उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ कार्यक्रम को लेकर विवाद अब राजनीतिक और कानूनी मोड़ ले चुका है। इस मामले में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी ने घटना को जातिगत रंग देते हुए अनुसूचित जाति समुदाय की भावनाओं को आहत किया। मामले में BNS की संबंधित धाराओं के साथ SC/ST एक्ट के प्रावधान भी लगाए गए हैं।
विवाद की शुरुआत हल्द्वानी के रामलीला मैदान में 8 अगस्त को हुई कांग्रेस की सभा के बाद हुई। कांग्रेस का आरोप है कि मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद मैदान में ‘शुद्धिकरण’ अनुष्ठान किया गया, जिसे पार्टी ने दलित नेता के अपमान से जोड़ते हुए कार्रवाई की मांग की थी। राहुल गांधी ने भी इस मामले में आरोपियों के खिलाफ SC/ST एक्ट के तहत FIR दर्ज करने की मांग की थी।
अब राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद कांग्रेस ने इसे राजनीतिक कार्रवाई बताया है। कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया है, जबकि बीजेपी की ओर से राहुल गांधी के बयान को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। इस मुद्दे पर दोनों दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।
मामले की जांच उत्तराखंड पुलिस कर रही है। FIR के बाद यह विवाद उत्तराखंड से बाहर भी राजनीतिक बहस का मुद्दा बनता नजर आ रहा है।



