अधिक जवाबदेह और सुव्यवस्थित बनी है। साथ ही नागरिकों के समय एवं संसाधनों की बचत सुनिश्चित हुई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह एकीकृत नागरिक सेवा मंच 56 विभागों की 1700 से अधिक सरकारी सेवाओं और योजनाओं को एक ही डिजिटल विंडो पर उपलब्ध करा रहा है। वर्ष 2026 तक 100 प्रतिशत ई-सेवा डिलीवरी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जो प्रदेश को डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत मध्यप्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एमपीएसईडीसी) के सेंटर फॉर एक्सीलेंस द्वारा विकसित यह प्लेटफॉर्म नागरिकों, विभागों एवं सेवाओं को एकीकृत डिजिटल इको-सिस्टम में जोड़ते हुए सुशासन को और अधिक प्रभावी तथा परिणामोन्मुख बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

एकीकृत पोर्टल पर सभी सेवाएँ: प्रक्रिया हुई सरल
एमपी ई-सेवा पोर्टल पर विभिन्न विभागों की 1700 सेवाओं को एकीकृत कर नागरिकों को बार-बार अलग-अलग पोर्टल पर जाने और दस्तावेज़ जमा करने की आवश्यकता समाप्त की गई है। नागरिक अब eseva.mp.gov.in और मोबाइल ऐप के माध्यम से पात्रता जांच, आवेदन, स्टेटस ट्रैकिंग और अनुमोदन जैसी सभी सुविधाएँ एक ही स्थान पर प्राप्त कर सकते हैं। पोर्टल पर आधार आधारित प्रमाणीकरण, ई-साइन और डिजिटल प्रमाणपत्र की व्यवस्था से पूरी प्रक्रिया पेपरलेस और फेसलेस बनाई गई है, जिससे पारदर्शिता और दक्षता दोनों में वृद्धि हुई है।

समग्र पोर्टल से एकीकरण: ऑटो-वेरिफिकेशन की सुविधा
‘एमपी ई-सेवा’ को समग्र सामाजिक सुरक्षा मिशन के समग्र पोर्टल से जोड़ा गया है। प्रत्येक परिवार को 8 अंकीय परिवार आईडी और हर सदस्य को 9 अंकीय सदस्य आईडी दी गई है। इससे ऑटो-वेरिफिकेशन की प्रक्रिया को सक्षम बनाया गया है। इससे पात्रता निर्धारण स्वतः हो जाता है और अनावश्यक देरी व दोहराव समाप्त होता है। पोर्टल की प्रमुख विशेषता ‘ऑटो-फेचिंग डॉक्युमेंट्स’ है, जिससे नागरिकों को बार-बार दस्तावेज़ अपलोड करने की आवश्यकता नहीं रहती।एक बार अपलोड किए गए दस्तावेज आगे की सेवाओं में स्वतः उपलब्ध हो जाते हैं।

सुगम, सुरक्षित एवं नागरिक केंद्रित ‘ऐप-डिज़ाइन’
एमपी ई-सेवा पोर्टल को मोबाइल-फर्स्ट दृष्टिकोण के साथ विकसित किया गया है। इसमें बहुभाषीय सुविधा के साथ दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विशेष डिज़ाइन किया गया है, जिससे शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के नागरिक आसानी से इसका उपयोग कर सकें। प्लेटफ़ॉर्म पर अब तक 2 लाख 14 हजार से अधिक ट्रांसेक्शन दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें 3 हजार 446 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि 1 लाख 64 हजार 600 से अधिक ट्रैक/डाउनलोड गतिविधियाँ और 45 हजार 954 समग्र पात्रता जांचें की गई हैं।
डिजिटल गवर्नेंस में प्रदेश की सशक्त उपस्थिति राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सेवा वितरण आकलन (एनईएसडीए) 2025 रिपोर्ट में मध्यप्रदेश ने 1752 ई-सेवाओं को मैप कर सभी 56 अनिवार्य विभागीय सेवाओं को 100 प्रतिशत एकीकृत करते हुए देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया। प्रदेश को ‘सायबर तहसील’ के लिए प्रधानमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार तथा ‘संपदा 2.0’ के लिए राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस स्वर्ण पुरस्कार भी प्राप्त हुए हैं, जो डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में राज्य की उपलब्धियों को दर्शाते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को ओरछा-चंदेरी के लिये “पीएम हेली पर्यटन सेवा” का करेंगे शुभारंभ

0

मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को ओरछा-चंदेरी के लिये “पीएम हेली पर्यटन सेवा” का करेंगे शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश में पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को सुगम, सुरक्षित और आनंददायक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए रविवार, 19 अप्रैल को सुबह 10:45 बजे, राजधानी के स्टेट हैंगर से “पीएम हेली पर्यटन सेवा” के अंतर्गत नए सेक्टर (भोपाल-चंदेरी-ओरछा) का विधिवत शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर हेलीकॉप्टर को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और यात्रियों को बोर्डिंग पास भी प्रदान करेंगे।

धार्मिक और ऐतिहासिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
यह नया सेक्टर भोपाल को भगवान राम की राजनगरी ओरछा और ऐतिहासिक विरासत के लिए प्रसिद्ध चंदेरी से जोड़ेगी। इससे श्रद्धालु रामराजा मंदिर में सुगमता से दर्शन के लिये पहुँच सकेंगे और चंदेरी की सांस्कृतिक विरासत व प्रसिद्ध हस्तशिल्प (चंदेरी साड़ी) का अनुभव ले सकेंगे।

एंड टू एंड सेवा का सप्ताह में 5 दिन होगा संचालन
सेक्टर-2 अंतर्गत यह सेवा सप्ताह में 5 दिन (बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार) संचालित होगी। यात्रियों के लिए भोपाल से चंदेरी का किराया ₹5,500 और भोपाल से ओरछा का किराया ₹6,500 निर्धारित किया गया है। इसके अलावा, ₹14,500 के विशेष पैकेज में टैक्सी, वीआईपी दर्शन और प्रसाद जैसी ‘एंड-टू-एंड’ सुविधाएं भी शामिल हैं। चंदेरी और ओरछा में पर्यटकों के लिए ₹3,500 में ‘जॉय राइड’ की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि
पीपीपी मॉडल पर संचालित इस सेवा में पर्यटकों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। यात्रा के लिए 6 सीटों वाले आधुनिक हेलीकॉप्टर का उपयोग किया जा रहा है। गंतव्य पर होटल, भोजन और स्थानीय भ्रमण के लिए गाइड की व्यवस्था भी पूर्व निर्धारित रहेगी। बुकिंग के लिए पर्यटक www.flyola.in और IRCTC पोर्टल पर बुकिंग कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा मध्यप्रदेश स्थापना दिवस 1 नवंबर 2025 के अवसर पर पीएम हेली पर्यटन सेवा का शुभारंभ किया गया था। यह सेवा वर्तमान में आध्यात्मिक सेक्टर इंदौर, उज्जैन और ओंकारेश्वर के साथ वाइल्डलाइफ सेक्टर जबलपुर, कान्हा, बांधवगढ़, चित्रकूट और मैहर के बीच सफलतापूर्वक संचालित है। इस सेवा का अब तक 2 हजार 648 पर्यटकों और श्रद्धालुओं ने लाभ लिया है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी नागरिकों से किया राष्ट्रीय जनगणना कार्य को सफल बनाने का आह्वान

0

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी नागरिकों से किया राष्ट्रीय जनगणना कार्य को सफल बनाने का आह्वान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि देश की जनसंख्या के आंकड़े ही केंद्र सरकार द्वारा नीति निर्माण एवं मानव संसाधन के नियोजन का पहला आधार होते हैं। देश की आबादी की गणना के लिए राष्ट्रीय जनगणना-2027 का कार्य आगामी एक मई से आरंभ होने जा रहा है। यह एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इसमें सभी का सक्रिय सहयोग बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनता के नाम एक अपील संदेश भी जारी कर आहवान किया है कि प्रदेश के सभी नागरिक अपनी सहभागिता से इस पुनीत राष्ट्रीय कार्य को सम्पन्न कराने में सहयोग दें। संदेश में उन्होंने कहा है कि प्रदेश में एक मई 2026 से प्रारंभ हो रहे जनगणना-2027 के पहले चरण, ‘मकान सूचीकरण एवं गणना’ कार्य एक राष्ट्रीय दायित्व है। राज्य का प्रत्येक नागरिक पूर्ण निष्ठा और सक्रिय सहयोग के साथ इस कार्य को सफल बनाये।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि जनसामान्य की सुविधा के लिए “स्व-गणना” का विकल्प भी ऑनलाईन उपलब्ध कराया गया है। इसमें कोई भी नागरिक 16 से 30 अप्रैल 2026 के बीच http://se.census.gov.in पोर्टल पर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी प्रदेशवासियों की सहभागिता प्रदेश और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। उन्होंने राज्य के प्रत्येक नागरिक से स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की सही और पूर्ण जानकारी प्रदान करने की अपेक्षा भी की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा ‍कि मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ के इस अभियान में सभी शासकीय अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक अपने-अपने स्तर पर पूरी निष्ठा, समर्पण, उत्तरदायित्व एवं सहयोग की भावना से इस देशव्यापी राष्ट्रीय अभियान में सहभागिता सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम प्रसारित संबोधन का श्रवण किया

0

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम प्रसारित संबोधन का श्रवण किया
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नारी शक्ति वंदन अधिनियम के सम्बन्ध में राष्ट्र के नाम प्रसारित संबोधन का श्रवण किया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, महापौर मीनल चौबे और महिला बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा सहित अन्य महिला जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।